Asaduddin Owaisi: उत्तर प्रदेश की सियासत में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं. इसी बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मेरठ में आयोजित जनसभा से समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. ओवैसी ने अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर सवाल उठाए तो कांग्रेस को हाशिमपुरा और मलियाना नरसंहार की याद दिलाई. वहीं, बीजेपी सरकार पर एनकाउंटर, बुलडोजर कार्रवाई और महंगाई को लेकर हमला बोला. इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा चंद्रशेखर आजाद के साथ उनके गठबंधन को लेकर रही. ओवैसी ने गठबंधन का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने चंद्रशेखर आजाद से सिर्फ हाथ नहीं मिलाया, बल्कि दिल मिलाया है.
ओवैसी ने अपने भाषण में साफ संकेत दिया कि उत्तर प्रदेश में दलितों, मुसलमानों और इंसाफ पसंद लोगों को एक राजनीतिक विकल्प देने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने मतदाताओं से सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को मजबूत बनाने की अपील की. साथ ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को घेरते हुए कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े दावे करने वाली पार्टियों को अपने पुराने कार्यकाल और फैसलों का भी जवाब देना चाहिए.
अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर ओवैसी का पलटवार
मेरठ की जनसभा में ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव कभी अल्पसंख्यक तो कभी अगड़ों को PDA का हिस्सा बताते हैं। उन्होंने PDA का नया मतलब बताते हुए कहा, ‘असल पीडीए के मायने ये हैं कि पलट दिया अखिलेश। पीडीए, पलट दिया अखिलेश.’
ओवैसी का यह बयान सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी की राजनीतिक रणनीति पर हमला माना जा रहा है. उन्होंने अखिलेश यादव के उस बयान को भी निशाने पर लिया, जिसमें कथित तौर पर कहा गया था कि दलित और मुसलमान उसी पार्टी को वोट दें, जो बीजेपी को हराने की ताकत रखती हो.
मुंह से सच्चाई निकल ही गई- ओवैसी
इसके बाद उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि अगर उनकी पार्टी बीजेपी को हराने की ताकत रखती है तो 2014, 2017, 2019 और 2022 के चुनावों में ऐसा क्यों नहीं कर पाई? ओवैसी ने जनसभा में मौजूद लोगों से भी सवाल किया कि बीजेपी को वोट नहीं देने के बावजूद आखिर बीजेपी चुनाव कैसे जीत गई? उन्होंने कहा कि सिर्फ यह कह देना काफी नहीं है कि बीजेपी को हराने वाली पार्टी को वोट दिया जाए. राजनीतिक दलों को यह भी बताना चाहिए कि उन्होंने अपने कार्यकाल में जनता के लिए क्या किया और किन मुद्दों पर अपनी जिम्मेदारी निभाई.
चंद्रशेखर आजाद से गठबंधन पर बोले- हाथ नहीं, दिल मिलाया है
ओवैसी के भाषण का सबसे अहम हिस्सा चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन को लेकर रहा. उन्होंने बताया कि कई लोग उनसे सवाल करते हैं कि उन्होंने चंद्रशेखर आजाद के साथ राजनीतिक गठबंधन क्यों किया. इस पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘लोग मुझसे पूछते हैं कि असदुद्दीन ओवैसी, तुमने चंद्रशेखर आज़ाद से हाथ क्यों मिलाया? तो मैं उनको जवाब में कहता हूं कि हाथ नहीं मिलाया हूं, दिल मिलाया हूं.’
ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले कई वर्षों से बीजेपी की सरकार है और प्रदेश के राजनीतिक हालात में बदलाव की जरूरत है. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के करीब 20 प्रतिशत मुस्लिम और 20 प्रतिशत दलित मतदाताओं के साथ इंसाफ पसंद लोगों को एक साथ आकर राजनीतिक बदलाव के लिए काम करना चाहिए.
उन्होंने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि यह गठबंधन केवल राजनीतिक समीकरण नहीं, बल्कि उन लोगों की आवाज बनने की कोशिश है, जिन्हें उनके मुताबिक दूसरी पार्टियां पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दे रही हैं. इस दौरान ओवैसी ने गठबंधन को लेकर विरोधियों की टिप्पणियों का भी जवाब दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें कमजोर समझने की गलती नहीं करनी चाहिए. अपने अंदाज में उन्होंने कहा, ‘ना हमारी जबान का मुकाबला कर सकते ना तो हमारी सोच का मुकाबला कर सकते, ना तुम हमारे जज़्बे का मुकाबला कर सकते.’
एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई पर सरकार को घेरा
जनसभा में ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने एनकाउंटर, हाफ एनकाउंटर, बुलडोजर कार्रवाई और मॉब लिंचिंग की घटनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया. उनका दावा है कि इन मामलों में मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाया गया है. ओवैसी ने दावा किया कि मार्च 2017 से दिसंबर 2024 के बीच उत्तर प्रदेश में 233 लोगों की एनकाउंटर में मौत हुई. उनका दावा था कि इनमें 70 प्रतिशत मुस्लिम थे.
ओवैसी ने हाफ एनकाउंटर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई मामलों में लोगों को गोली मारकर जीवनभर के लिए अपाहिज बना दिया जाता है. उन्होंने अपने भाषण में अगस्त और सितंबर 2024 के दौरान कथित तौर पर 70 मुस्लिम युवकों के हाफ एनकाउंटर का दावा किया.
उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई का जिक्र करते हुए श्रावस्ती, बहराइच, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत जैसे जिलों का नाम लिया. ओवैसी के मुताबिक, इन इलाकों में करीब 350 मस्जिदों, मदरसों और ईदगाहों को चिह्नित कर सील या ध्वस्त किया गया। उन्होंने श्रावस्ती में 104 मदरसों और एक मस्जिद को निशाना बनाए जाने का भी दावा किया. इसके अलावा उन्होंने बाराबंकी की गरीब नवाज मस्जिद, सहारनपुर की एक पुरानी मस्जिद और सिद्धार्थनगर के एक मदरसे का उल्लेख किया.
मॉब लिंचिंग की घटनाओं का जिक्र, संभल के युवकों के नाम गिनाए
ओवैसी ने उत्तर प्रदेश में मॉब लिंचिंग की घटनाओं को लेकर भी सरकार को घेरने की कोशिश की. उन्होंने हापुड़, अलीगढ़, संभल और गोरखपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए पीड़ितों के नाम सामने रखे. उन्होंने अलीगढ़ के मोहम्मद फरीद, हापुड़ के कासिम और संभल के अनस का उल्लेख किया. ओवैसी ने दावा किया कि इन घटनाओं में पीड़ितों को बेरहमी से पीटा गया और कई मामलों में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं में कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं.
संभल की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने नईम गाजी, मोहम्मद अयान, बिलाल अंसारी और मोहम्मद कैफ के नाम लिए. ओवैसी ने बताया कि इन युवकों में कोई मिठाई की दुकान पर काम करता था तो कोई ढाबे और हैंडलूम की दुकान से जुड़ा था. उन्होंने कहा कि इन युवकों के नाम और उनकी कहानियां राजनीतिक दलों को याद रखनी चाहिए। ओवैसी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या उनके नेता भी अपनी जनसभाओं में इन पीड़ितों के नाम लेकर उनके साथ हुई घटनाओं पर सवाल उठाते हैं?
हाशिमपुरा और मलियाना नरसंहार पर कांग्रेस को घेरा
मेरठ से ओवैसी ने कांग्रेस को भी पुराने मामलों की याद दिलाई. उन्होंने 22 मई 1987 को हुए हाशिमपुरा नरसंहार और 23 मई 1987 को हुए मलियाना नरसंहार का जिक्र करते हुए तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाए. ओवैसी ने दावा किया कि हाशिमपुरा में 42 मुसलमानों की हत्या हुई थी, जबकि अगले दिन मलियाना में 72 लोगों की जान गई थी. उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि वे अपने पुराने राजनीतिक इतिहास को याद करें और इन घटनाओं पर जवाब दें. उन्होंने कहा, ’22 मई 1987 को इसी मेरठ में 42 मुसलमानों का गंग नहर में, हाशिमपुरा में कत्लेआम हुआ था. सरकार कांग्रेस की थी.’ इसके बाद उन्होंने मलियाना की घटना का जिक्र करते हुए कहा, ‘उसके दूसरे दिन 23 मई को, 87 को. 72 मुसलमानों का मलियाना में कत्लेआम हुआ. मैं था मुख्यमंत्री? मैं था प्रधानमंत्री?’
मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर अखिलेश यादव पर हमला
ओवैसी ने 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का मुद्दा उठाकर समाजवादी पार्टी को भी घेरा. उन्होंने दावा किया कि उस दौरान करीब 50 हजार लोग अपने घरों से बेघर हो गए थे. ओवैसी ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सपा सरकार ने राहत शिविरों में रह रहे लोगों की पर्याप्त मदद नहीं कीय उन्होंने दावा किया कि उस समय समाजवादी पार्टी के 47 मुस्लिम विधायक थे, इसके बावजूद प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में सरकार नाकाम रही. ओवैसी ने आरोप लगाया कि बाद में राहत शिविरों को बुलडोजर के जरिए हटवा दिया गया.
ओवैसी ने अपने भाषण में कहा, ‘समाजवादी पार्टी ने मदद करना तो छोड़ो झूठे मुंह से कोई अल्फ़ाज़ अदा नहीं किए. पूछो शाहनवाज़ से कि समाजवादी की हुकूमत ने उन कैम्पों को बुलडोज़रों से निकाल दिया.’ उन्होंने मुजफ्फरनगर के राहत शिविरों में जाने और प्रभावित परिवारों की मदद करने का भी जिक्र किया. ओवैसी ने शाहनवाज नाम के व्यक्ति को मंच पर बुलाकर कहा कि वह इस बात के गवाह हैं कि उस दौरान शिविरों में लोगों की स्थिति कैसी थी और किस तरह कुछ परिवारों की मदद की गई थी.
बुनकरों की बदहाली का मुद्दा उठाया
ओवैसी ने बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान पर भी पलटवार किया. उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह ने उनके और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर टिप्पणी की थी. ओवैसी ने मेरठ, बनारस और मऊ के बुनकरों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गिरिराज सिंह को इन इलाकों में ले जाकर पावरलूम उद्योग की वास्तविक स्थिति दिखाएंगे. उन्होंने कहा, ‘हम आपको मेरठ लाएंगे. यहां पर बुनकरों के पावरलूम को दिखाएंगे. हम आपको बनारस लेकर जाएंगे, बुनकरों का पावरलूम देखो आप. आपको मऊ लेकर जाएंगे, अंसारियों का बुनकर देखो आप.’
महंगाई पर भी सरकार को घेरा, खाने-पीने की चीजों के दाम गिनाए
अपने भाषण में ओवैसी ने महंगाई का मुद्दा उठाया. उन्होंने अंडा, चावल, आटा, चीनी, नमक, आलू, प्याज, टमाटर, चिकन और मटन की कीमतों का जिक्र किया. ओवैसी ने कहा कि आम परिवारों के लिए रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या वे इन चीजों की कीमतों में कमी चाहते हैं? उन्होंने अपने भाषण में कहा, ‘उत्तर प्रदेश में अंडा ₹7 में हो गया, चावल ₹40 किलो. आटा ₹35, चीनी 61 रुपये किलो, नमक 23 रुपये के करीब, आलू 16 रुपये 69 पैसा, प्याज 49 रुपये 15 पैसे, टमाटर 34 रुपये 85 पैसे किलो, चिकन ₹230, स्किनलेस मटन ₹765 किलो.’
