Last Updated:
UP Elections 2027 Updates: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर प्रस्तावित बातचीत टल गई है. अब दो से तीन दिन बाद दोनों दलों के नेता चर्चा करेंगे. अखिलेश यादव ने पहले समन्वय …और पढ़ें
यूपी चुनाव से जुड़ी दिन भर के अपडेट्स जानने के लिए यहां बने रहें.
UP Assembly Election 2027 Updates: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर होने वाली बातचीत फिलहाल टल गई है. दोनों दलों के बीच प्रस्तावित बैठक अब 17 नवंबर को नहीं होगी. कांग्रेस ने भी इसकी पुष्टि कर दी है. बताया जा रहा है कि अब दो से तीन दिन बाद दोनों दलों के नेता सीट बंटवारे पर चर्चा करेंगे. सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव और राहुल गांधी के बीच सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के मौके पर बातचीत हुई थी. इस दौरान अखिलेश यादव ने पहले दोनों दलों के बीच एक समन्वय समिति बनाने का सुझाव दिया. इसके बाद सीट बंटवारे पर बातचीत आगे बढ़ाने की बात कही. राहुल गांधी ने भी इस सुझाव पर सहमति जताई.
इसके बाद अखिलेश यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बीच मौर्य होटल में भी बातचीत हुई. माना जा रहा है कि अखिलेश यादव के सुझाव के बाद ही सीट बंटवारे को लेकर प्रस्तावित वार्ता स्थगित करने का फैसला लिया गया. उधर, यूपी कांग्रेस के कई नेता अभी भी दिल्ली में मौजूद हैं. उन्हें सपा के साथ बातचीत के सिलसिले में आलाकमान ने बुलाया था. ये नेता अब कांग्रेस नेतृत्व के अगले निर्देश का इंतजार कर रहे हैं. फिलहाल उन्हें दो से तीन दिन और दिल्ली में रुकने को कहा गया है.
राहुल गांधी ने कांग्रेस का हित ध्यान में रखकर बात करने की दी हिदायत
इससे पहले 16 नवंबर को खबर आई थी कि कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रियंका गांधी की अगुवाई में प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मीटिंग में रहेंगे. दूसरी तरफ सपा के लिए खुद पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बातचीत की टेबल पर आने का अनुमान लगाया गया था. सोमवार को कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन के घर पर राहुल गांधी ने यूपी के नेताओं के साथ बैठक की. इसमें कहा गया कि यूपी में सीट शेयरिंग की बातें प्रियंका गांधी की अगुवाई में होगी.
राहुल गांधी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सपा से बातचीत में केवल कांग्रेस के हितों को प्राथमिकता दी जाए. इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा है कि यूपी को वहां की जिम्मेदारी संभालने वाले नेता बेहतर समझते हैं इसलिए निर्णय अपने स्वविवेक से लें. बात ज्यादा बढ़ने पर ही राहुल गांधी खुद या पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इसमें शामिल होंगे.
बीजेपी का भी हैट्रिक प्लान पर मंथन जारी
दूसरी तरफ सत्ताधारी बीजेपी उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बात जीत दर्ज करने के लिए श्रीकृष्ण की मथुरा में 16 नवंबर से मंथन कर रही है. बीजेपी के मंथन कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, प्रदेश सह प्रभारी डॉ. मेधा कुलकर्णी, जगदीश पटेल, डॉ. प्रदीप वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह जैसे बड़े नेताओं ने शिरकत की.
इस दो दिनों के मंथन में बीजेपी यूपी चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने के लिए संगठन और सरकार स्तर पर जो भी जिस प्रकार की मेहनत और प्रयास की जरूरत होगी उन बिन्दुओं पर सिलसिलेवार चर्चा हो रही है.
November 17, 202608:43 IST
UP Elections Updates Live: यूपी चुनाव से पहले चर्चा में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP), 10 राज्यों में संगठन का विस्तार
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अभिजीत तिब्बके (दीपके) के नेतृत्व वाली ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) अपने अनोखे नाम और संगठन विस्तार के कारण सुर्खियों में है. पार्टी ने देश के 10 राज्यों में अपने पदाधिकारियों की नियुक्ति की है, जिसमें सबसे बड़ी 16 सदस्यीय समिति उत्तर प्रदेश में बनाई गई है. रिपोर्ट में बताया गया है कि यूपी के अलावा महाराष्ट्र (15), झारखंड (14), पूर्वोत्तर (14), बिहार (13), पश्चिम बंगाल (12), हरियाणा (6), उत्तराखंड (6), राजस्थान (5) और जम्मू-कश्मीर (4) में भी पार्टी ने अपनी टीमें घोषित की हैं. राष्ट्रीय स्तर पर क्षितिज पगार को पश्चिमी जोन और डॉ. विवेक सांगवान को उत्तरी जोन का प्रभारी बनाया गया है. जानकारी के मुताबिक, सीजेपी ने फिलहाल चुनाव लड़ने से इनकार किया है. पार्टी का लक्ष्य विधानसभा स्तर तक पहुंचकर निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके वादों और कार्यों के प्रति जवाबदेह ठहराना है. एसआईआर समेत कई मुद्दों पर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रही सीजेपी की यूपी में बढ़ती सक्रियता ने राज्य के सियासी गलियारों में एक नई चर्चा को जन्म दे दिया है.
November 17, 202608:10 IST
UP Election News Live: यूपी चुनाव में कांग्रेस दिसंबर से शुरू करेगी प्रचार अभियान
अगले साल की शुरुआत में संभावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सोमवार को हुई वरिष्ठ नेताओं की बैठक में तय किया गया कि दिसंबर के पहले सप्ताह से राज्य में ‘हाईस्पीड’ चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा, जिसके तहत रैलियां और यात्राएं आयोजित होंगी. इसके साथ ही, समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीट बंटवारे को लेकर मंगलवार को पहली औपचारिक बैठक होने की संभावना है. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल सहित प्रदेश के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की रणनीति बनी. बैठक के बाद खरगे ने कहा कि कांग्रेस ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ मिलकर सामाजिक न्याय और समान अवसर के मुद्दों पर जनता को मजबूत विकल्प देगी. वहीं, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने स्पष्ट किया कि संगठन तैयार है और गठबंधन में सीटों की संख्या से अधिक महत्वपूर्ण मिलकर चुनाव जीतना है.
November 17, 202608:01 IST
Uttar Pradesh Assembly Election Updates LIVE: यूपी चुनाव के चलते आजम खान को जेल से बाहर आने नहीं दिया जा रहा, कपिल सिब्बल की हाईकोर्ट में दलील
यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा नेता आजम खान हर हाल में जेल से बाहर आना चाहते हैं. इसके लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को हलफनामा दाखिल कर यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया है कि क्या समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को धनशोधन मामले में गिरफ्तारी के समय इसके आधारों की जानकारी दी गई थी. न्यायमूर्ति राजीव गुप्ता और न्यायमूर्ति देवेंद्र सिंह की पीठ ने 78 वर्षीय खान की रिट याचिका पर यह आदेश दिया, जिस पर अगली सुनवाई मंगलवार को होगी. ईडी ने 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहा होते ही खान को गिरफ्तार किया था. याचिका में गिरफ्तारी, 28 अक्टूबर के कुर्की आदेश और रिमांड आदेशों को चुनौती दी गई है. खान के वकील कपिल सिब्बल ने इस कार्रवाई को आगामी चुनावों से पहले राजनीतिक प्रतिशोध और नियमों का उल्लंघन बताया. उन्होंने दलील दी कि 3.11 करोड़ की कथित कब्जाई जमीन के मामले में विश्वविद्यालय की करीब 500 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई. वहीं, ईडी के वकील एस बी राजू ने नियमों के पालन की बात कहते हुए खान पर जांच में सहयोग न करने का आरोप लगाया. यह जांच मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट में वित्तीय और भूमि अनियमितताओं से जुड़ी है.
