Last Updated:
UP Infrastructure: दिल्ली से आगरा जाने वालों खुश हो जाइए. केंद्र सरकार ने 1,123.56 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना को मंजूरी दी है. इसके तहत 4 जिलों में 3 रोड ओवरब्रिज, 4 फ्लाईओवर और 4 अंडरपास बनाए जाएंगे. इस परियोजना के बाद दिल्ली से आगरा का सफर डेढ़ घंटे से भी कम समय में पूरा हो सकेगा.
डेढ़ घंटे से भी कम में पहुंचेंगे दिल्ली से आगरा (AI Image)
मथुरा: दिल्ली से मथुरा और आगरा जाने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है. केंद्र सरकार ने दिल्ली-आगरा सड़क कॉरिडोर को बेहतर बनाने के लिए 1,123.56 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है. इसके तहत उत्तर प्रदेश और हरियाणा के चार जिलों में 3 रोड ओवरब्रिज, 4 फ्लाईओवर और 4 अंडरपास बनाए जाएंगे. इस परियोजना का फायदा फरीदाबाद, पलवल, मथुरा और आगरा के लोगों को मिलेगा. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी जानकारी दी है. परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली से आगरा के बीच सफर 90 मिनट से कम में ही पूरा हो सकता है.
इस परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के व्यस्त हिस्सों को अपग्रेड किया जाएगा. योजना में 3 रोड ओवरब्रिज बनाए जाएंगे, जिससे रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी. इसके अलावा 4 फ्लाईओवर और 4 व्हीकल अंडरपास तैयार किए जाएंगे. इन निर्माण कार्यों का मकसद उन जगहों पर ट्रैफिक का दबाव कम करना है, जहां वाहन अक्सर जाम में फंस जाते हैं. स्थानीय वाहनों और लंबी दूरी तय करने वाले वाहनों के लिए अलग व्यवस्था करने पर भी जोर दिया जाएगा. इसके लिए सर्विस रोड भी विकसित की जाएंगी.
रोजाना 68 हजार से ज्यादा वाहनों का दबाव
दिल्ली से मथुरा और आगरा जाने वाला मार्ग काफी व्यस्त रहता है. इस कॉरिडोर से रोजाना करीब 68 हजार पैसेंजर कार यूनिट (PCU) के बराबर यातायात गुजरता है. इसमें निजी गाड़ियों के अलावा माल ढोने वाले वाहन, औद्योगिक वाहन और पर्यटकों की गाड़ियां भी शामिल हैं. यही वजह है कि कई जगहों पर जाम की समस्या सामने आती है. नए फ्लाईओवर और अंडरपास बनने से वाहनों की आवाजाही बेहतर होने और यात्रा के समय में कमी आने की उम्मीद है. रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली से आगरा का सफर डेढ़ घंटे से भी कम समय में पूरा करने का लक्ष्य है.
पश्चिमी दिल्ली को भी 359 करोड़ की सौगात
इसके अलावा पश्चिमी दिल्ली के लिए 359.63 करोड़ रुपये की अलग सड़क परियोजना को भी मंजूरी दी गई है. इसके तहत इंडस्ट्री नगर मेट्रो स्टेशन से टीकरी बॉर्डर तक 12.4 किलोमीटर सड़क को बेहतर बनाया जाएगा. इससे पीरागढ़ी, नांगलोई, मुंडका और घेवरा चौक के आसपास रहने वाले लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है. बेहतर सड़क संपर्क से दिल्ली और हरियाणा के बीच आने-जाने वाले लोगों के साथ कारोबारियों को भी सुविधा मिलेगी. इस तरह दोनों परियोजनाओं पर कुल मिलाकर करीब 1,483 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
About the Author
Abhijeet Chauhan is a Sub-Editor in the editorial team of News18 Hindi Digital, part of the Network18 Group. He has been associated with News18 for nearly four years, having joined the organization through camp…
