Last Updated:
सीआईएसएफ की महिला ब्रास बैंड ने हैदराबाद में आयोजित 27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2026 में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है. टीम ने महिला वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप भी अपने नाम की और बेस्ट कंडक्टर अवॉर्ड भी जीता है. 16 से 20 नवंबर तक चली इस प्रतियोगिता में सीएपीएफ और विभिन्न राज्यों की पुलिस की 21 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया था.
अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली सीआईएसएफ महिला ब्रास बैंड की टीम.
All India Police Band Competition 2026: देशभर की पुलिस और केंद्रीय बलों के बीच हुए मुकाबले में सीआईएसएफ की महिला ब्रास बैंड ने एक बार फिर अपनी धाक जमा दी है. लगातार दूसरे साल सीआईएसएफ की महिला ब्रास बैंड ने गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है. इतना ही नहीं, सीआईएसएफ की टीम ने महिला वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप भी बरकरार रखी और बेस्ट कंडक्टर अवॉर्ड पर भी कब्जा जमाया है.
तेलंगाना के हैदराबाद के रंगारेड्डी स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में 16 से 20 नवंबर के बीच 27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया था. पांच दिन तक चले इस मुकाबले में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के अलावा अलग-अलग राज्यों के पुलिस बलों की 21 टीमों ने भी हिस्सा लिया था. इस दौरान करीब 1,400 से ज्यादा बैंड मास्टर्स ने अपनी प्रतिभा का जलवा दिखाया.
महिला ब्रास बैंड में सीआईएसएफ सबसे आगे
- महिला ब्रास बैंड कैटेगरी में कुल तीन टीमों के बीच मुकाबला हुआ. सीआईएसएफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया. जबकि, एसएसबी दूसरे और सीआरपीएफ तीसरे स्थान पर रहे.
- महिला वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप में भी सीआईएसएफ ने बाजी मार ली. इस मुकाबले में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया था. सीआईएसएफ के बाद एसएसबी दूसरे और राजस्थान पुलिस तीसरे स्थान पर रही.
- सीआईएसएफ महिला ब्रास बैंड टीम ने लगातार दूसरे साल राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीता है. 2024 में असम राइफल्स, दीमापुर में आयोजित प्रतियोगिता में सीआईएसएफ महिला ब्रास बैंड दूसरे स्थान पर रही थी.
- इसके बाद 2025 में सीआईएसएफ की टीम ने हैदराबाद में गोल्ड मेडल, बेस्ट कंडक्टर अवॉर्ड और महिला वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की थी.
- 2026 में एक बार फिर टीम ने वही प्रदर्शन दोहराते हुए गोल्ड मेडल, बेस्ट कंडक्टर अवॉर्ड और ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया है.
2023 में शुरू हुआ था सफर
सीआईएसएफ की महिला ब्रास बैंड की शुरुआत सितंबर 2023 में हुई थी. खास बात यह है कि इस टीम में सामान्य ड्यूटी के जरिए भर्ती हुई महिला आरक्षकों को चुना गया था. इनमें से कई महिलाओं को इससे पहले संगीत का कोई अनुभव तक नहीं था. लेकिन कड़ी ट्रेनिंग और लगातार अभ्यास ने तस्वीर बदल दी. अनुभवी सैन्य संगीत प्रशिक्षक मेजर (सेवानिवृत्त) नजीर हुसैन के मार्गदर्शन में इन महिला जवानों ने ब्रास बैंड की बारीकियां सीखीं और देखते ही देखते राष्ट्रीय स्तर की चैंपियन टीम तैयार हो गई.
गणतंत्र दिवस से बीटिंग रिट्रीट तक दिखा अपना दम
सीआईएसएफ की महिला ब्रास बैंड अब सिर्फ प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है. टीम ने कई बड़े राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सीआईएसएफ का प्रतिनिधित्व किया है. इस बैंड ने 2024 और 2026 की गणतंत्र दिवस परेड, 2025 के बीटिंग रिट्रीट समारोह में अपना शानदार प्रस्तुति दी थी. इसके अलावा, 2024, 2025 और 2026 के सीआईएसएफ स्थापना दिवस परेड तथा 2025 और 2026 के सीआईएसएफ कोस्टल साइक्लोथॉन में हिस्सा लिया था. 2024 में गणतंत्र दिवस परेड और 2025 में विजय चौक पर हुए बीटिंग रिट्रीट समारोह में हिस्सा लेने वाला पहला महिला ब्रास बैंड बना था.
42 सदस्यों की टीम ने किया कमाल
2026 की प्रतियोगिता में सीआईएसएफ की 42 सदस्यीय टीम उतरी थी. इसमें एक टीम मैनेजर, एक टीम कैप्टन, 36 महिला संगीतकार और पांच प्रशिक्षक शामिल थे. असिस्टेंट कमांडेंट नरेश कुमार ने टीम मैनेजर की जिम्मेदारी संभाली, जबकि महिला आरक्षक (जीडी) लिडिया चिंगबियाकसियाम टीम कैप्टन रहीं.
