TMC on Pakistan: घर में घुस के मारेंगे, पाकिस्तान के कोलकाता में हमले की धमकी पर TMC नेता का तीखा बयान

Date:


TMC respond to Pakistan: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पाकिस्तान को लेकर विवादित बयान दिया है. उन्होंने कहा कि केंद्र में तृणमूल कांग्रेस और इंडी गठबंधन की सरकार आने पर वे उनके घरों में घुसकर मारेंगे. बनर्जी ने ये बात पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता को निशाना बनाने की धमकी पर कही.

पाकिस्तान के बयान पर केंद्र सरकार की चुप्पी पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने कहा कि जब ममता बनर्जी और इंडिया गठबंधन केंद्र में सत्ता में आएगा तो हम उनके घर में घुसकर मारेंगे.

सिलिगुड़ी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘दो दिन पहले पाकिस्तान के मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कोलकाता पर हमले की धमकी दी लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप हैं, गृह मंत्री अमित शाह चुप हैं और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी चुप हैं.’ उन्होंने एक कागज पर आसिफ का नाम लिखकर दिखाया और कहा, ‘ममता बनर्जी और इंडिया ब्लॉक की सरकार केंद्र में आते ही हम उनके घर में घुसकर सबक सिखाएंगे. घर में घुस के मारेंगे.’

अभिषेक ने प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे कूचबिहार में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं लेकिन कोलकाता पर लगे खतरे पर एक शब्द भी नहीं बोल रहे. मोदी सेना और केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ करते हैं, विदेशी दुश्मनों के खिलाफ नहीं.पीएम पर व्यंग्य करते हुए उन्होंने पूछा’यह आपका 56 इंच का सीना है?’

बनर्जी के अलावा टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भी अलग रैली में केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने खुलकर कोलकाता पर हमले की धमकी दी है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ नहीं कहा. कल कूचबिहार में रैली की लेकिन इस गंभीर खतरे का जिक्र तक नहीं किया. क्या बंगालियों की जान की इतनी कम कीमत है? क्या बंगाल भारतीय संघ का हिस्सा नहीं है? क्या हमारी लोगों की जान मायने नहीं रखती? या बंगाल सिर्फ वोटों के लिए उपयोगी है और खतरे के समय अकेला छोड़ दिया जाता है?’

पाकिस्तान के मंत्री ने क्या धमकी दी थी?
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सियालकोट में बोलते हुए कहा था कि अगर भारत कोई ‘मिसअडवेंचर’ करता है तो पाकिस्तान की प्रतिक्रिया ‘तेज, सटीक और निर्णायक’ होगी. उन्होंने कोलकाता को संभावित निशाना बताया और भारत पर ‘फॉल्स फ्लैग’ ऑपरेशन का आरोप भी लगाया, हालांकि कोई सबूत नहीं दिया.

22 अप्रैल को शुरू हुआ था विवाद
यह तनाव पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ था, जिसके जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था. चार दिनों तक चले इस संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है.

केंद्र सरकार ने नहीं दी कोई प्रत‍िक्र‍िया  

टीएमसी नेताओं के इन बयानों ने राजनीतिक गलियारों में तीखी बहस छेड़ दी है. विपक्षी दलों ने अभिषेक बनर्जी के ‘घर में घुसकर मारेंगे’ वाले बयान को अत्यधिक उत्तेजक और अनुचित बताया है, जबकि TMC इसे पाकिस्तान की धमकी के खिलाफ मजबूत रुख के रूप में पेश कर रही है.

केंद्र सरकार की ओर से अभी तक इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर यह विवाद राज्य की राजनीति को और गर्माने वाला साबित हो सकता है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related