Cyclone Akvan News: कहां पहुंचा तूफान अक्वान, कितनी मचाएगा तबाही? साइक्लोन अलर्ट पर जान लें हर बात

Date:


होमताजा खबरदेश

कहां पहुंचा तूफान अक्वान, कितनी मचाएगा तबाही? साइक्लोन अलर्ट पर जान लें हर बात

Last Updated:

Cyclone Akvan Update: बंगाल की खाड़ी में तूफान अक्वान तेजी से ताकत जुटा रहा है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक यहां बना डिप्रेशन 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर को भीषण चक्रवात में बदल सकता है. इसके बाद आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने का अनुमान है. ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है. ओडिशा सरकार ने सभी जिलों में कंट्रोल रूम और बचाव दल तैयार रखे हैं. मछुआरों को समुद्र से लौटने और किसानों को फसल काटने की सलाह दी गई है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

बंगाल की खाड़ी में तूफान अक्वान के 17 नवंबर तक भीषण चक्रवात बनने का अनुमान है. (फाइल फोटो)

Cyclone Akvan News: बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान दस्तक देने की तैयारी में है. इसका नाम अक्वान (Akvan) रखा गया है. मौसम विभाग के मुताबिक समुद्र के ऊपर बना डिप्रेशन तेजी से ताकत जुटा रहा है. इसके 16 नवंबर यानी सोमवार को चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है. इसके बाद 17 नवंबर को यह भीषण चक्रवात का रूप ले सकता है. अगले कुछ दिनों में इसके और मजबूत होकर आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने का अनुमान है. ऐसे में सवाल है कि तूफान अक्वान अभी कहां पहुंचा है और किन राज्यों में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है? क्या यह ओडिशा से लेकर तमिलनाडु तक भारी बारिश और तेज हवाओं का कारण बनेगा? मौसम विभाग के अलर्ट के बीच इन सभी सवालों के जवाब जानना जरूरी है.

अक्वान इस क्षेत्र में पिछले तीन हफ्तों के दौरान बनने वाला तीसरा चक्रवाती तूफान होगा. भारत के पूर्वी तट पर इसका असर खास तौर पर बारिश के रूप में दिखाई दे सकता है. ओडिशा सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट पर रखा है. दक्षिणी और तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है. तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और फिर उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़कर आंध्र प्रदेश तट की तरफ जाएगा. हालांकि इसकी सटीक तीव्रता और असर का आकलन आगे के मौसम अपडेट के साथ साफ होगा.

तूफान के संभावित रास्ते को देखते हुए ओडिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. (IMD)

बंगाल की खाड़ी में कहां है तूफान अक्वान?

मौसम विभाग (IMD) के रविवार के अपडेट के मुताबिक दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा था. रविवार सुबह 11:30 बजे यह इसी क्षेत्र में मौजूद था. मौसम विभाग ने इसके आगे भी इसी दिशा में बढ़ने और सोमवार को दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों तथा उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की संभावना जताई थी.

इसके बाद मंगलवार को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके भीषण चक्रवात में बदलने का अनुमान है. अगले दो दिनों में इसके और ताकतवर होकर आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है. तूफान का नाम अक्वान ईरान ने दिया है. इसका अर्थ ‘बुरी मानसिकता’ या ‘दुष्ट मन’ बताया गया है.

ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट

  • तूफान के संभावित रास्ते को देखते हुए ओडिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि कई टीमें तैनात की गई हैं. सभी जिलों में 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम बनाए जा रहे हैं. एनडीआरएफ और ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF) के साथ अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को भी तैयार रखा गया है.
  • मौसम विभाग ने गुरुवार को गजपति, गंजाम और पुरी में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है. शुक्रवार को रायगढ़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, गजपति और गंजाम में तेज बारिश हो सकती है. शनिवार को सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और बरगढ़ में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. निचले इलाकों में जलभराव और संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन का खतरा भी हो सकता है.

तमिलनाडु और बंगाल में भी बरसेंगे बादल

अक्वान का असर ओडिशा तक सीमित रहने की आशंका नहीं है. तमिलनाडु के उत्तरी तटीय जिलों के साथ पुडुचेरी और कराईकल में बारिश हो सकती है. राज्य के पश्चिमी घाट और दक्षिणी जिलों में भी कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश का अनुमान है. पश्चिम बंगाल में उत्तर और दक्षिण 24 परगना के अलावा कोलकाता, हावड़ा तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है. ओडिशा के तटीय जिलों में 18 से 20 नवंबर के बीच बारिश का दौर रह सकता है.

मछुआरों और किसानों को क्या सलाह?

ओडिशा प्रशासन ने मछुआरों को 16 नवंबर तक समुद्र से लौटने की सलाह दी है. किसानों से कहा गया है कि वे 18 और 19 नवंबर को संभावित बारिश से पहले फसलों की कटाई पूरी कर लें. प्रशासन ने एहतियाती इंतजामों के लिए अधिकारियों की छुट्टियां भी रद्द की थीं. बचाव दलों को जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है.

अमेरिका स्थित ज्वाइंट टाइफून वार्निंग सेंटर (JTWC) के मुताबिक समुद्र की सतह का तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच है. यह तूफान के मजबूत होने के लिए अनुकूल स्थिति बना सकता है. हालांकि अलग-अलग वैश्विक मौसम मॉडल इसकी तीव्रता को लेकर एक जैसे अनुमान नहीं दे रहे हैं. इसलिए आने वाले अपडेट पर नजर रखना जरूरी है.

About the Author

सुमित कुमारSenior Sub Editor

सुमित कुमार हिंदी पत्रकारिता का एक उभरता और सक्रिय नाम हैं. वर्तमान में वे News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और सेंट्रल डेस्क टीम का हिस्सा हैं. पिछले चार साल से वे Network18और पढ़ें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related