Last Updated:
Kanpur-Ayodhya Namo Bharat Project : यूपी में एक्सप्रेसवे का जाल बिछाने के बाद अब कनेक्टिविटी को नेक्स्ट लेवल पर ले जाने की तैयारी है. मेरठ से दिल्ली तक रैपिड रेल चलाने के बाद कानपुर से अयोध्या के बीच नमो भारत रैपिड रेल दौड़ाने की तैयारी है. इससे दोनों शहरों के बीच आवाजाही का समय महज डेढ़ घंटे तक सिमट जाएगा. अभी कानपुर से अयोध्या पहुंचने में करीब 6 से 7 घंटे का समय लग जाता है. यह रूट कानपुर से लखनऊ और फिर अयोध्या तक बनाया जाएगा.
कानपुर से अयोध्या तक रैपिड रेल को दो चरणों में बनाया जाएगा. पहले चरण में कानपुर से लखनऊ तक रैपिड रेल चलाई जाएगी और दूसरे चरण में लखनऊ से अयोध्या तक ट्रेन दौड़ाने का प्लान है. लखनऊ से कानपुर के बीच रैपिड रेल चलाने के लिए सर्वे भी शुरू हो चुका है. जैसे ही सर्वे पूरा होगा इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार करके सरकार को भेज दिया जाएगा. यह प्रोजेक्ट सिर्फ तीन शहरों को ही नहीं जोड़ेगा, बल्कि आसपास की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी मजबूत बनाएगा.
लखनऊ से कानपुर के बीच बनने वाला पहला रैपिड रेल प्रोजेक्ट करीब 72 किलोमीटर लंबा होगा. इसका ट्रैक कानपुर के नयागंज से शुरू होगा और गंगा बैराज, मगरवारा, उन्नाव, अजगैन, जैतीपुर, बंथरा, नवाबगंज के रास्ते अमौसी एयरपोर्ट तक जाएगा. प्रोजेक्ट के तहत रैपिड रेल को दोनों शहरों के मेट्रो से भी जोड़ने की तैयारी है. लखनऊ और कानपुर दोनों ही शहरों में मेट्रो का विस्तार हो रहा है. अगर रैपिड रेल को मेट्रो से जोड़ा जाता है तो यात्रियों को इन शहरों में पहुंचने के बाद अलग-अलग हिस्से में जाने में आसानी होगी.
कानपुर से अयोध्या तक रैपिड रेल शुरू होने के बाद उन्नाव और बाराबंकी जैसे जिलों को भी फायदा होगा. इस रैपिड रेल से उन्नाव के तमाम इलाके सीधे जुड़ जाएंगे, जबकि लखनऊ से अयोध्या के मार्ग पर बाराबंकी के आसपास के इलाकों को भी इससे जोड़ा जा सकेगा. यूपी सरकार की मंशा एनसीआर की तर्ज पर स्टेट कैपिटल रीजन यानी एससीआर विकसित करने की है. इसी प्रोजेक्ट के तहत राजधानी लखनऊ के आसपास के शहरों तक तेज कनेक्टिविटी बनाई जा रही है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
प्रोजेक्ट का दूसरा चरण लखनऊ से अयोध्या के बीच शुरू होगा, जिसकी लंबाई करीब 127 किलोमीटर मानी जा रही है. यह प्रोजेक्ट लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से शुरू होगा और यहां से निकलकर सुशांत गोल्फ सिटी, जुग्गौर, बड़ेल, सफदरजंग और भिटरया के रास्ते अयोध्या धाम तक पहुंचेगा. जाहिर है कि इस पूरे ट्रैक के तैयार होने के बाद आसपास के इलाकों को भी बेहतर और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी. लखनऊ से अयोध्या जाना तो आसान होगा ही, साथ ही गोरखपुर, बस्ती सहित अन्य पूर्वी जिलों को लखनऊ और कानपुर तक पहुंचना आसान होगा.
अयोध्या से कानपुर तक रैपिड रैल बनाने के लिए गंगा नदी पर पुल भी बनाया जाएगा. इस पूरे नेटवर्क पर करीब 12 स्टेशन बनाए जाएंगे और इन सभी स्टेशनों से आसापास के इलाकों तक भी पहुंचने के लिए तेज कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी. अभी अयोध्या से कानपुर तक पहुंचने में करीब 6 से 7 घंटे का समय लग जाता है, लेकिन रैपिड रेल तैयार होने के बाद इस दूरी को महज डेढ़ घंटे में तय किया जा सकेगा. फिलहाल कानपुर रूट पर सर्वे का काम चल रहा है और एक बार सर्वे पूरा हो गया तो डीपीआर सरकार को भेज दिया जाएगा, जिसके बाद काम शुरू हो सकता है.
रैपिड रेल बनाने पर काफी बड़ा खर्चा आने का अनुमान है. माना जा रहा है कि कानपुर से लखनऊ के बीच रैपिड रेल चलाने पर करीब 32 हजार करोड़ का खर्चा आ सकता है. हालांकि, अंतिम लागत डिटेल रिपोर्ट आने के बाद ही तय हो सकेगी. प्रोजेक्ट तैयार होने के बाद कानपुर, उन्नाव और लखनऊ के बीच रोजाना आने-जाने वालों को ट्रांसपोर्टेशन का तेज विकल्प मिलेगा. यह प्रोजेक्ट सिर्फ कनेक्टिविटी को ही बेहतर नहीं बनाएगा, बल्कि आसपास के इलाकों में रियल एस्टेट की संभावनाएं भी बढ़ेंगी. कारोबारी गतिविधियां बढ़ने से आसपास के इलाकों में रोजगार की संभावनाएं भी पैदा होंगी.
कानपुर-अयोध्या रैपिड रेल को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया जा रहा है. मेरठ से दिल्ली तक चल रही नमो भारत रैपिड रेल की तर्ज पर कानपुर-अयोध्या रूट पर भी सुविधाओं का खास ख्याल रखा जाएगा. ट्रेन में आरामदायक सीटों के साथ वाईफाई, मोबाइल चार्जिंग और मॉडर्न कम्युनिकेशंस सिस्टम जैसी सुविधाएं भी होंगी. ट्रेन को बारिश और कोहरे में भी सुरक्षित चलाने के लिए आधुनिक सिग्नल और अन्य तकनीकी सिस्टम भी लगाए जाएंगे.
