Topper Factory Schools in India 2026: टॉपर फैक्ट्री कहलाते हैं ये स्कूल, यहीं तैयार किए जाते हैं देश के सबसे काबिल अफसर, डॉक्टर और इंजीनियर

Date:


नई दिल्ली (Topper Factory Schools in India). देश में टॉपर फैक्ट्री शब्द उन स्कूलों के लिए इस्तेमाल होता है, जिन्होंने साल-दर-साल मेरिट लिस्ट में अपनी जगह पक्की कर ली है. ये स्कूल केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि बच्चों में आगे बढ़ने की ऐसी होड़ पैदा करते हैं कि बेस्ट बनना उनकी आदत बन जाती है. चाहे केंद्रीय विद्यालय की अनुशासित शिक्षा हो या सेंट जेवियर्स जैसी संस्थाओं की दशकों पुरानी शैक्षणिक विरासत, इन स्कूलों ने साबित किया है कि सही गाइडेंस से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.

देश को सबसे ज्यादा टॉपर्स देने वाले इन स्कूल्स की सफलता के पीछे का सबसे बड़ा कारण वहां का बैलेंस्ड वातावरण है. जहां एक तरफ बिहार का सिमुलतला और झारखंड का नेतरहाट ग्रामीण मेधा को तराशने के लिए मशहूर हैं, वहीं सेंट जेवियर्स जैसे स्कूल स्टूडेंट्स को ग्लोबल दुनिया पर नेतृत्व के लिए तैयार करते हैं. जानिए भारत के उन चुनिंदा स्कूलों के बारे में, जो न केवल बोर्ड टॉपर्स देते हैं, बल्कि देश के प्रशासनिक, वैज्ञानिक और क्रिएटिव क्षेत्रों की नींव भी रखते हैं.

किन स्कूलों को टॉपर फैक्ट्री कहा जाता है?

भारत में कुछ स्कूलों को टॉपर फैक्ट्री कहना गलत नहीं होगा. इनकी सबसे बड़ी खूबी है कि यहां पढ़ाई या तो बिल्कुल मुफ्त है या फीस बहुत ही कम ली जाती है. चाहे बिहार बोर्ड हो, झारखंड बोर्ड, सीबीएसई या आईसीएसई, 10वीं-12वीं मेरिट लिस्ट में अक्सर इन्हीं का दबदबा रहता है. यहां की सख्त दिनचर्या और गुरु-शिष्य परंपरा का ही कमाल है कि आज देश के बड़े-बड़े आईएएस ऑफिसर, डॉक्टर और इंजीनियर इन्हीं क्लासरूम्स से निकलकर ऊंचाइयों तक पहुंचे हैं.

केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय

देशभर में फैले केंद्रीय विद्यालय (KVS) और जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) भारत की सबसे बड़ी और भरोसेमंद टॉपर फैक्ट्री माने जाते हैं. सीबीएसई बोर्ड के नतीजों में केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय का पासिंग प्रतिशत अक्सर 99% से ऊपर रहता है, जो कई महंगे निजी स्कूलों से भी बेहतर है. यहां की एकसमान शिक्षा पद्धति और शिक्षकों का चयन इन्हें खास बनाता है. विशेष रूप से दिल्ली, बेंगलुरु और पुणे रीजन के केवी (KV) हर साल बोर्ड टॉपर्स की सूची में प्रमुखता से नजर आते हैं.

सेंट जेवियर्स (मुंबई और कोलकाता): विरासत और बुद्धिमत्ता

सेंट जेवियर्स स्कूल और कॉलेज, चाहे वो मुंबई का हो या कोलकाता का, दशकों से भारतीय मेधा की नर्सरी रहे हैं. यहां का शैक्षणिक स्तर इतना ऊंचा है कि आईसीएसई (ICSE) और आईएससी (ISC) परीक्षाओं के टॉपर्स की लिस्ट इनके बिना पूरी नहीं होती.

  • कोलकाता जेवियर्स: यहां से निकले छात्र अक्सर रिसर्च और अकादमिक क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर नाम कमाते हैं.
  • मुंबई जेवियर्स: यहां का कल्चर कला, विज्ञान और राजनीति- हर क्षेत्र में अव्वल रहने के लिए प्रेरित करता है.

सिमुलतला आवासीय विद्यालय, बिहार: बोर्ड टॉपर्स का गढ़

बिहार के जमुई जिले में स्थित इस स्कूल को टॉपर फैक्ट्री के साथ ही चमत्कारी स्कूल भी कहा जाता है. बिहार बोर्ड (BSEB) मैट्रिक के नतीजों में टॉप 10 की सूची पर इस स्कूल का लगभग एकाधिकार रहता है. आधुनिक सुख-सुविधाओं से दूर, यहां के छात्र सादगी और कड़ी मेहनत के दम पर राज्य का नाम रोशन करते हैं. हालांकि पिछले कुछ सालों से सिमुलतला आवासीय विद्यालय की चमक कुछ फीकी पड़ गई है. इस साल भी बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट में यहां के स्टूडेंट्स खास कमाल नहीं कर पाए.

नेतरहाट आवासीय विद्यालय, झारखंड: भविष्य के अधिकारियों का केंद्र

झारखंड की वादियों में स्थित नेतरहाट विद्यालय को आईएएस अफसरों की फैक्ट्री कहा जाता है. यहां की गुरुकुल जैसी लाइफस्टाइल स्टूडेंट्स को मानसिक और शारीरिक रूप से इतना मजबूत बना देती है कि वे बोर्ड परीक्षाओं के बाद संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) जैसी कठिन परीक्षाओं में भी आसानी से अपना परचम लहरा लेते हैं.

दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS)

सीबीएसई बोर्ड और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं (JEE) के लिए डीपीएस आर.के. पुरम एक ब्रांड बन चुका है. यहां का प्रतिस्पर्धी माहौल स्टूडेंट्स को अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने के लिए उकसाता है, जिससे हर साल बोर्ड टॉपर्स के साथ-साथ आईआईटी और विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में भी यहां के स्टूडेंट्स की भारी संख्या होती है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related