Last Updated:
Chapra Farmer Success Story: बिहार के छपरा जिले में किसान पारंपरिक खेती छोड़ बागवानी की तरफ बढ़ रहे हैं. सोनपुर के किसान सुरेंद्र कुमार सिंह ने 10 बीघा में अमरूद की खेती कर बेहतरीन मुनाफा कमाया है. अभी 10 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं. जानें इनकी सफलता की कहानी.
Chapra Guava Farmer Success Story: बिहार के किसान अब पारंपरिक खेती के साथ-साथ बागवानी की ओर भी तेजी से रुख कर रहे हैं. छपरा में किसान पपीता और केला की खेती के बाद अब अमरूद की बागवानी से अच्छी कमाई कर रहे हैं. कृषि वैज्ञानिकों से प्रशिक्षण लेकर किसान उन्नत किस्मों के पौधे लगा रहे हैं. इससे कम लागत में बेहतर उत्पादन और मुनाफे की उम्मीद बढ़ी है. इसकी मिसाल सोनपुर के रहने वाले किसान सुरेंद्र कुमार सिंह हैं. उन्होंने गरखा प्रखंड के अदूपुर में 10 बीघा जमीन लीज पर लेकर बड़े पैमाने पर अमरूद की बागवानी शुरू की है. उनके बागान में लगे पौधों पर अच्छी संख्या में फल आ रहे हैं. खास बात यह है कि इस खेती से उन्हें आमदनी होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर 8 से 10 लोगों को रोजगार भी मिल रहा है.
हाजीपुर के किसान से मिली अमरूद की खेती की प्रेरणा
सुरेंद्र कुमार सिंह को अमरूद की बागवानी करने का विचार हाजीपुर में एक किसान के खेत पर जाने के बाद आया. वहां उन्होंने अमरूद के पौधों पर बड़ी संख्या में फल लगे देखे. इसके बाद उन्होंने भी इस खेती को बड़े स्तर पर शुरू करने का फैसला किया. किसान ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने अपने घर के पास कुछ जमीन पर अमरूद के पौधे लगाए थे. विकास कार्य के कारण उन्हें उस बागान को हटाना पड़ा. इसके बाद उन्होंने गरखा प्रखंड के अदूपुर में 10 बीघा जमीन लीज पर लेकर अमरूद की खेती शुरू कर दी.
दो साल में फल देने लगते हैं पौधे
सुरेंद्र कुमार सिंह ने बतलाया कि अपने बागान में वाराणसी और स्थानीय किस्म के अमरूद के पौधे लगाए हैं. इन किस्मों के पौधे लगभग दो साल में फल देना शुरू कर देते हैं. इन पौधों में बीमारियां भी अपेक्षाकृत कम लगती हैं. अमरूद स्वाद में मीठे और अच्छे होते हैं. जिससे बाजार में बेहतर कीमत मिलने की संभावना रहती है.
दूसरे किसानों को भी दे रहे खेती की जानकारी
सुरेंद्र कुमार सिंह की अमरूद की बागवानी को देखकर आसपास के कई किसान भी इस खेती के प्रति आकर्षित हो रहे हैं. दर्जनों किसान उनसे अमरूद की खेती के तरीके और पौधों की देखभाल के बारे में जानकारी ले रहे हैं.य कुछ किसान उनके अनुभव से सीखकर खुद भी अमरूद की बागवानी शुरू कर रहे हैं. इस तरह छपरा में अमरूद की खेती किसानों के लिए कमाई का एक नया विकल्प बनकर उभर रही है. इससे न केवल किसानों की आमदनी बढ़ाने का रास्ता खुल रहा है. बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिल रहा है.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
