Last Updated:
Tim David Fined: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी टिम डेविड पर आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के लिए जुर्माना लगाया गया है. टिम डेविड की मैच फीस का 30 प्रतिशत हिस्सा काट लिया गया है. इसके साथ ही उन्हें दो डिमेरिट अंक भी दिए गए हैं. यह कार्रवाई रविवार को रायपुर में मुंबई इंडियंस के खिलाफ हुए रोमांचक और हाई-वोल्टेज मैच के दौरान ‘आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट’ के नियमों को तोड़ने के कारण की गई है.
टिम डेविड पर बीसीसीआई ने लिया एक्शन.
नई दिल्ली. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाज टिम डेविड पर आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के चलते मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. इसके साथ ही डेविड के खाते में 2 डिमेरिट प्वाइंट्स भी जुड़े हैं. 10 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के दौरान यह घटना हुई. यह अनुशासनात्मक कार्रवाई तब शुरू की गई जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के डगआउट से टिम डेविड का मिडिल फिंगर दिखाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
डेविड को आचार संहिता के अनुच्छेद 2.6 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जो ऐसे इशारे का इस्तेमाल करने से संबंधित है जो अश्लील, अपमानजनक या बेइज्जती करने वाला हो. आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ऑलराउंडर टिम डेविड पर उनकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उन्हें 2 डिमेरिट प्वाइंट्स भी दिए गए हैं. टिम को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.6 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो ‘ऐसे इशारे का इस्तेमाल करने से संबंधित है जो अश्लील, अपमानजनक या बेइज्जती करने वाला हो.’ टिम डेविड ने अपनी गलती के साथ मैच रेफरी अमित शर्मा की तरफ से दी गई सजा को स्वीकार कर लिया.’
इस सीजन में यह दूसरी बार है, जब आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए डेविड पर जुर्माना लगाया गया है. इससे पहले, वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई के खिलाफ आरसीबी के मैच के दौरान अंपायर के निर्देशों का पालन न करने के लिए भी उन पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माने के साथ उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट जुड़ा था. इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों 2 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी. इस हार ने एमआई के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स को भी खिताबी रेस से बाहर कर दिया है.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


