UP News Hindi: सूबे में क्या हो रहा है, किस मुद्दे पर क्या हलचल है और कहां क्या बड़ा अपडेट आया? सब कुछ आपको यहां मिलेगा. नेताओं के बयान हों, पुलिस की कार्रवाई या आम लोगों से जुड़ी खबरें, हर अपडेट हम आपको आसान और तेज़ तरीके से पहुंचाते रहेंगे. जुड़े रहिए और रहिए हर खबर से अपडेट.
रोहित शेट्टी फायरिंग केस: आगरा से दबोचा गया शुभम लोनकर गैंग का गुर्गा
लखनऊ/आगरा: मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में यूपी एसटीएफ और मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. टीम ने फरार आरोपी प्रदीप कुमार उर्फ गांठ को आगरा से गिरफ्तार किया है. पूछताछ में सामने आया कि प्रदीप फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट देखकर शुभम लोनकर गैंग से प्रभावित हुआ था. पुलिस के मुताबिक, जिस समय रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग हुई, प्रदीप मुंबई में ही मौजूद था और वारदात की साजिश का हिस्सा था.
प्रयागराज: रेस्टोरेंट की आग ने योगा सेंटर को लिया चपेट में, युवती झुलसी
प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित ‘मील्स ऑन ह्वील्स’ रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें इतनी विकराल हो गईं कि पास ही स्थित एक योगा सेंटर भी इसकी चपेट में आ गया. जिस वक्त आग लगी, योगा सेंटर में करीब 20 महिलाएं मौजूद थीं. कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इस घटना में एक लड़की का हाथ झुलस गया है. दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है.
बहराइच: चलती कार बनी आग का गोला, अवैध कब्जे पर चला बुल्डोजर
बहराइच जिले में आज दो बड़ी घटनाएं हुईं. मोतीपुर थाना क्षेत्र के उर्रा गांव के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई. कार में सवार तीन लोगों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई. कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई. वहीं, नानपारा तहसील के रामनगर सेमरा गाँव में अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का डंडा चला. नायब तहसीलदार के नेतृत्व में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए मकान को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया.
बाराबंकी: चेकिंग के दौरान दीवान की दबंगई, युवक को लाठियों से पीटा
बाराबंकी: देवा थाना क्षेत्र के उखड़ी चौराहे से पुलिस की बर्बरता का एक वीडियो वायरल हो रहा है. देर रात चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक और दीवान शिव मूर्ति पांडे के बीच नोकझोंक हो गई. वीडियो में दीवान युवक पर लाठियां बरसाते हुए दिख रहे हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है और उच्चाधिकारियों द्वारा मामले की जांच की बात कही जा रही है.
महोबा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी और दो ई-रिक्शा को मारी टक्कर
महोबा में हिट एंड रन का मामला सामने आया है. यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी और दो ई रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. ये घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई. भाग रहे आरोपी चालक को पकड़कर भीड़ ने पीटा. हादसे में लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं. सभी घायलों को एंबुलेंस और पुलिस कि मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में एक की हालत नाजुक है. उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है. पुलिस ने स्कॉर्पियो कार और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की. बता दें, थाना शहर कोतवाली क्षेत्र के नए प्राइवेट स्टैंड से लेकर पठा तिगैला तक घटना को अंजाम दिया गया है.
मेरठ में युवक की गला रेतकर हत्या
मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के ग्राम भलसोना में युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई. खेत में गला कटी लाश मिलने से हड़कप मच गया. अज्ञात शव मिलने से इलाके में अफरातफरी मची. शव को कब्जे मे लेकर पुलिस ने छानबीन की. अज्ञात शव की पहचान करवाने में पुलिस जुट गई है.
भदोही में साइबर फ्रॉड करने वाले 3 आरोपी अरेस्ट
भदोही के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में साइबर फ्रॉड करने वाले 3 आरोपी अरेस्ट किए गए हैं. ये लोग लोन दिलाने के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे. फिर साइबर फ्रॉड के पैसे उन्हीं खातों में मंगवाते थे. जब पुलिस को करोड़ो रुपये के लेनदेन की जानकारी मिली तो जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
सोन नदी के छठ घाट पर डूबा युवक
सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के सोन नदी के छठ घाट पर एक युवक के डूबने से हड़कंप मच गया. नहाने के दौरान चप्पल बचाने की कोशिश में युवक गहरे पानी में जा गिरा. मौके पर मौजूद लोगों ने स्थानीय पुलिस को दी सूचना. पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की. राजस्थान का निवासी बताया जा रहा डूबा युवक. एसडीआरएफ टीम को पुलिस ने दी सूचना. फिलहाल शख्स का पता नहीं चल सका है.
महिला की कोई जाति या धर्म नहीं होता: बाबिता सिंह
महिला आयोग की अध्यक्ष बाबिता सिंह चौहान ने कहा कि महिला की कोई जाति या धर्म नहीं होता, इसलिए इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष छोटे-छोटे वादों के जरिए महिलाओं को लुभाने की कोशिश करता है, लेकिन जब महिलाओं को बराबरी और अधिकार देने की बात आती है तो वे पीछे हट जाते हैं.
झुग्गियों कबाड़ के गोदाम में भीषण आग
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कानवनी इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 250 से 300 झुग्गियों और कबाड़ के गोदामों में भीषण आग लग गई. आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते लोगों की जिंदगी भर की कमाई जलकर राख हो गई. सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई. हालात को देखते हुए आसपास के इलाकों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगाई गईं. एहतियात के तौर पर एंबुलेंस तैनात की गईं, वहीं नजदीकी अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है.
बलिया में पुलिस की बर्बरता का आरोप, गर्भवती महिला को लात मारने का वीडियो वायरल
बलिया में पुलिस का कथित अमानवीय चेहरा सामने आया है. बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में एक गर्भवती महिला के साथ अभद्रता और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आरोप है कि कांस्टेबल सुजीत कुमार ने विवादित जमीन पर कार्रवाई के दौरान गर्भवती महिला के पेट पर लात मार दी. बताया जा रहा है कि पुलिस जब उसके चाचा को पकड़कर ले जा रही थी, तब महिला ने उनका कसूर पूछा, इसी दौरान यह घटना हुई. पीड़िता पूजा पटेल का कहना है कि उसे एसपी स्तर पर न्याय नहीं मिला, अब वह डीआईजी से शिकायत करेगी. घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
वृंदावन नाव हादसे में सर्च ऑपरेशन खत्म, अंतिम लापता पंकज मल्होत्रा का शव मिला, मृतकों की संख्या 16
मथुरा के वृंदावन में हुए दर्दनाक नाव हादसे में बड़ा अपडेट सामने आया है. यमुना में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान देवराह बाबा घाट और पानीगांव के बीच लापता पंकज मल्होत्रा का शव बरामद कर लिया गया है. इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है और बीते शुक्रवार से चल रहा सर्च ऑपरेशन भी समाप्त हो गया है. यह हादसा उस समय हुआ था जब यमुना में मोटर बोट पलट गई थी, जिसमें 38 श्रद्धालु सवार थे. शुरुआती दौर में 10 शव बरामद हुए थे, जबकि बाकी लापता लोगों की तलाश के लिए NDRF, SDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीमों ने लगातार अभियान चलाया. ड्रोन की मदद से भी सर्च ऑपरेशन किया गया. जांच में सामने आया कि किसी भी श्रद्धालु ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी. इस मामले में नाविक पप्पू और ठेकेदार नारायण को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
यूपी में भीषण गर्मी की एंट्री, पारा 45°C के करीब; कई जिलों में लू का कहर
लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है. तापमान 45°C के करीब पहुंच गया है और बांदा सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां पारा 44.8°C तक पहुंच गया. प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में तापमान 40°C के पार चला गया है, जबकि बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी के इलाकों में गर्मी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है. प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, झांसी और हमीरपुर में तेज धूप और लू से लोग बेहाल हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले 4–5 दिनों में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं और आने वाले एक हफ्ते में तापमान 3–4°C तक और चढ़ सकता है.
लखनऊ में बेकाबू स्कॉर्पियो मंदिर में घुसी, शिवलिंग व मूर्तियां क्षतिग्रस्त, वीडियो वायरल
लखनऊ के आशियाना स्थित पकरी पुल चौराहे पर हुए हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. तेज रफ्तार बेकाबू स्कॉर्पियो प्राचीन ऋण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में घुस गई, जिससे मंदिर का गेट और दीवार क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में मंदिर में स्थापित शिवलिंग और अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों को भी नुकसान पहुंचा. मौके पर मौजूद सेवादारों ने वाहन चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. बताया जा रहा है कि चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मंदिर के पुनर्निर्माण का भरोसा दिया, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया.
चलती मारुति कार में लगी आग से मचा हड़कंप, सवारों ने कूदकर बचाई जान
अम्बेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शहजादपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक मारुति कार में अचानक आग लग गई. कार में सवार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
संभल में इमामबाड़े पर कार्रवाई से पहले लोगों ने खुद शुरू की तोड़फोड़, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
संभल में प्रशासनिक कार्रवाई से पहले ही इमामबाड़े को लेकर हलचल तेज हो गई. बुलडोजर कार्रवाई की आशंका के बीच मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने खुद ही ढांचे को तोड़ना शुरू कर दिया. सूचना मिलते ही एसडीएम मौके पर पहुंचीं और हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया. इलाके में स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है.


