Last Updated:
गुरुग्राम के सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में 26वीं ऑल इंडिया पुलिस शूटिंग (एआईपीडीएम) कॉम्पिटिशन 2025–26 का भव्य आगाज हो चुका है. इस प्रतियोगिता में देशभर की 33 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जहां पुलिस और सीएपीएफ के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा. 13 अवॉर्ड्स के लिए चल रहे इस मेगा इवेंट में निशानेबाजी का असली दमखम देखने को मिलेगा.
सभी राज्यों की पुलिस और सीएपीएफ के बीच शूटिंग का मेगा मुकाबला होने जा रहा है.
AIPDM 2026: पूरे देश की पुलिस और सभी सीएपीएफ अब एक ही मैदान में आमने-सामने हैं. मौका है 26वें ऑल इंडिया पुलिस शूटिंग (एआईपीडीएम) कॉम्पिटिशन 2025–26 का. इस बार गुरुग्राम का सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर शूटिंग स्किल्स के सबसे बड़े मुकाबले का गवाह बन रहा है. 24 मार्च से शुरू हुआ यह मेगा इवेंट 30 मार्च तक चलेगा और हर दिन यहां जबरदस्त रोमांच देखने को मिलेगा. अलग-अलग राज्यों और फोर्स के खिलाड़ी यहां अपनी तैयारी और हुनर दिखाने के लिए पहुंचे हैं.
मुकाबले में एक तरफ राज्य पुलिस के शार्प शूटर्स होंगे, तो दूसरी तरफ सीएपीएफ के प्रशिक्षित कमांडो अपनी निशानेबाजी का दम दिखाएंगे. हर टीम अपने-अपने स्तर पर पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरी है. मंगलवार को इस प्रतियोगिता का उद्घाटन सीआरपीएफ के डायरेक्टर जनरल ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने किया. उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रोफेशनलिज्म, अनुशासन और टीमवर्क का उत्सव है. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों से न सिर्फ स्किल बेहतर होती है, बल्कि अलग-अलग फोर्स के बीच बेहतर समझ भी बनती है.
पुलिस और सीएपीएफ की 33 टीमें ले रही हैं हिस्सा
सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उद्घाटन समारोह में परेड भी हुई, जिसमें सभी टीमों ने हिस्सा लिया. इस दौरान मेजबान टीम के कप्तान और सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट सत्यनारायण सोनवाल ने सभी खिलाड़ियों को ईमानदारी और खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई. इस प्रतियोगिता में कुल 33 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें अलग-अलग राज्यों की पुलिस और सीएपीएफ की टीमें शामिल हैं. देश के अलग-अलग हिस्सों से आए ये खिलाड़ी कई कैटेगरी में अपनी-अपनी ताकत दिखाएंगे. अलग-अलग शूटिंग इवेंट्स में खिलाड़ी कुल 13 पुरस्कारों के लिए मुकाबला करेंगे, जिससे प्रतिस्पर्धा बेहद कड़ी होने वाली है.
निशानेबाजी के साथ बढ़ेगा आपसी तालमेल
इस प्रतियोगिता का मकसद पुलिस बलों के बीच निशानेबाजी की स्किल को बेहतर करना, उनकी प्रोफेशनल क्षमता को मजबूत करना और आपसी तालमेल बढ़ाना है. हर साल होने वाली यह प्रतियोगिता पुलिस बलों के बीच स्वस्थ मुकाबले को बढ़ावा देती है. बदलते सुरक्षा हालात में सटीक निशाना लगाना और तेजी से प्रतिक्रिया देना बेहद जरूरी हो गया है. ऐसे में इस तरह की प्रतियोगिताएं न सिर्फ ट्रेनिंग का अहम हिस्सा हैं, बल्कि जवानों का आत्मविश्वास और मनोबल भी बढ़ाती हैं. साथ ही, अलग-अलग फोर्स के बीच अनुभव साझा करने का मौका भी मिलता है, जिससे भविष्य में ऑपरेशन के दौरान बेहतर तालमेल देखने को मिलता है.
देखने को मिलेंगे रोमांचक मुकाबले
सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस प्रतियोगिता में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे. हर दिन अलग-अलग इवेंट्स में खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की कोशिश करेंगे. यहां देश के बेहतरीन निशानेबाज अपना हुनर दिखाएंगे, जिससे दर्शकों को भी शानदार मुकाबले देखने को मिलेंगे. यह प्रतियोगिता न सिर्फ एक खेल आयोजन है, बल्कि देश की सुरक्षा में लगे जवानों के कौशल, मेहनत और समर्पण का भी एक बड़ा मंच है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें




