पाली: राजस्थान का पाली शहर देश और दुनिया में अपने लजीज ‘गुलाब हलवे’ के लिए मशहूर है, लेकिन सर्दियों का मौसम आते ही यहां के बाजारों की रौनक एक अन्य पारंपरिक मिठाई से बढ़ जाती है. ठंड के आगाज के साथ ही पाली की गलियों और हलवाई की दुकानों पर एक खास तरह के हलवे की सोंधी खुशबू महकने लगती है, जिसे स्थानीय भाषा में ‘हैली हलवा’ कहा जाता है. आम तौर पर तिल और गुड़ से बनने वाले इस व्यंजन को देश के अन्य हिस्सों में ‘तिल का कुटा’ कहा जाता है, लेकिन पाली में इसे तैयार करने की अनूठी पारंपरिक विधि के कारण इसे ‘हैली’ के नाम से एक अलग पहचान मिली है.
सर्दियों के इन महीनों में इस हलवे की मांग इतनी अधिक बढ़ जाती है कि स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश के कई बड़े शहरों से भी इसके लिए ऑर्डर आने शुरू हो जाते हैं. यह हलवा न केवल अपने बेहतरीन स्वाद के लिए जाना जाता है, बल्कि कड़ाके की ठंड में शरीर को गर्म रखने और जोड़ों के दर्द से राहत दिलाने के लिए भी इसे बेहद गुणकारी माना जाता है.
घाणी में तैयार होता है यह पारंपरिक स्वाद
पाली के प्रमुख हलवा व्यवसायी धर्मेन्द्र कहते है कि हैली हलवा’ पूरी तरह से मौसमी व्यंजन है, जिसे केवल सर्दियों के दौरान ही बनाया जाता है. इसके निर्माण की प्रक्रिया इसे अन्य मिठाइयों से अलग बनाती है. इसे बनाने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले शुद्ध तिल और देसी गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है. सबसे खास बात यह है कि इसे सामान्य कड़ाही में पकाने के बजाय एक विशेष पारंपरिक ‘घाणी’ में अच्छी तरह घोटकर और कूटकर तैयार किया जाता है. इसी पारंपरिक मेहनत के कारण इसका स्वाद और इसकी तासीर बेहद खास हो जाती है.
200 रूपए किलो बिक रहा हलवा
बाजार में इस समय शुद्ध तिल और गुड़ से निर्मित हैली हलवा लगभग 200 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है. किफायती दाम और बेमिसाल स्वाद होने के कारण आम से लेकर खास वर्ग तक के लोग इसे बड़े चाव से खरीदते हैं.
मुम्बई से बेंगलुरु तक पाली के हैली हलवे की धूम
हैली हलवे की लोकप्रियता अब केवल मारवाड़ या राजस्थान तक ही सीमित नहीं रह गई है. पाली से बाहर जाकर दूसरे राज्यों में बसे प्रवासी राजस्थानी और इसके स्वाद के मुरीद लोग हर साल सर्दियों का बेसब्री से इंतजार करते हैं. व्यवसायी बताते हैं कि पाली से यह खास हलवा नियमित रूप से बेंगलुरु, मुंबई और दक्षिण भारत के कई अन्य शहरों में भेजा जाता है. सर्दी के पूरे सीजन में इसकी सप्लाई देश के विभिन्न हिस्सों में जारी रहती है.
सेहत का खजाना: हड्डियों और जोड़ों के दर्द में रामबाण
स्वाद के साथ-साथ हैली हलवा पोषक तत्वों का भी भंडार है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों और पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, सर्दियों में इसका सेवन शरीर के लिए किसी औषधि से कम नहीं है:
जोड़ों के दर्द से राहत: शुद्ध तिल और गुड़ की तासीर गर्म होती है, जो ठंड के कारण होने वाले घुटनों और जोड़ों के दर्द को कम करने में बेहद कारगर मानी जाती है.
हड्डियों को मजबूती: तिल में कैल्शियम, फॉस्फोरस, मैग्नीशियम और हेल्दी फैट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. ये सभी तत्व हड्डियों के घनत्व को बढ़ाने और उन्हें मजबूत बनाने में मदद करते हैं.
शरीर को प्राकृतिक गर्माहट: गुड़ और तिल का संयोजन शरीर में ऊर्जा का संचार करता है और कड़ाके की सर्दी से बचाव करने में सहायक होता है. जब इसमें किशमिश या मुनक्का मिलाया जाता है, तो इसके औषधीय गुण और भी बढ़ जाते हैं.
ऐसे तैयार होता है पारंपरिक हैली हलवा
पाली के प्रसिद्ध हैली हलवे को तैयार करने की प्रक्रिया बेहद पारंपरिक और खास होती है, जिसमें मुख्य रूप से सफेद तिल, देसी गुड़, शुद्ध घी और सूखे मेवों का इस्तेमाल किया जाता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले साफ किए हुए सफेद तिल को धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक अच्छी तरह भूना जाता है, जिससे उसकी नमी खत्म हो जाए और सोंधी खुशबू आने लगे. इसके बाद भुने हुए तिल और छोटे टुकड़ों में टूटे हुए देसी गुड़ को एक साथ पारंपरिक ‘घाणी’में डालकर अच्छी तरह कूटा और घोटा जाता है. लगातार कूटने से तिल अपना प्राकृतिक तेल छोड़ने लगता है और गुड़ के साथ मिलकर एक मुलायम, लसलसा मिश्रण तैयार हो जाता है. अंत में स्वाद और पौष्टिकता बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा देसी घी, इलायची पाउडर, किशमिश या मुनक्का मिलाकर अच्छी तरह गूंथा जाता है, जिससे यह सेहतमंद और स्वादिष्ट हैली हलवा खाने के लिए पूरी तरह तैयार हो जाता है.
