Last Updated:
UP Cabinet Expansion: एक साधारण परिवार से आने वाली कृष्णा पासवान का राजनीतिक सफर इतना आसान नहीं रहा है. एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में काम करने वाले कृष्णा पासवान ने विधायक बनने तक का सफर काफी चुनौती भरा रहा है. अब वे रविवार को होने वाले यूपी कैबिनेट विस्तार में मंत्री बन सकती हैं. वे फ़तेहपुर की खागा सीट से तीन बार की विधायक हैं.
खागा से बीजेपी विधायक कृष्णा पासवान बन सकती हैं मंत्री
लखनऊ. फतेहपुर जिले की खागा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक कृष्णा पासवान को योगी आदित्यनाथ सरकार में रविवार को होने वाले कैबिनेट विस्तार में राज्य मंत्री पद मिल सकता है. वे दलित समुदाय से आती हैं और पार्टी खासतौर पर इस विस्तार में जातीय संतुलन बनाने पर जोर दे रही है. इसके अलावा नारी शक्ति वंदन बिल संबधित संविधान संशोधन प्रस्ताव लोकसभा में गिरने के बाद योगी सरकार महिला विधायक को मौका देकर बनाकर विपक्ष को घेरने की रणनीति भी बना रही है.
कृष्णा पासवान का जन्म 1 अगस्त 1963 को फतेहपुर जिले के पिलखिनी गांव में हुआ. वे 10वीं पास हैं और मुख्य रूप से कृषि कार्य से जुड़ी हैं. राजनीति में प्रवेश से पहले उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में काम किया और संघर्षपूर्ण जीवन से आगे बढ़कर जनप्रतिनिधि बनीं. वे खागा विधानसभा क्षेत्र से लगातार मजबूत पकड़ रखती हैं. उन्होंने 2002, 2012 और 2022 में इस सीट से चुनाव जीता. 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को करीब 5500 वोटों के अंतर से हराया. वे वर्तमान में उत्तर प्रदेश विधानसभा की महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति भी हैं.
इस वजह से आई थीं चर्चा में
वे भाजपा की वरिष्ठ कार्यकर्ता मानी जाती हैं और क्षेत्र में विकास कार्यों, खासकर महिलाओं एवं दलित समुदाय के मुद्दों पर सक्रिय रहती हैं. हाल ही में उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख दिखाते हुए खागा क्षेत्र में एक घटिया गुणवत्ता वाली सड़क को खुद फावड़े से खोदकर पोल खोली थी, जिसकी काफी चर्चा हुई.
मंत्री पद की संभावना
2027 विधानसभा चुनावों को देखते हुए योगी सरकार कैबिनेट विस्तार के जरिए विभिन्न जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साध रही है. कृष्णा पासवान का नाम राज्य मंत्री पद के लिए सबसे चर्चित चेहरों में शामिल है. उनका अनुभव और क्षेत्र में लोकप्रियता उन्हें इस पद के लिए मजबूत दावेदार बनाती है. कृष्णा पासवान की नियुक्ति से भाजपा को फतेहपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में दलित वोट बैंक को और मजबूत करने में मदद मिलेगी. वे अपने क्षेत्र के विकास, भ्रष्टाचार मुक्त कार्य व्यवस्था और महिला सशक्तिकरण पर हमेशा जोर देती रही हैं.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें


