कानपुर शहर की तंग गलियों में मानकों को ताक पर रखकर बहुमंजिला अपार्टमेंट खड़े करने वाले बिल्डरों पर अब कार्रवाई की तैयारी तेज हो गई है. कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए), पुलिस और फायर सर्विस विभाग की संयुक्त टीम ने ऐसे 50 से अधिक बिल्डरों को चिन्हित किया है, जिन्होंने नियमों को दरकिनार कर अवैध निर्माण कराया है. अब इन बिल्डरों पर कार्रवाई की जाएगी. खास बात यह है कि कार्रवाई सिर्फ बिल्डरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन अधिकारियों की सूची भी तैयार की जाएगी, जिनकी देखरेख में इन इमारतों के नक्शे पास हुए और निर्माण पूरा हो गया. ऐसे में अवैध निर्माण कराने वालों के साथ ही उन्हें संरक्षण देने वाले अफसरों की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं.
शहर के पुराने इलाकों में बड़ी संख्या में ऐसी इमारतें बनी हुई हैं, जहां सड़कें इतनी संकरी हैं कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का पहुंचना तक मुश्किल है. इसके बावजूद इन जगहों पर कई मंजिला अपार्टमेंट बना दिए गए. पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट हादसे के बाद ऐसे निर्माणों को लेकर केडीए और दूसरे विभागों ने सख्ती शुरू कर दी है. केडीए के जोन एक में अब तक 11 भवनों को सील किया जा चुका है, जबकि 25 से अधिक बिल्डरों को नोटिस भेजे गए हैं.
बिल्डरों के साथ अब जिम्मेदार अफसर भी आएंगे जांच के घेरे में
केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि सीसामऊ, बेकनगंज, चमनगंज, कर्नलगंज समेत शहर के कई थाना क्षेत्रों में तंग गलियों के भीतर बने अपार्टमेंट और अन्य इमारतों को चिन्हित किया जा रहा है. जांच में यह देखा जा रहा है कि निर्माण के दौरान पार्किंग, सुरक्षा और अन्य जरूरी मानकों का पालन किया गया या नहीं. उन्होंने बताया कि कई ऐसे बिल्डरों की जानकारी भी सामने आई है, जिन्होंने केडीए कर्मचारियों से सांठगांठ करके अवैध निर्माण कराए हैं.
उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों की सूची भी तैयार की जाएगी, जिनकी देखरेख में इन इमारतों के नक्शे पास किए गए और निर्माण हुआ. यह भी जांच होगी कि जब निर्माण चल रहा था, तब संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई क्यों नहीं की. दोषी पाए जाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने साफ किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
न पार्किंग, न आग बुझाने के इंतजाम, हादसे के बाद खुली पोल
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि शहर के कई पुराने मोहल्लों में बेहद संकरी गलियां हैं. यहां बने अपार्टमेंट में न तो वाहनों की पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था है और न ही आग बुझाने के जरूरी उपकरणों का इंतजाम किया गया है. ऐसे भवनों की जानकारी केडीए को पत्र के माध्यम से दी गई है. पटकापुर के राधिका अपार्टमेंट में हुए हादसे ने इन खामियों को सामने ला दिया है. फिलहाल फायर विभाग भी हादसे की जांच कर रहा है. जांच में जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
जांच में अवैध निकला राधिका अपार्टमेंट
पटकापुर में हुए राधिका अपार्टमेंट हादसे के बाद केडीए की जांच में इमारत का निर्माण अवैध पाया गया है. वरिष्ठ अधिकारी सत शुक्ला के मुताबिक, अपार्टमेंट का निर्माण पूरी तरह नियमों को ताक पर रखकर किया गया था. इस मामले में एक बिल्डर समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है. हादसे के बाद अब शहर के दूसरे पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों में बने अपार्टमेंट भी जांच के दायरे में आ गए हैं.
पहले भी आग से उजड़ चुके हैं कई इलाके
शहर में अवैध निर्माण और सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते आग लगने की घटनाएं पहले भी बड़ा नुकसान पहुंचा चुकी हैं. प्रेमनगर में हुए अग्निकांड में पांच लोगों की जान चली गई थी. कल्याणपुर के केदारनाथ अपार्टमेंट में आग लगने पर 12 लोगों को बाहर निकाला गया था. फूलबाग में आग से 32 दुकानें जलकर खाक हो गई थीं, जबकि दीना मार्केट में तीन दुकानों में लगी आग से एक दुकानदार की मौत हो गई थी. बांसमंडी अग्निकांड में भी सैकड़ों दुकानें जल गई थीं और कारोबारियों को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. अब केडीए की कार्रवाई से उम्मीद है कि ऐसे भवनों की पहचान कर समय रहते सुरक्षा के इंतजाम किए जा सकेंगे.
