परिसीमन बिल 2026: स्टालिन की 7.18 प्रतिशत वाली शर्त, केंद्रीय कैबिनेट ने दी मंजूरी, 30 नवंबर से सियासी संग्राम

Date:


Delimitation Bill 2026 News: केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार (27 नवंबर) को परिसीमन से जुड़े नए महिला आरक्षण बिल को कुछ अहम संशोधनों के साथ मंजूरी दे दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में दोपहर 1 बजे सेवा तीर्थ में यह खास मीटिंग हुई. अब सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रहे 4 दिन के विशेष पार्लियामेंट सेशन में इस बिल को पास कराने की तैयारी में है. संविधान संशोधन बिल होने के कारण दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जुटाना जरूरी होगा. इससे पहले अप्रैल में भी सरकार यह बिल लाई थी, लेकिन तब लोकसभा की मंजूरी नहीं मिल सकी थी. अब सरकार ने पर्याप्त सांसदों का समर्थन होने का दावा किया है. उधर विपक्ष ने इसे संविधान पर हमला बताते हुए शनिवार को बड़ी बैठक बुला ली है. सोमवार से सदन में इस मुद्दे पर सीधा टकराव तय है.

November 27, 202617:19 IST

संसद के विशेष सत्र पर विपक्ष का हमला, कांग्रेस बोली- सरकार की साजिश कभी कामयाब नहीं होगी

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है. महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है. विपक्षी नेताओं ने विशेष सत्र बुलाने के फैसले पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने इसे सरकार का अहंकार बताते हुए कहा कि परिसीमन पर सर्वदलीय बैठक होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की साजिश कामयाब नहीं होगी.

शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि बिल पेश होने के बाद ही उस पर प्रतिक्रिया दी जा सकती है. वहीं आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने महिला आरक्षण का समर्थन किया. उन्होंने 543 लोकसभा सीटों में ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की. हिमाचल के मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी सरकार पर मुद्दों को जोड़कर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया.

November 27, 202616:32 IST

Delimitation Bill News LIVE: महिला आरक्षण और परिसीमन पर बीजेपी का विपक्ष पर हमला, विष्णु देव साय बोले- जनता का भरोसा खो चुके हैं

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विपक्ष पर जनता का विश्वास खोने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद विपक्ष चुनाव आयोग और ईवीएम पर सवाल उठाता है. वहीं बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस के पुराने कार्यकाल पर भी सवाल खड़े किए. बीजेपी नेता यामिनी शर्मा ने पूछा कि कांग्रेस ने दशकों तक महिला आरक्षण विधेयक क्यों पारित नहीं कराया. सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि विपक्ष को विधेयकों में बाधा डालने के बजाय रचनात्मक सहयोग देना चाहिए. उन्होंने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई.

November 27, 202616:21 IST

Delimitation Bill 2026 LIVE: परिसीमन को लेकर अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला, बोले- यूपी चुनाव के लिए देश को गुमराह कर रही सरकार

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है. शुक्रवार को लखनऊ में उन्होंने कहा कि परिसीमन बीजेपी की सबसे बड़ी भूल साबित होगा. अखिलेश ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश के चुनावी नतीजों को प्रभावित करने के लिए यह कवायद कर रही है. अखिलेश ने कहा कि बीजेपी को यूपी में चुनावी जमीन खिसकती नजर आ रही है. इसलिए परिसीमन के जरिए देश को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने महंगाई, भ्रष्टाचार और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर भी केंद्र सरकार को घेरा. सपा प्रमुख ने ‘एक देश, एक चुनाव’ के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बीजेपी एक मतदाता सूची तक सुनिश्चित नहीं कर पा रही है. एसआईआर के दौरान मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आंकड़ों में अंतर को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए.

November 27, 202616:07 IST

परिसीमन बिल LIVE: संसद के विशेष सत्र से पहले शिवसेना का व्हिप जारी, सभी सांसदों को 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने का निर्देश

संसद के 30 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष सत्र से पहले शिवसेना ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है. पार्टी ने सभी सांसदों को सत्र में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया है. शिवसेना के मुख्य सचेतक श्रीरंग बारणे ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सांसदों को 29 नवंबर की रात तक दिल्ली पहुंचने के लिए कहा गया है. बारणे ने पत्र में सत्र की अहमियत बताते हुए सांसदों से निर्देश का पालन करने को कहा है. इस बीच 28 नवंबर को मुंबई में पार्टी सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है. बैठक की अध्यक्षता महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे करेंगे.

इस बैठक में संसद के विशेष सत्र के दौरान शिवसेना के रुख और संसदीय कार्यवाही पर चर्चा होगी. विशेष सत्र में महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने वाले संवैधानिक संशोधन विधेयक को फिर से पेश किए जाने की अटकलें हैं. शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं.

November 27, 202615:56 IST

Delimitation Bill 2026 LIVE: परिसीमन बिल पर बीजेपी सांसद रेखा शर्मा का बयान, बोलीं- सरकार जब चाहेगी तब पास होगा विधेयक

दिल्ली में संसद के विशेष सत्र के दौरान परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की अटकलों के बीच बीजेपी सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि परिसीमन बिल सरकार जब चाहेगी तब आएगा और उसी दिन पास भी हो जाएगा. रेखा शर्मा ने इसे जनता की बेहतरी के लिए जरूरी बताया. उन्होंने कहा कि पिछले कई सालों से परिसीमन नहीं हुआ है. इस दौरान जनसंख्या काफी बढ़ गई है. एक-एक संसदीय सीट पर आबादी का दबाव ज्यादा है. उनके मुताबिक परिसीमन होने से जनप्रतिनिधियों के लिए अपने क्षेत्र के लोगों का काम करना आसान होगा.

November 27, 202615:41 IST

Delimitation Bill 2026 LIVE: परिसीमन बिल पर कांग्रेस का विरोध, कल सुबह 11:30 बजे INDIA गठबंधन की बैठक में बनेगी रणनीति

परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है. कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह इस पूरे घटनाक्रम के जरिए देश की जनता को बड़े जाल में फंसाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन और विपक्षी दलों की बैठक कल सुबह 11:30 बजे होगी. इसमें आगे की रणनीति पर चर्चा कर फैसला लिया जाएगा.

वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस सभी विपक्षी दलों से संपर्क कर रही है. उन्होंने डीएमके का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी हमेशा संविधान के साथ खड़ी रही है. संविधान में विश्वास रखने वाले दल ऐसे एजेंडे का समर्थन नहीं कर सकते. कांग्रेस इस मुद्दे पर विपक्षी एकजुटता बनाने की कोशिश कर रही है.

November 27, 202614:36 IST

Delimitation Bill News LIVE: कैबिनेट ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधनों को दी मंजूरी

केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में बदलावों को मंजूरी दे दी है. इसके तहत लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का रास्ता साफ हो सकता है. प्रस्तावित बदलावों के मुताबिक सीटों का आवंटन 25 साल यानी 2051 तक फ्रीज रहेगा.

November 27, 202614:24 IST

Delimitation Bill News LIVE: शिवसेना ने अपने सभी सांसदों को जारी किया व्हिप

शिवसेना ने अपने सभी सांसदों को व्हिप जारी कर संसद में मौजूद रहने का निर्देश दिया है. पार्टी ने विशेष सत्र के दौरान सभी सांसदों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है.

November 27, 202614:03 IST

Delimitation Bill News LIVE: PM मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक खत्म, फैसलों का इंतजार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में दिल्ली में हुई केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक खत्म हो गई है. संसद सत्र से पहले हुई इस बैठक में लिए गए फैसलों का इंतजार है.

November 27, 202613:41 IST

Delimitation Bill News LIVE: तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं करेगी DMK

स्टालिन का यह बयान ऐसे समय आया है जब चर्चा है कि तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व को लेकर चिंताओं का समाधान होने पर DMK केंद्र के परिसीमन से जुड़े विधेयक का समर्थन करने पर विचार कर सकती है. पार्टी का कहना है कि उसे लोकसभा की सीटें बढ़ाए जाने से परेशानी नहीं है लेकिन परिसीमन की प्रक्रिया में उन राज्यों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के प्रयासों में बेहतर प्रदर्शन किया है. स्टालिन ने मीडिया में चल रही अटकलों और राजनीतिक विरोधियों की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि इससे पार्टी का रुख नहीं बदलेगा. उन्होंने दोहराया कि DMK तमिलनाडु के हितों से कभी समझौता नहीं करेगी. पार्टी की मुख्य चिंता यही है कि लोकसभा में सीटों का नया बंटवारा होने पर राज्य का मौजूदा राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर न पड़े.

November 27, 202613:41 IST

Delimitation Bill News LIVE: परिसीमन पर स्टालिन की दो टूक, बोले- तमिलनाडु की 7.18% हिस्सेदारी नहीं घटनी चाहिए

DMK प्रमुख और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर पार्टी की दो प्रमुख मांगें फिर दोहराई हैं. उन्होंने साफ कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने पर DMK को आपत्ति नहीं है लेकिन इससे संसद में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी किसी भी हाल में कम नहीं होनी चाहिए. इसके अलावा 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 साल तक बरकरार रखने की मांग भी की है. स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि DMK इन दोनों मांगों पर आज भी कायम है और आगे भी रहेगी.

November 27, 202613:31 IST

Delimitation Bill News LIVE: 30 नवंबर से शुरू होगी चर्चा, विपक्ष के आरोपों पर भी दिया जवाब

किरेन रिजिजू ने बताया कि विशेष सत्र के दौरान 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा में चर्चा होगी. इसके बाद 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा में विधेयक पर चर्चा की जाएगी. विशेष सत्र को असंवैधानिक बताए जाने वाले विपक्षी नेताओं के बयानों पर उन्होंने नाराजगी जताई. रिजिजू ने कहा कि विशेष सत्र किसी जरूरी विधेयक या राष्ट्रीय महत्व के मुद्दे पर चर्चा के लिए बुलाया जाता है. इसे असंवैधानिक बताना या मानसून सत्र समय से पहले खत्म करने का आरोप लगाना गैर-जिम्मेदाराना है. उन्होंने कहा कि किसी विधेयक से सहमत होना या उसका विरोध करना विपक्ष का अधिकार है लेकिन संसद में चर्चा और बहस के लिए सदन का चलना जरूरी है. देश की जनता संसद की कार्यवाही देखती है इसलिए सभी दलों और सांसदों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए विशेष सत्र में पूरी भागीदारी करनी चाहिए.

November 27, 202613:31 IST

Delimitation Bill News LIVE: ‘बहुत महत्वपूर्ण बिल ला रहे हैं’, परिसीमन पर अटकलों के बीच रिजिजू का बड़ा बयान

संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने के बाद परिसीमन बिल को लेकर चर्चाएं तेज हैं. इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि सरकार संसद में एक बहुत महत्वपूर्ण बिल लाने जा रही है. हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि प्रस्तावित विधेयक कौन सा है. रिजिजू ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि विशेष सत्र में सार्थक चर्चा हो और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चले. उन्होंने कहा कि कोई भी सांसद हल्की या गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी न करे और न ही कोई पार्टी सदन में हंगामा करे. सभी सांसदों को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए.

November 27, 202612:49 IST

Delimitation Bill News LIVE: संजय राउत ने परिसीमन बिल को बताया बीजेपी की साजिश

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इसे बीजेपी की साजिश बताते हुए कहा कि अगर आज शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे जीवित होते या शरद पवार स्वस्थ होते तो सरकार यह बिल नहीं ला पाती. राउत ने परिसीमन विधेयक को राष्ट्र विरोधी कदम करार दिया और कहा कि इसका समर्थन करने वाले जनता के साथ विश्वासघात करेंगे. उन्होंने यहां तक कहा कि बिल का समर्थन करने वालों को गद्दार के तौर पर देखा जाएगा. राउत ने देशभक्त लोगों से इस विधेयक का विरोध करने की अपील भी की.

November 27, 202612:39 IST

Delimitation Bill News LIVE: सपा ने कहा- संसद बैठेगी, लेकिन एजेंडा क्या होगा?

समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने 30 नवंबर से संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने को एक औपचारिक प्रक्रिया बताया. उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा के सभापति और लोकसभा अध्यक्ष से बातचीत के बाद पत्र लिखा है. ऐसे में दोनों सदनों की बैठक होना तय है. हालांकि उन्होंने सवाल उठाया कि संसद में इस दौरान कौन से मुद्दों पर चर्चा होगी और क्या कामकाज किया जाएगा. उनके मुताबिक फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि विशेष सत्र का वास्तविक एजेंडा क्या रहने वाला है.

November 27, 202612:39 IST

Delimitation Bill News LIVE: JMM ने पूछा- बिल पास कराने के लिए कहां से आएंगे नंबर?

JMM सांसद महुआ माजी ने भी स्पेशल सेशन में परिसीमन बिल लाए जाने की संभावना पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 में पूरे विपक्ष के समर्थन से पास हुआ था. ऐसे में अगर सरकार ने परिसीमन के मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाया है तो उसे यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि बिल पास कराने के लिए जरूरी संख्या कहां से आएगी. महुआ माजी ने दूसरे दलों के सांसदों के पाला बदलने की घटनाओं का भी जिक्र किया.

November 27, 202612:17 IST

Delimitation Bill News LIVE: AAP कर सकती है परिसीमन बिल का विरोध

आम आदमी पार्टी के रुख को लेकर सूत्रों के हवाले से खबर है कि अगर सरकार संसद के दोनों सदनों में परिसीमन बिल पेश करती है तो AAP इसका विरोध करेगी. हालांकि पार्टी की ओर से इस पर औपचारिक बयान सामने आने के बाद ही उसका अंतिम रुख स्पष्ट होगा.

November 27, 202612:16 IST

Delimitation Bill News LIVE: RJD सांसद मनोज झा ने बीजेपी पर कसा तंज

RJD सांसद मनोज कुमार झा ने परिसीमन बिल को लेकर बीजेपी के आंकड़ों पर तंज कसा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि बीजेपी ने बिल पास कराने के लिए जरूरी संख्या जुटा ली है. उनके इस बयान को सरकार के पास बहुमत और बिल को लेकर विपक्ष की आशंकाओं से जोड़कर देखा जा रहा है.

November 27, 202612:07 IST

Delimitation Bill News LIVE: परिसीमन बिल का पूरी ताकत से विरोध करेगी AAP

आम आदमी पार्टी (AAP) ने परिसीमन बिल के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि उनकी पार्टी इस राष्ट्रविरोधी बिल का पूरी ताकत से और आखिरी दम तक विरोध करेगी. उनका यह बयान संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र में परिसीमन बिल पेश किए जाने की चर्चाओं के बीच आया है.

November 27, 202612:07 IST

Delimitation Bill News LIVE: जयराम रमेश का सरकार पर हमला

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देश के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को गति देने में नाकाम रही है और अब लोकसभा में फर्जी तरीके से दो-तिहाई बहुमत तैयार करने की कोशिश कर रही है. जयराम रमेश ने इसे भारतीय संविधान पर हमला बताते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी ताकत से इसका विरोध करेगी. उन्होंने पार्टी की तीन मांगें भी दोहराईं. इनमें अगले 25 साल तक लोकसभा की मौजूदा कुल सीटें बरकरार रखना, राज्यों के बीच सीटों का वर्तमान बंटवारा बनाए रखना और 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करना शामिल है. कांग्रेस ने यह भी मांग की है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को महिला आरक्षण के भीतर अलग से आरक्षण दिया जाए.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related