नई दिल्ली. 2008 में जब आईपीएल की शुरुआत हुई और ये टूर्नामेंट जब क्रिकेट का बड़ा बाजार बनने लगा तो वहां कभी सिर्फ चौकों-छक्कों की गूंज सुनाई देती थी, पर आज वहां फुसफुसाहटें भी उतनी ही तेज हैं. मैदान पर मुकाबला अब भी उतना ही रोमांचक है, लेकिन मैदान के बाहर एक अलग ही खेल चल रहा है एक ऐसा खेल जो कैमरों से दूर, लेकिन चर्चा के केंद्र में है.
वेपिंग के विवाद, VIP पास की आड़ में बढ़ती पहुंच, और हनी ट्रैप जैसे खतरों ने इस चमचमाती लीग की परछाईं को थोड़ा धुंधला कर दिया है. सवाल यह है कि क्या इंडियन प्रीमियर लीग अब सिर्फ क्रिकेट तक सीमित रह गया है, या इसके आसपास एक “डर्टी गेम” भी आकार ले चुका है?
वेपिंग के धुएं में छुपा बड़ा खतरा
सबसे पहले बात वेपिंग की हाल के घटनाक्रमों ने यह दिखाया है कि खिलाड़ियों का व्यवहार अब सिर्फ उनके खेल तक सीमित नहीं रह गया है. ड्रेसिंग रूम जैसी निजी जगहों में भी अगर ऐसे दृश्य सामने आते हैं, तो यह सिर्फ व्यक्तिगत अनुशासन का मामला नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की ढिलाई को दर्शाता है. युवा खिलाड़ियों के लिए यह एक गलत उदाहरण भी बन सकता है, जो उन्हें खेल के मूल मूल्यों से भटका सकता है. दो घटनाएं लगातार और दोनों वायरल. दोनों उस लीग के लिए असहज सवाल लेकर आईं जो खुद को प्रोफ़ेशनल T20 क्रिकेट का शिखर बताती है लेकिन वेपिंग विवाद सिर्फ़ एक चिंगारी था बारूद तो पूरे सीज़न में धीरे-धीरे जमा हो चुका था.
VIP पास का मुद्दा
वीआईपी पास जो असल में इस पूरे “डर्टी गेम” की जड़ बनता जा रहा है. VIP एक्सेस का मतलब होता है सीमित और नियंत्रित प्रवेश, लेकिन IPL 2026 में यह सीमा बार-बार टूटती नजर आ रही है. होटल लॉबी से लेकर टीम के नजदीकी इलाकों तक, ऐसे कई चेहरे नजर आने लगे हैं जिनका क्रिकेट से कोई सीधा संबंध नहीं है. यह न सिर्फ सुरक्षा के लिहाज से खतरा है, बल्कि खिलाड़ियों की निजी जिंदगी में भी अनावश्यक दखल है.
और फिर सबसे गंभीर पहलू—हनी ट्रैप भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने हाल ही में जो एडवाइजरी जारी की है, वह इसी खतरे की ओर इशारा करती है यह कोई नई समस्या नहीं है, लेकिन IPL जैसे हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट में इसका जोखिम कहीं ज्यादा बढ़ जाता है युवा खिलाड़ी, ग्लैमर, पैसा और लगातार यात्रा सभी चीजें मिलकर एक ऐसा माहौल बनाती हैं जहां एक छोटी सी चूक भी बड़ा संकट बन सकती है. यह समझना जरूरी है कि IPL सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि एक ब्रांड है एक ऐसा ब्रांड जिसकी विश्वसनीयता उसकी सबसे बड़ी ताकत है. अगर मैदान के बाहर ऐसे विवाद बढ़ते हैं, तो इसका सीधा असर इस ब्रांड की छवि पर पड़ता है. फैंस मैदान पर क्रिकेट देखने आते हैं, न कि इन विवादों का हिस्सा बनने के लिए.
बोर्ड को दिखा दाल में काला
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने सभी दस फ्रेंचाइज़ी को एक विस्तृत एडवाइज़री भेजी, जिसमें बार-बार हो रहे प्रोटोकॉल उल्लंघनों पर गंभीर चिंता जताई गई. बोर्ड ने चेतावनी दी कि ये घटनाएं टूर्नामेंट की विश्वसनीयता को नुक़सान पहुंचा सकती हैं और सुरक्षा व क़ानूनी जोखिम पैदा कर सकती हैं. एडवाइज़री में दर्ज शिकायतें किसी एक घटना की नहीं, बल्कि एक बिगड़ती संस्कृति की तस्वीर थीं. खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ़ के होटल रूम में अनधिकृत लोगों की मौजूदगी, टीम बसों में बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही, और लाइव मैचों के दौरान फ्रेंचाइज़ी मालिकों का खिलाड़ियों से लगातार संपर्क. उस दस्तावेज़ को करोड़ों कमाने वाले प्रोफ़ेशनल खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ़ को यह भी याद दिलाना पड़ा कि स्टेडियम, होटल और प्रैक्टिस सुविधाओं में एक्रेडिटेशन कार्ड हर समय दिखाई देने चाहिए और सुरक्षा कर्मियों द्वारा मांगे जाने पर तुरंत पेश करें.
IPL को बचाने के लिए अब सिर्फ अच्छे मैच काफी नहीं हैं, बल्कि एक साफ-सुथरा माहौल भी उतना ही जरूरी है अगर यह “डर्टी गेम” यूं ही चलता रहा, तो कहीं ऐसा न हो कि असली खेल क्रिकेट इस शोर में दबकर रह जाए.


