Soft Skills for Success: एआई के तूफान में भी नहीं उड़ेगा करियर, कामयाबी के लिए सीख लें 10 जरूरी स्किल्स

Date:


नई दिल्ली (Essential Soft Skills for Success). स्कूल-कॉलेज में गणित के फार्मूले रटाए गए, इतिहास की तारीखें याद कराई गईं और कोडिंग के मुश्किल सिंटैक्स समझाए गए. लेकिन असल जिंदगी के मैदान में उतरने पर समझ आता है कि डिग्री की चमक सिर्फ इंटरव्यू के दरवाजे तक ही साथ देती है. असल खेल तो सॉफ्ट स्किल्स का है. इनसे कॉर्पोरेट ऑफिस की सीढ़ियां चढ़ने में मदद मिलती है. लेकिन दुनिया की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटीज भी इन लाइफ-चेंजिंग स्किल्स को अपने सिलेबस में शामिल करना भूल जाती हैं.

मान लीजिए कि आपके पास दुनिया की बेस्ट टेक्निकल नॉलेज है, लेकिन आप अपनी बात किसी के सामने रख नहीं पाते या छोटी सी मुसीबत आते ही घबरा जाते हैं. इस स्थिति में आपकी सारी किताबी पढ़ाई धरी की धरी रह जाती है. 2026 में एआई और ऑटोमेशन हर टेक्निकल काम को हमसे बेहतर कर रहे हैं. अब केवल मानवीय संवेदनाएं और सॉफ्ट स्किल्स ही हमें Unreplaceable बनाती हैं. जानिए 10 जरूरी सॉफ्ट स्किल्स, जो स्कूल में तो कभी नहीं पढ़ाई गईं, लेकिन इनके बिना कामयाबी का स्वाद चखना नामुमकिन है.

करियर के लिए जरूरी 10 सॉफ्ट स्किल्स

करियर में ग्रोथ के लिए डिग्री और किताबी पढ़ाई-लिखाई के साथ ही अपने व्यवहार पर भी काम करना जरूरी है. इसके लिए सॉफ्ट स्किल्स पर फोकस करने की सलाह दी जाती है.

1. इम्पैथी (Empathy): दूसरों के जूतों में पैर रखकर देखना

इम्पैथी का मतलब सिर्फ सहानुभूति नहीं, बल्कि सामने वाले के नजरिए को गहराई से समझना है. ऑफिस हो या घर, अगर आप समझ सकते हैं कि दूसरा व्यक्ति कैसा महसूस कर रहा है तो आप आधे विवाद वहीं खत्म कर देते हैं. यह लीडरशिप की पहली शर्त है.

2. एक्टिव लिसनिंग: सिर्फ सुनना नहीं, समझना

हम अक्सर जवाब देने के लिए सुनते हैं, समझने के लिए नहीं. एक्टिव लिसनिंग का मतलब है सामने वाले की बॉडी लैंग्वेज और अनकहे शब्दों को भी पकड़ना. यह स्किल आपको बेहतरीन कम्युनिकेटर और भरोसेमंद इंसान बनाती है.

3. क्रिटिकल थिंकिंग: भेड़चाल से अलग सोचना

सोशल मीडिया के दौर में जहां फेक न्यूज़ की बाढ़ है, वहां किसी भी जानकारी पर आंख मूंदकर भरोसा न करना ही असली ताकत है. तर्क के साथ सही और गलत का फैसला लेना आपको भीड़ से अलग खड़ा कर सकता है.

4. अडैप्टेबिलिटी: बदलाव से दोस्ती

दुनिया हर दिन बहुत तेजी से बदल रही है. जो लोग ‘हम तो ऐसे ही काम करते आए हैं’ वाली मानसिकता रखते हैं, वे पीछे रह जाते हैं. नई तकनीक और नए माहौल में खुद को जल्दी ढाल लेना ही आज के दौर की सबसे बड़ी जीत है.

5. इमोशनल इंटेलिजेंस (EQ): अपने जज्बातों पर काबू

गुस्से में आप कैसा बर्ताव करते हैं या स्ट्रेस में कैसे फैसले लेते हैं, यह आपका IQ नहीं बल्कि EQ तय करता है. अपने और दूसरों के इमोशंस को मैनेज करना आपको मच्योर प्रोफेशनल बनाता है.

6. नेगोशिएशन (Negotiation): जीत का गणित

नेगोशिएशन का मतलब सिर्फ मोलभाव करना नहीं है. यह अपनी बात मनवाने और सामने वाले का भी फायदा देखने की कला है. सैलरी बढ़वानी हो या घर का कोई फैसला लेना हो, यह स्किल हर जगह काम आती है.

7. टाइम मैनेजमेंट नहीं, एनर्जी मैनेजमेंट

24 घंटे सबके पास बराबर हैं, लेकिन कुछ लोग ज्यादा काम कर लेते हैं क्योंकि वे जानते हैं कि उनकी एनर्जी कब चरम पर होती है. अपनी ऊर्जा को सही जगह और सही समय पर लगाना ही असली प्रोडक्टिविटी है.

8. नेटवर्किंग: लोगों से जुड़ने का हुनर

आपका नेटवर्क ही आपकी नेटवर्थ है- नए लोगों से मिलना, उनसे संवाद करना और सार्थक रिश्ते बनाना आपके लिए उन दरवाजों को खोल सकता है, जो कोई डिग्री नहीं खोल सकती.

9. फीडबैक लेना और देना

आलोचना को पर्सनली न लेना और किसी को उसकी गलती इस तरह बताना कि उसे बुरा न लगे, एक बहुत बड़ी कला है. इससे सीखने की प्रक्रिया तेज होती है.

10. रेजिलिएंस (Resilience): गिरकर फिर संभलना

असफलता सबको मिलती है, लेकिन जो गिरकर धूल झाड़ता है और फिर से खड़ा हो जाता है, वही लंबी रेस का घोड़ा साबित होता है. मानसिक मजबूती ही आपको मुश्किल वक्त में बचाए रखती है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related