Last Updated:
Amethi News: अमेठी की एक ऐसी ग्राम पंचायत, जहां गांव के लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भी शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते. यहां हाईटेक पुस्तकालय, स्मार्ट पंचायत सचिवालय, आधुनिक स्कूल, खेल मैदान से लेकर सीसीटीवी कैमरों तक की सुविधा मौजूद है. इतना ही नहीं, आधार में संशोधन कराना हो, राशन कार्ड की समस्या हो या किसी सरकारी योजना का लाभ लेना हो, गांव में ही इन कामों की सुविधा मिल जाती है. जगदीशपुर ब्लॉक की कपूरीपुर ग्राम पंचायत की तस्वीर ग्राम प्रधान उमापति तिवारी ने बदल दी है.
अमेठी: गांव में छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए लोगों को अक्सर ब्लॉक या दूसरे सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. लेकिन अमेठी की एक ग्राम पंचायत में लोगों को कई जरूरी सुविधाएं गांव में ही मिल रही हैं. यहां बच्चों की पढ़ाई के लिए हाईटेक पुस्तकालय और स्मार्ट स्कूल है तो सरकारी कामकाज के लिए स्मार्ट पंचायत सचिवालय भी बनाया गया है. इतना ही नहीं, गांव में साफ-सफाई, पेयजल, सड़क और सुरक्षा का भी इंतजाम किया गया है. अब लोगों को कई योजनाओं का लाभ लेने और जरूरी फॉर्म भरने के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती.
ये तस्वीरें अमेठी जिले के जगदीशपुर ब्लॉक की कपूरीपुर ग्राम पंचायत की हैं. औद्योगिक क्षेत्र के किनारे बसे इस गांव में लोगों को एक साथ कई सुविधाएं मिल रही हैं. यहां बच्चों के पढ़ने के लिए जरूरी किताबों के साथ कंप्यूटर की सुविधा वाला डिजिटल पुस्तकालय है. वहीं, स्मार्ट पंचायत सचिवालय में गांव के लोगों के सरकारी कामकाज से जुड़े कई काम किए जाते हैं. गांव में स्वच्छ पेयजल, कूड़ा कलेक्शन सेंटर, पक्की सड़कें और इंटरलॉकिंग की व्यवस्था है. रात में रोशनी के लिए हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं. इसके अलावा सुरक्षा के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं.
ग्राम प्रधान की पहल से बदली गांव की तस्वीर
गांव के पंचायत सहायक अभिषेक पांडे ने लोकल 18 को बताया कि ग्राम प्रधान ने गांव में सुविधाएं बढ़ाने के लिए खुद पहल की है. इसके लिए उन्हें कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है. उन्होंने बताया कि अब गांव के लोगों को किसी फॉर्म को भरने या रजिस्ट्रेशन कराने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता. पंचायत भवन में ही उनके कई काम हो जाते हैं. गांव की सड़कें अच्छी हैं और रास्तों पर गंदगी या कीचड़ की समस्या भी नहीं है. सरकारी योजनाओं का लाभ भी लोगों को गांव में ही मिल रहा है. उनके मुताबिक, यह सब ग्राम प्रधान की अच्छी सोच और प्रयासों से संभव हुआ है.
गांव में ही मिल जाता है योजनाओं का लाभ
गांव के निवासी विवेक तिवारी बताते हैं कि ग्राम प्रधान ने लोगों के लिए अच्छी सुविधाएं कराई हैं. अब उन्हें छोटे-छोटे कामों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता. आधार कार्ड में संशोधन कराना हो, राशन कार्ड से जुड़ी कोई परेशानी हो या किसी सरकारी योजना का लाभ लेना हो, इन कामों में गांव में ही मदद मिल जाती है. विवेक तिवारी के मुताबिक, ग्राम प्रधान लोगों की समस्याओं को लेकर हमेशा सक्रिय रहते हैं. गांव में किसी को कोई परेशानी होती है तो फोन करने पर तुरंत मदद मिलती है. सुख-दुख के समय भी प्रधान लोगों के साथ खड़े रहते हैं. उनका कहना है कि हर ग्राम पंचायत में ऐसी सुविधाएं होनी चाहिए.
पुस्तकालय से आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक की सुविधा
ग्राम प्रधान उमापति तिवारी ने गांव में हाईटेक पुस्तकालय, हाईटेक पंचायत भवन और आधुनिक सुविधाओं वाला खेल मैदान तैयार कराया है. इसके साथ ही स्मार्ट स्कूल, साफ-सफाई और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है. गांव में आयुष्मान आरोग्य मंदिर और अन्नपूर्णा भवन जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं. इन व्यवस्थाओं के जरिए ग्राम पंचायत में लोगों को कई जरूरी सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं.
About the Author
Seema Nath is a digital journalist and content creator with 6 years of experience in journalism, including ground reporting, regional news coverage and feature writing. She currently works as a Content Producer…
