Last Updated:
Panchdev in Hinduism: क्या आपने कभी सोचा है कि सनातन परंपरा में विशेष रूप से पांच देवी-देवताओं का इतना महत्वपूर्ण स्थान क्यों है? भगवान गणेश, भगवान विष्णु, भगवान शिव, आदि शक्ति और सूर्य देव को अक्सर सामूहिक रूप से पंचदेव के रूप में याद किया जाता है. पहली बार में, वे पूरी तरह से अलग-अलग शक्तियों का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतीत हो सकते हैं. लेकिन उनके पीछे एक गहरा विचार जुड़ा हुआ है.
Panchdev in Hinduism: क्या आपने कभी सोचा है कि सनातन धर्म में पांच विशेष देवी-देवताओं की एक साथ पूजा क्यों की जाती है और इनको पंच देवता कहा जाता है. गणेशजी, भगवान नारायण, भगवान शिव, आदिशक्ति माता और सूर्यदेव को पंचदेव के रूप में जाना जाता है. आखिर इन पांचों देवी-देवताओं को ही पंचदेव क्यों कहा गया है? क्या इनके स्वरूपों के पीछे कोई विशेष आध्यात्मिक रहस्य छिपा है? दरअसल, सनातन परंपरा में इन पांचों को जीवन और सृष्टि के अलग-अलग महत्वपूर्ण सिद्धांतों का प्रतीक माना गया है. कोई नई शुरुआत का संदेश देता है, तो कोई संसार का पालन करता है. कोई परिवर्तन का प्रतीक है, तो कोई शक्ति और जीवन ऊर्जा का आधार है. आइए जानते हैं पंचदेव की पूजा का महत्व और इसके पीछे छिपा आध्यात्मिक रहस्य.
पंचदेव में सबसे पहले भगवान गणेश का स्थान माना जाता है. सनातन धर्म में किसी भी शुभ कार्य, पूजा-पाठ या मांगलिक आयोजन की शुरुआत गणेशजी की आराधना से की जाती है और उन्हें विघ्नहर्ता और बुद्धि-विवेक का देवता कहा जाता है. मान्यता है कि गणेशजी की पूजा करने से कार्यों में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है. गणेशजी बुद्धिबल के प्रयोग से सृष्टि समेत मनुष्यों की परेशानियों को दूर करते हैं और सकारात्मक मार्ग प्रशस्त करते हैं.
पंचदेव में भगवान विष्णु को सृष्टि का पालनकर्ता माना गया है. उनका प्रमुख कार्य संसार में धर्म और व्यवस्था की रक्षा करना है. जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है और धर्म की हानि होती है, तब भगवान विष्णु अलग-अलग अवतार लेकर संसार में संतुलन स्थापित करते हैं. नरसिंह अवतार, परशुराम, भगवान राम और श्रीकृष्ण उनके प्रमुख अवतार माने जाते हैं. विष्णुजी का स्वरूप हमें संदेश देता है कि केवल किसी चीज की शुरुआत करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी रक्षा करना और उसे सही दिशा में बनाए रखना भी जरूरी है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
भगवान शिव को संहार का देवता कहा जाता है, लेकिन इसका अर्थ केवल विनाश नहीं है. शिव का संहार सृष्टि में परिवर्तन और नए निर्माण का मार्ग खोलने का प्रतीक है. जिस प्रकार पुरानी चीजों के समाप्त होने पर नई चीजों का जन्म होता है, उसी प्रकार जीवन में भी बदलाव आवश्यक है. भगवान शिव हमें सिखाते हैं कि मोह, अहंकार और नकारात्मकता का त्याग करके ही आध्यात्मिक उन्नति की जा सकती है. इसलिए पंचदेव में उनका स्थान जीवन के परिवर्तन और पुनर्निर्माण की शक्ति को दर्शाता है.
आदिशक्ति को संपूर्ण ब्रह्मांड की मूल शक्ति माना जाता है. मान्यता है कि शक्ति के बिना सृष्टि की कल्पना भी नहीं की जा सकती. माता दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती को आदिशक्ति के विभिन्न स्वरूपों के रूप में पूजा जाता है. माता दुर्गा शक्ति और साहस, माता लक्ष्मी धन-समृद्धि तथा माता सरस्वती ज्ञान और विद्या की प्रतीक हैं. पूरी सृष्टि को जो ऊर्जा मिलती है, वह आदि शक्ति मिलती है. सभी देवी-देवताओं को शक्तियां भी आदिशक्ति से ही मिली हैं. पंचदेव में आदिशक्ति का स्थान यह बताता है कि सृष्टि के निर्माण, पालन और परिवर्तन के लिए ऊर्जा का होना बेहद आवश्यक है.
पंचदेव में पांचवें स्थान पर ग्रहों के राजा सूर्यदेव को माना जाता है. सूर्य को प्रत्यक्ष देवता कहा जाता है, क्योंकि उनका प्रकाश और ऊर्जा हर दिन पूरी दुनिया को जीवन प्रदान करते हैं. सनातन धर्म में सूर्यदेव को आरोग्य, तेज, आत्मा, समय और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना गया है. प्रतिदिन सूर्य को जल अर्पित करना और सूर्य नमस्कार करना प्राचीन परंपरा का हिस्सा है. बिना सूर्यदेव को पृथ्वी पर जीवन संभव नहीं है इसलिए पंचदेवता में सूर्यदेव की भूमिका प्रमुख है.
पंचदेव की पूजा का सबसे गहरा संदेश यह है कि जीवन में बुद्धि, संरक्षण, परिवर्तन, शक्ति और ऊर्जा पांचों का संतुलन होना जरूरी है. गणेशजी शुभ शुरुआत, विष्णुजी पालन, शिवजी परिवर्तन, आदिशक्ति ऊर्जा और सूर्यदेव जीवन के प्रकाश का प्रतीक हैं. सनातन धर्म में इन पांचों देवी-देवताओं की एक साथ पूजा करना इसी व्यापक आध्यात्मिक सोच को दर्शाता है.
