Last Updated:
UP Principal Final Result: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों एवं महिला महाविद्यालयों में प्रिंसिपल भर्ती (विज्ञापन संख्या 02/2026) का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है. आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, कुल 111 पदों के सापेक्ष हाईकोर्ट के आदेश के चलते 1 पद रोककर 110 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है. चयनित अभ्यर्थियों की सूची और कटऑफ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है.
यूपी प्रिंसिपल के 110 पोस्ट के फाइनल नतीजे जारी.
UP Principal Result News: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने अभ्यर्थियों को बड़ी खुशखबरी देते हुए एक और भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. आयोग ने विज्ञापन संख्या 02/2026 के अंतर्गत अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों और महिला महाविद्यालयों में प्रिंसिपल पद के लिए अंतिम चयन परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया. आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी.
हाईकोर्ट के आदेश पर एक पद रोका गया
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत प्रिंसिपल के कुल 111 पद के विज्ञापन जारी किए गए थे. हालांकि, इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने 1 पद पर रोक लगा दी थी. इसके बाद कुल कुल 110 चयनित अभ्यर्थियों का अंतिम परिणाम जारी किया गया है.
लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के बाद जारी हुआ कटऑफ
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि प्रिंसिपल पद के लिए लिखित परीक्षा 24 सितंबर 2026 को संपन्न कराई गई थी. लिखित परीक्षा में सफल घोषित हुए अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 27, 28, 30 व 31 अक्टूबर 2026 और 17 नवंबर 2026 को आयोजित किया गया. लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों का विवरण और कटऑफ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दिया गया है.
21 नवंबर से एक सप्ताह तक देख सकेंगे अपने प्राप्तांक
आयोग ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने अंक देखने का मौका दिया है. उप सचिव के मुताबिक, अभ्यर्थी 21 नवंबर 2026 से आगामी एक सप्ताह तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने प्राप्तांक का विवरण देख सकते हैं. इसके लिए उन्हें वेबसाइट पर अपना अनुक्रमांक (रोल नंबर) और जन्मतिथि अंकित करनी होगी.
आयोग ने साफ कर दिया है कि तय समय-सीमा के बाद इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 (RTI) के अंतर्गत अभ्यर्थियों को कोई भी अलग से सूचना उपलब्ध नहीं कराई जाएगी. ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे दिए गए समय के अंदर ही अपने मार्क्स की जांच कर लें.
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
