नोएडा सेक्टर-118 में भूमाफियाओं का खेल… बोरवेल से रोजाना 400 टैंकर पानी चोरी, प्रशासन मौन, बूंद-बूंद को तरसेंगे लोग?

Date:


Last Updated:

Noida News: शहर में जल संकट की आहट के बीच जल माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि नियमों को ताक पर रखकर धरती की कोख को खाली किया जा रहा है. नोएडा के सेक्टर-118 में बिना किसी अनुमति के रोजाना सैकड़ों टैंकर भूजल का अवैध दोहन कर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है.

Noida News: नोएडा के सेक्टर-118 में अजनारा एंब्रोसिया सोसायटी के पास खाली पड़ी जमीन पर भूजल का अवैध दोहन धड़ल्ले से चल रहा है. यहां कथित तौर पर बिना अनुमति बोरवेल चलाकर रोजाना 300 से 400 टैंकर पानी जमीन से निकालकर शहर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जा रहा है. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले करीब ढाई महीने से यह कारोबार लगातार चल रहा है, लेकिन संबंधित विभागों को शिकायतों के बावजूद अब तक इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है. सुबह से देर रात तक मौके पर पानी के टैंकरों की कतार लगी रहती है.

दो बड़े बोरवेल और उन्हें संचालित करने के लिए जनरेटर का इस्तेमाल
मौके पर पानी निकालने के लिए बड़े सबमर्सिबल पंप लगाए गए हैं. इन्हें संचालित करने के लिए बड़े-बड़े जनरेटर का इस्तेमाल किया जा रहा है. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि खाली जमीन पर अस्थायी निर्माण कर पानी निकालने और टैंकरों को भरने की व्यवस्था बनाई गई है. पहले मुख्य सड़क की तरफ से टैंकरों की आवाजाही होती थी, लेकिन वहां बैरिकेडिंग होने के बाद अब कच्चा रास्ता तैयार कर लिया गया है. निवासी अंकित का कहना है कि दिन के समय तो टैंकरों की आवाजाही दिखाई देती ही है, लेकिन रात तीन से चार बजे के बीच इनकी संख्या और बढ़ जाती है. उनका आरोप है कि रात के समय निगरानी कम होने का फायदा उठाकर भूजल का दोहन किया जाता है.

करीब ढाई महीने से चल रही है ये अवैध गतिविधि
स्थानीय निवासी अभिषेक ने बताया कि करीब ढाई महीने से यह गतिविधि चल रही है. इसकी शिकायत डीएम, जल निगम और संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है. सोशल मीडिया पर भी मामले को उठाया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. वहीं, निवासी हेमंत का कहना है कि पहले भी नोएडा प्राधिकरण में शिकायत की गई थी. इसके बाद कुछ दिनों तक पानी निकालने का काम बंद रहा, लेकिन फिर दोबारा शुरू हो गया. उनका कहना है कि लगातार भूजल निकालने से आने वाले समय में आसपास रहने वाले लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है. तुषार राजन ने भी प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

इस तरह मिलती है NOC लेकिन ये तादाद बहुत ज्यादा
नियमों के मुताबिक, प्रतिदिन 10 हजार लीटर से अधिक भूजल का दोहन करने के लिए भूगर्भ जल विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना अनिवार्य है. जिले में विभाग की ओर से करीब 950 एनओसी जारी की जा चुकी हैं. ऐसे में सेक्टर-118 में बड़े पैमाने पर भूजल निकाले जाने को लेकर कोई अनुमति नहीं ली गई है. निवासियों का आरोप है कि यहां लाखों लीटर पानी का दोहन हर रोज हो रहा है. इसके अलावा दिनभर भारी टैंकरों की आवाजाही से इलाके में धूल उड़ती है, और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

अधिकारी ने किया दावा
इस मामले में भूगर्भ जल अधिकारी विश्वजीत ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में है. वह एक-दो दिन में मौके का निरीक्षण करेंगे. यदि वहां अवैध तरीके से भूजल का दोहन होता पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं, स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है. अब वे जिलाधिकारी के पास जाकर अपनी शिकायत दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग करेंगे.

About the Author

Rahul Goel

Rahul Goel is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations a…

और पढ़ें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related