Last Updated:
भारत ने पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक को ताजमहल जाने की मंजूरी दे दी थी. इसके बावजूद वह आगरा नहीं गए. ऐसे में सवाल है कि जब भारत की तरफ से रास्ता साफ था तो पाक मंत्री ने ताजमहल देखने का कार्यक्रम क्यों नहीं बनाया? News18 को मिली जानकारी के मुताबिक विदेश मंत्रालय ने मलिक और उनके प्रतिनिधिमंडल को ताजमहल के साथ हुमायूं का मकबरा और दिल्ली हाट जाने की अनुमति दी थी. हालांकि सुरक्षा कारणों से निजामुद्दीन दरगाह जाने का अनुरोध खारिज कर दिया गया. मलिक भारत में SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने आए हैं.
पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक भारत आए तो उनके दौरे को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की थी कि क्या उन्हें ताजमहल देखने आगरा जाने की इजाजत मिलेगी या नहीं. अब इस मामले में एक अहम जानकारी सामने आई है. भारत के विदेश मंत्रालय ने मुसादिक मलिक और उनके प्रतिनिधिमंडल को ताजमहल जाने की मंजूरी दे दी थी. इसके बावजूद पाकिस्तानी मंत्री आगरा नहीं गए. यानी ताजमहल के दीदार में उनके सामने भारत की तरफ से कोई रोक नहीं थी. फिर भी उन्होंने वहां जाने का कार्यक्रम नहीं बनाया. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब रास्ता साफ था तो मुसादिक मलिक ने ताजमहल जाने से दूरी क्यों बनाए रखी? इस पूरे मामले की अंदर की बात यह है कि अनुमति और वास्तविक दौरे के बीच का फैसला प्रतिनिधिमंडल के कार्यक्रम पर भी निर्भर था.
दरअसल मुसादिक मलिक के प्रतिनिधिमंडल ने भारत में कई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जगहों पर जाने की इच्छा जताई थी. इनमें ताजमहल के अलावा हुमायूं का मकबरा और दिल्ली हाट भी शामिल थे. विदेश मंत्रालय ने सुरक्षा एजेंसियों के आकलन के बाद इनमें से कुछ जगहों पर जाने की मंजूरी दी. वहीं दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति सुरक्षा कारणों से नहीं दी गई. इस घटनाक्रम से यह भी साफ होता है कि पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल पर भारत में घूमने को लेकर पूरी तरह रोक नहीं थी. उसके वीजा का मुख्य उद्देश्य शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO के सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेना था. इसके अलावा दूसरी जगहों पर जाने के अनुरोध पर अलग-अलग विचार किया जाना था.
ताजमहल जाने की मिली थी मंजूरी
News18 को मिली जानकारी के मुताबिक विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक और उनके प्रतिनिधिमंडल को ताजमहल जाने की अनुमति दी थी. इसके साथ ही हुमायूं के मकबरे और दिल्ली हाट जाने का अनुरोध भी मंजूर किया गया था. हालांकि मंजूरी मिलने के बाद भी मलिक आगरा नहीं पहुंचे. यानी ताजमहल नहीं जाने का कारण भारत की तरफ से अनुमति नहीं मिलना नहीं था. रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पाकिस्तानी मंत्री ने आगरा जाने का कार्यक्रम आखिर क्यों नहीं बनाया.
निजामुद्दीन दरगाह जाने की इजाजत क्यों नहीं मिली?
- पाकिस्तान हाई कमीशन ने पहले पत्रकारों को बताया था कि प्रतिनिधिमंडल ने ताजमहल, हुमायूं का मकबरा, दिल्ली हाट, किला राय पिथौरा और निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति मांगी थी. सुरक्षा एजेंसियों के आकलन के बाद कुछ जगहों के लिए मंजूरी दी गई. लेकिन निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति नहीं मिली. इसके पीछे सुरक्षा कारण बताए गए हैं.
- इस फैसले पर समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा, ‘सूफी संतों की दरगाहों से नेकदिली का संदेश मिलता है. वहां इंसानियत सीखने को मिलती है. वे लोगों को ऐसी जगह भी नहीं जाने देना चाहते जहां उन्हें कुछ इंसानियत और नेकदिली सीखने को मिले और सूफियों की शिक्षाओं के बारे में पता चले.’
- नदवी ने यह भी सवाल किया कि प्रतिनिधिमंडल को ऐतिहासिक शासकों से जुड़ी जगहों पर जाने की अनुमति दी गई लेकिन सूफी दरगाह जाने से रोक दिया गया. उनके मुताबिक सूफी संतों की शिक्षाएं लोगों को बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा दे सकती हैं.
SCO फोरम में हिस्सा लेने भारत आए हैं मुसादिक मलिक
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक भारत में आयोजित पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने आए हैं. मलिक ने भारत के ऐतिहासिक स्थलों को देखने और यहां के लोगों से मिलने की इच्छा जताई थी. शुक्रवार को पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के पुराना किला पहुंचा था. भारत में किसी पाकिस्तानी मंत्री का यह तीन साल में पहला दौरा है. एयरपोर्ट पर पाकिस्तान हाई कमीशन के चार्ज डी अफेयर्स साद वाराइच ने उनका स्वागत किया था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम तीन दिवसीय फोरम का उद्घाटन किया. इस पहल का प्रस्ताव उन्होंने 2025 में चीन के तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन में रखा था. इसका मकसद सदस्य देशों की साझा सभ्यतागत विरासत पर बातचीत को बढ़ावा देना है. फोरम में कला और वास्तुकला, भाषा और साहित्य के साथ दार्शनिक तथा मठवासी परंपराओं पर चर्चा हो रही है. इसका एक अहम उद्देश्य सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करना है.
