Last Updated:
पश्चिम बंगाल में पुलिस कांस्टेबल पर गोली चलाने वाला युवक रतन शेख एनकाउंटर में मारा गया. उसपर पहले से 36 मुकदमे दर्ज थे. अरेस्ट किए जाने के बाद पुलिस शेख को वेपन रिकवरी के लिए लेकर गई थी. इस दौरान उसने इसी वेपन से पुलिस टीम पर हमला कर दिया. जवाबी एक्शन में वो पुलिस की गोली का शिकार होकर मारा गया.
शेख ने पुलिस कांस्टेबल पर गोली चलाई थी.
पश्चिम बंगाल में बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन में 13 नवंबर को एक पुलिस कांस्टेबल पर गोली चलाने का आरोपी रविवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया. पुलिस के मुताबिक कई आपराधिक मामलों में नामजद रतन शेख को रविवार की दोपहर पड़ोसी पूर्व बर्धमान जिले के नवाबहाट इलाके से गिरफ्तार किया गया था. उसे गोलीबारी में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद करने के लिए बीरभूम जिले के नानूर स्थित चरकोल गांव के एक ईंट भट्ठे पर ले जाया गया था. अचानक उसने उस जगह से हथियार निकाल लिया, जहां पर उसने इस हथियार को छिपा रखा था और पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी. इस दौरान एक गोली पुलिस के वाहन में लगी.
छह महीने में पांचवीं मुठभेड़
अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी गोलीबारी की, जिसमें शेख को गोलियां लगीं. उसे नानूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शाम लगभग पांच बजकर 45 मिनट पर उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए बोलपुर अस्पताल ले जाया गया.’’ राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद, बीते छह महीने में पश्चिम बंगाल में यह पांचवीं पुलिस मुठभेड़ है. आरोपी शेख ने 13 नवंबर को शांतिनिकेतन थाने के अंतर्गत लाइक बाजार में कांस्टेबल विश्वजीत दास पर कथित तौर पर गोली चलाई थी, जो उनके पैर में लगी थी.
शेख पर 36 आपराधिक मामले दर्ज
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए जाने के बाद शेख ने जुर्म कबूल कर लिया था और पुलिस टीम को उस जगह ले जाने के लिए तैयार हो गया था, जहां उसने हथियार छिपाया था. इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शेख को ‘‘कुख्यात अपराधी’’ बताया और कहा कि उसके खिलाफ 36 आपराधिक मामले दर्ज थे. उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई पुलिस पर गोली चलाता है, तो क्या पुलिस उसे बताशा खिलाए? पुलिस को जवाबी कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई है. अगर कोई पुलिसकर्मी पर हमला करता है या उसके साथ मारपीट करता है, तो पुलिस को जवाब देना चाहिए.’’
सीएम शुभेंदु का मिला पूरा साथ
मुख्यमंत्री ने आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में दुष्कर्मियों, गुंडों और हत्यारों के लिए कोई जगह नहीं है. कांस्टेबल दास पर हुए हमले का जिक्र करते हुए शुभेंदु ने कहा कि जब उनके साथी पुलिसकर्मियों पर हमला होता है, तो पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई पुलिस पर गोली चलाता है, तो उसे जवाबी कार्रवाई करनी चाहिए.’’ उन्होंने कहा कि अपराधियों से निपटने के लिए वह जरूरी सभी कदम उठाएंगे.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
