Last Updated:
Summer Fridge Tips: गर्मी के मौसम में फ्रिज का सही तरीके से इस्तेमाल और रखरखाव बेहद जरूरी होता है. थोड़ी सी लापरवाही से फ्रिज की कूलिंग कम हो सकती है और बिजली बिल भी बढ़ सकता है. हमेशा फ्रिज को दीवार से थोड़ी दूरी पर रखें ताकि हवा का प्रवाह बना रहे. बार-बार दरवाजा खोलने से बचें, क्योंकि इससे अंदर का तापमान बढ़ता है. समय-समय पर फ्रिज की सफाई और डिफ्रॉस्टिंग करना भी जरूरी है. साथ ही, ज्यादा गर्म खाना सीधे फ्रिज में न रखें. इन आसान टिप्स को अपनाकर आप अपने फ्रिज की उम्र बढ़ा सकते हैं और गर्मी में बेहतर कूलिंग का आनंद ले सकते हैं.
भीलवाड़ा: गर्मी के दिनों में फ्रिज का ज्यादा इस्तेमाल हर घर में आम बात है, लेकिन जरा सी लापरवाही बड़ा खतरा बन सकती है. गर्मी में अक्सर देखा जाता हैं कि फ्रिज कई बार ओवरहीट के कारण ब्लास्ट हो जाता है. फ्रिज ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट होने की घटनाओं के पीछे मुख्य कारण ओवरहीटिंग, गलत तरीके से इंस्टालेशन और खराब वायरिंग होते हैं. ऐसे में जरूरी है कि लोग फ्रिज का इस्तेमाल करते समय कुछ बुनियादी सावधानियां जरूर अपनाएं. सही दूरी, स्टेबलाइजर का इस्तेमाल और नियमित सर्विसिंग न सिर्फ फ्रिज को सुरक्षित रखते हैं, बल्कि घर में किसी भी तरह की दुर्घटना से बचाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं. गर्मी में फ्रिज लगातार चलता है, ऐसे में उसकी सुरक्षा और देखभाल को नजरअंदाज करना बड़ी गलती साबित हो सकती है.

ज्यादातर लोग फ्रिज को दीवार से बिल्कुल सटाकर रख देते हैं. फ्रिज के पीछे कम से कम 5–6 इंच की जगह खाली छोड़ना जरूरी है, ताकि कंप्रेसर को सही वेंटिलेशन मिल सके. गर्मी के मौसम में कंप्रेसर अधिक गर्म होता है, और अगर उसके पास से हवा पास नहीं हो पाए तो ओवरहीटिंग बढ़ जाती है. इससे शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ता है, साथ ही मशीन भी जल्दी खराब होने लगती है. इसके अलावा फ्रिज को तंग जगह या जहां हवा का आना-जाना कम हो, वहां लगाने से भी तापमान बढ़ता है और खतरा बढ़ जाता है, इसलिए फ्रिज हमेशा खुली और हवादार जगह पर ही रखना चाहिए.

बिजली के उतार-चढ़ाव वाले क्षेत्र में बिना स्टेबलाइजर के फ्रिज चलाना काफी जोखिम भरा माना जाता है. अचानक हाई वोल्टेज आने पर कंप्रेसर के खराब होने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हो सकता है. अक्सर देखा जाता है कि लोग साल में सिर्फ गर्मियों में फ्रिज चालू करते हैं, और बाकी समय इसे बंद रखते हैं. लेकिन चालू करने से पहले वायर, प्लग और स्विच की जांच करना भी बेहद जरूरी है. कई बार चूहे तारों को कुतर देते हैं या वायरिंग ढीली हो जाती है, जिसे लोग नजरअंदाज कर देते हैं. ये छोटी सी गलती बड़ा हादसा बन सकती है. ऐसे में फ्रिज की वायरिंग को सुरक्षित रखना और समय-समय पर इलेक्ट्रिशियन से चेक करवाना जरूरी है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

फ्रिज को ऐसी जगह कभी ना रखें जहां सीधे सूरज की रोशनी पड़ती हो, क्योंकि इससे कंप्रेसर पर अतिरिक्त भार पड़ता है और ओवरहीटिंग की संभावना बढ़ जाती है. अगर फ्रिज में जरूरत से ज्यादा बर्फ जम रही है या कंप्रेसर लगातार चल रहा है, तो समझ लें कि सर्विसिंग का समय आ गया है. साल में कम से कम दो बार सर्विस करवाना जरूरी है, ताकि मशीन की उम्र बढ़ सके और किसी भी हादसे का खतरा कम हो सके. आखिरकार फ्रिज सिर्फ पानी ठंडा करने का साधन नहीं, बल्कि भोजन को सुरक्षित रखने का माध्यम है. थोड़ी सी सावधानी घर को सुरक्षित रख सकती है और बड़े नुकसान से बचा सकती है, इसलिए समय रहते फ्रिज की सही देखभाल और नियमित जांच बेहद जरूरी है.

फ्रिज का तापमान मौसम के अनुसार सेट करना भी बेहद जरूरी है, लेकिन लोग अक्सर इसे एक ही सेटिंग पर पूरे साल चलाते रहते हैं. गर्मियों में टेंपरेचर कूल रखना और सर्दियों में थोड़ा कम रखना चाहिए, ताकि कंप्रेसर पर अनावश्यक दबाव न पड़े. कई लोग फ्रिज को बहुत कम तापमान पर सेट कर देते हैं, जिससे कंप्रेसर लगातार चलता रहता है और मशीन ओवरलोड हो जाती है. खासकर पुराने फ्रिज में यह खतरा ज्यादा होता है और लापरवाही बरतने पर ब्लास्ट या खराब होने का रिस्क बढ़ जाता है, इसलिए तापमान का संतुलित इस्तेमाल और मशीन की क्षमता को ध्यान में रखकर ही फ्रिज चलाना चाहिए.





