अयोध्या: अगर आप परिवार के साथ रामनगरी अयोध्या आने का प्लान बना रहे हैं और अपने चार पहिया वाहन से यहां पहुंचना चाहते हैं, तो घर से निकलने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी जरूर हासिल कर लें. दरअसल धर्मनगरी अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है. ऐसे में कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 16 स्थानों पर बैरियर लगाए हैं, जबकि 14 पार्किंग स्थल भी चिन्हित किए गए हैं.
फोन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि यातायात पुलिस ने पंचकोसी परिक्रमा-2026 के मद्देनजर यह व्यवस्था तैयार की है. यह डायवर्जन 19 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे से परिक्रमा और भीड़ समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा. प्रशासन का उद्देश्य परिक्रमा में शामिल होने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है.
इन रास्तों पर जाने से पहले जान लें डायवर्जन
यातायात पुलिस के अनुसार, लकड़मंडी चौराहे से पुराने सरयू पुल की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. वाहन लोलपुर बाईपास होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. दुर्गागंज माझा बैरियर से भी पुराने सरयू पुल की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी.
इन रास्तों से भी मार्ग बाधित
साकेत पेट्रोल पंप बैरियर से लता मंगेशकर चौक की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. हनुमान गुफा चौराहे से लता मंगेशकर चौक और वासुदेव घाट तिराहे की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे. यहां से वाहनों को साकेत फ्लाईओवर की ओर से निकाला जाएगा. गांधी आश्रम बैरियर से लता मंगेशकर चौक की तरफ जाने वाले वाहनों को जानकी महल मोड़ से वैकल्पिक रास्ता दिया जाएगा.
बालू घाट येलो जोन बैरियर से रामघाट चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.वाहन एनएच-27 हाईवे का इस्तेमाल कर सकेंगे. आसिफबाग चौराहे पर भी दर्शननगर की ओर से आने वाले वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा. बूथ नंबर चार येलो जोन बैरियर से साथी तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को भी प्रतिबंधित किया गया है.
विद्याकुंड तिराहे और चूड़ामणि चौराहे के रास्ते बंद
विद्याकुंड तिराहे से आसिफबाग चौराहे की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा. यहां से वाहन लंगड़वीर चौराहे होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे. महोबरा फ्लाईओवर के नीचे और टेढ़ी बाजार चौराहे पर भी चूड़ामणि चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. उदया फ्लाईओवर स्थित साकेतपुरी कॉलोनी कट से सर्विस लेन पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. उदया चौराहे से गैस गोदाम तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को रामपथ के रास्ते भेजा जाएगा. गैस गोदाम तिराहे पर भी चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग की ओर से आने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.
इसके अलावा कटरा तिराहे से द्वारिकाधीश मंदिर तिराहे की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी. ऐसे वाहनों को उनवल होकर अपने गंतव्य तक जाना होगा. राजघाट बंधा तिराहे पर भी परिक्रमा मार्ग की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. यहां पहुंचने वाले वाहन राजघाट बंधे और निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े किए जाएंगे.
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बनाए गए 14 पार्किंग स्थल
पंचकोसी परिक्रमा में आने वाले श्रद्धालुओं को अपने वाहन खड़े करने में परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने 14 पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं. इनमें फटिकशिला आश्रम के पास रेलवे डाट पुल के बगल और आश्रम के बगल पार्किंग बनाई गई है. बहराइच भवन के सामने बंधा मार्ग और फुटपाथ पर भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. इसके अलावा साकेत पुल के दाहिने ओर खाली मैदान और पुल के बगल खाली स्थान पर वाहन खड़े किए जा सकेंगे. बैकुंठ धाम के बगल, महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय परिसर और बालू घाट के पास मल्टीलेवल पार्किंग भी निर्धारित की गई है.
सूर्या पैलेस के बगल, साथी तिराहा फ्लाईओवर के नीचे और आसिफबाग फ्लाईओवर के नीचे भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है. उदया चौराहे के पास मोटर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट परिसर और उदया चौराहे से पहले आईटीआई परिसर में भी वाहन खड़े किए जा सकेंगे. वहीं, कटरा रेलवे स्टेशन के सामने मैदान में भी पार्किंग बनाई गई है, जो जनपद गोंडा में स्थित है.
बाहरी जनपदों से आने वाले वाहन ध्यान दें
प्रशासन ने बाहरी जनपदों से आने वाले वाहन चालकों के लिए भी विशेष अपील जारी की है. गोंडा और बस्ती की ओर से आने वाले जिन वाहनों को लखनऊ की तरफ जाना है, वे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसी तरह लखनऊ और बाराबंकी की ओर से आने वाले जिन वाहनों को गोंडा और बस्ती की तरफ जाना है, उन्हें भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से यात्रा करने की सलाह दी गई है.
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि पंचकोसी परिक्रमा के दौरान अनावश्यक रूप से अपने निजी वाहनों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लेकर न पहुंचें. निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें. खासकर परिवार के साथ चार पहिया वाहन से अयोध्या आने वाले लोग घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर कर लें, ताकि उन्हें रास्ते में जाम और अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
