Last Updated:
Noida Traffic Alert News: नोएडा के फेज-2 में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन हिंसक हो गया है. प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी की, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे. इस बवाल के कारण NH-9, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और चिल्ला बॉर्डर पर 5 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लगा है. दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर ट्रैफिक रेंग रहा है और ऑफिस जाने वाले लोग घंटों फंसे हैं. पुलिस ने सेक्टर-62 और डीएनडी की ओर रूट डायवर्जन लागू किया है. घर से निकलने से पहले पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी.
Noida Traffic Alert: अगर आप आज यानी 13 अप्रैल, सोमवार के दिन नोएडा, दिल्ली या गाजियाबाद की सड़कों पर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो सावधान हो जाइए. नोएडा के फेज-2 इलाके में एक कंपनी के कर्मचारियों का सैलरी बढ़ाने को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन अब हिंसक रूप ले चुका है. इस हंगामे का सीधा असर दिल्ली-NCR की लाइफलाइन कही जाने वाली सड़कों पर पड़ा है. दिल्ली-नोएडा बॉर्डर से लेकर नेशनल हाईवे-9 (NH-9) तक गाड़ियों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी हैं. स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है, लेकिन फिलहाल जाम से राहत मिलती नहीं दिख रही है.
नोएडा के फेज-2 स्थित एक निजी कंपनी के कर्मचारी पिछले कुछ दिनों से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे थे. सोमवार सुबह यह प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया. आक्रोशित कर्मचारियों ने कंपनी परिसर और बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी. देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों ने कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया. जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो भीड़ की ओर से पथराव भी किया गया. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. फिलहाल पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
दिल्ली-नोएडा और गाजियाबाद बॉर्डर पर ‘महाजाम’
इस प्रदर्शन की आग नोएडा की गलियों से निकलकर मुख्य हाईवे तक पहुंच गई है. नोएडा के सेक्टर 62, 63, 64, 65 और 66 की कंपनियों के कर्मचारी भी सड़कों पर उतर आए हैं, जिससे चक्का जाम की स्थिति पैदा हो गई है.
- NH-9 और मेरठ एक्सप्रेसवे: सबसे बुरा हाल NH-9 और मेरठ एक्सप्रेसवे का है, जहां प्रदर्शनकारियों ने सड़क को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया है. ऐसा बताया जा रहा है कि यहां सुबह से ही करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लगा है. हालांकि, पुलिस जाम खुलवाने की कोशिश कर रही है.
- दिल्ली बॉर्डर: दिल्ली से नोएडा आने वाले रास्तों पर गाड़ियां रेंग रही हैं. ऑफिस जाने वाले लोग घंटों से एक ही जगह फंसे हुए हैं.
- गाजियाबाद: नोएडा में हो रहे इस बवाल का असर गाजियाबाद की सीमाओं पर भी दिख रहा है. इंदिरापुरम और खोड़ा के आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है.
क्यों भड़के हैं कर्मचारी? जानें विवाद की असली वजह
दरअसल, यह पूरा विवाद वेतन की विसंगतियों को लेकर है. प्रदर्शनकारी मजदूरों का कहना है कि पड़ोसी राज्य हरियाणा में न्यूनतम वेतन करीब 19,000 रुपये है, जबकि उत्तर प्रदेश में उन्हें महज 13,000 रुपये के आसपास दिए जा रहे हैं. इसी मांग को लेकर पिछले कई दिनों से सुगबुगाहट चल रही थी. रविवार को हुई एक घटना ने आग में घी का काम किया, जिसमें कथित तौर पर फायरिंग के दौरान एक महिला मजदूर घायल हो गई थी. इस खबर के फैलते ही सोमवार सुबह हजारों की संख्या में मजदूर सड़कों पर उतर आए.
ट्रैफिक एडवाइजरी: इन रास्तों पर जाने से बचें
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों की सुविधा के लिए एडवाइजरी जारी की है. अगर आप फंसना नहीं चाहते, तो नीचे दिए गए रूट्स को अवॉइड करें:
- चिल्ला बॉर्डर और DND: यहां ट्रैफिक का दबाव बहुत ज्यादा है, वैकल्पिक मार्ग चुनें.
- सेक्टर 62 फॉर्टिस मार्ग: धरना प्रदर्शन की वजह से यहां रूट डायवर्ट किया गया है.
- NH-9 और मेरठ एक्सप्रेसवे: गाजीपुर से नोएडा और गाजियाबाद की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह प्रभावित है.
- संदीप पेपर मिल मार्ग: यहां भी डायवर्जन लागू है, जिससे स्थानीय यातायात बाधित है.
ट्रैफिक पुलिस का नया डायवर्जन प्लान
भीषण जाम को देखते हुए नोएडा पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट किया है:
- चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से डायवर्ट किया जा रहा है.
- सेक्टर-59 मेट्रो के नीचे से ट्रैफिक को डायवर्ट कर सेक्टर-62 की भीड़ को कम करने की कोशिश की जा रही है.
- परी चौक मार्ग पर भी पुलिस कर्मी मौजूद हैं और सुचारू संचालन के लिए डायवर्जन कर रहे हैं.
- दिल्ली जाने वाले यातायात को महामाया फ्लाईओवर से DND टोल की ओर भेजा जा रहा है.
नोएडा पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने किसी भी आपात स्थिति या जाम की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. आप 9971009001 पर कॉल करके ताजा अपडेट ले सकते हैं. फिलहाल मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल (PAC) की टुकड़ियां भी बुलाई गई हैं ताकि प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया जा सके. अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता जाम खुलवाना है, जिसके बाद उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें


