कंबोडिया से चल रहा था साइबर ठगी का खेल, आतंकियों के नाम पर 21 लाख का फ्राड, पुलिस ने दबोचे तीन आरोपी

Date:


Last Updated:

Muzaffarnagar News: यूपी के मुजफ्फरनगर में साइबर ठगी के एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है. गिरोह लोगों को आतंकियों से कनेक्शन, करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन और गिरफ्तारी का डर दिखाकर डिजिटल अरेस्ट करता था.

Zoom

मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर पुलिस ने साइबर ठगी के एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसकी जड़ें अमरोहा से लेकर कंबोडिया तक फैली हुई थीं. यह गिरोह लोगों को आतंकियों से कनेक्शन, करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन और गिरफ्तारी का डर दिखाकर डिजिटल अरेस्ट करता था. खुद को एटीएस और एनआईए का अधिकारी बताकर नौ दिनों तक एक व्यक्ति को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और उससे 20 लाख 94 हजार 900 रुपये ठग लिए.

हैरानी की बात यह है कि इस पूरे नेटवर्क को चलाने के लिए गरीब और जरूरतमंद लोगों की पहचान पर हजारों सिमकार्ड जारी कराए गए. पुलिस की जांच में 3648 यूनिक सिमकार्ड के इस्तेमाल का खुलासा हुआ है. साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अमरोहा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

बैंक खाते से 70 करोड़ रुपये का अवैध लेनदेन
दरअसल साइबर ठगों ने 15 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाए रखा. फोन पर धमकी दी गई कि उसका मोबाइल सिम कश्मीर में आतंकियों के पास मिला है और उसके एचडीएफसी बैंक खाते से 70 करोड़ रुपये का अवैध लेनदेन हुआ है. इसके बाद ठगों ने खुद को एटीएस और एनआईए का अधिकारी बताकर व्हाट्सएप पर फर्जी गिरफ्तारी वारंट और सरकारी नोटिस भेजे. गिरफ्तारी और आजीवन कारावास का डर दिखाकर पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट के नाम पर नौ दिनों तक मानसिक दबाव में रखा और 20 लाख 94 हजार 900 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए.

जांच में खुली ठगी नेटवर्क की परतें
शिकायत मिलने के बाद मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की तो ठगी के नेटवर्क की परतें खुलती चली गईं. जांच में सामने आया कि ठगी में इस्तेमाल सिमकार्ड अमरोहा से जारी कराए गए थे, जबकि संबंधित व्हाट्सएप अकाउंट कंबोडिया से संचालित हो रहे थे. पुलिस के मुताबिक, जांच में वीआई कंपनी के 2550, एयरटेल के 1035 और जियो के 63 सिमकार्ड सहित कुल 3648 यूनिक सिमकार्ड का पता चला है. इस नेटवर्क का तरीका भी बेहद शातिराना था. गिरोह के सदस्य गरीब और भोले-भाले लोगों को राशन, बीमा, सरकारी योजनाओं और एनजीओ के जरिए आर्थिक मदद दिलाने का झांसा देते थे. फिर उनकी केवाईसी कराकर उनकी पहचान पर सिमकार्ड जारी करवाते थे. इन सिमकार्ड को साइबर अपराधियों तक पहुंचाया जाता था और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ओटीपी की खरीद-फरोख्त होती थी.

डिजिटल अरेस्ट के अलावा ये अपराध भी शामिल
पुलिस के अनुसार, एक ओटीपी के बदले 150 से 300 रुपये तक वसूले जाते थे. यानी आम लोगों की पहचान को ही साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार का हथियार बनाया जा रहा था. पुलिस जांच में नेटवर्क के ठगी करने के कई और तरीके भी सामने आए हैं. गिरोह डिजिटल अरेस्ट के अलावा ऑनलाइन गेमिंग, निवेश ठगी और हनीट्रैप जैसे अपराधों में भी सक्रिय बताया गया है. इतना ही नहीं, अमेजन, फ्लिपकार्ट और मिंत्रा जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों के साथ ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं को भी ऑर्डर कैंसिल और रिफंड के नाम पर निशाना बनाने का तरीका सामने आया है.

पुलिस ने इस मामले में अमरोहा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुश सैनी निवासी मुकिमपुरा, अक्षय कुमार अग्रवाल निवासी जयओम नगर और अब्दुल मलिक निवासी नियारियान, अमरोहा के रूप में हुई है. आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन और चार सिमकार्ड बरामद किए गए हैं. पुलिस ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा संख्या 38/2026 दर्ज कर बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…

और पढ़ें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

खट्टे आंवले को बच्चों की पसंद कैसे बनाएं? ग्वालियर की महिला की रसोई से निकली अनोखी रेसिपी

खुशी बैशांडर(ग्वालियर,फूड एंड लाइफस्टाइल), Amla Murabba Recipe: सर्दियों का...