Last Updated:
UP Chunav 2027 LIVE: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. बीजेपी की कोर टीम आज सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में चुनावी रणनीति पर मंथन करेगी. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पं…और पढ़ें
यूपी चुनाव में दिन भर होने वाले अपडेट्स को पढ़ने के लिए यहां बने रहें.
UP Chunav 2027 LIVE: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. एक तरफ समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू होने जा रही है. दूसरी तरफ बीजेपी ने भी मिशन-2027 के तहत अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. कांग्रेस दिसंबर के मध्य तक सीटों पर सहमति बनाना चाहती है. वहीं, बीजेपी कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और विकास को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी में है.
20 दिसंबर तक सीट बंटवारा पूरा करने का लक्ष्य
सपा और कांग्रेस के बीच सोमवार से नई दिल्ली में बातचीत का पहला दौर शुरू होने की संभावना है. कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, पार्टी 20 दिसंबर तक सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी करना चाहती है. बातचीत का नेतृत्व प्रियंका गांधी वाड्रा कर सकती हैं. कांग्रेस की ओर से केसी वेणुगोपाल, आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी भी शामिल हो सकते हैं.
सपा की ओर से राम गोपाल यादव, धर्मेंद्र यादव और राजीव राय के बातचीत में शामिल होने की संभावना है. सपा ने राम गोपाल यादव की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति बनाई है. इसमें श्याम लाल पाल, राजीव राय और इकरा चौधरी भी शामिल हैं.
2024 के नतीजों के आधार पर सीटों की दावेदारी
सीट बंटवारे में 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे अहम रहेंगे. सपा-कांग्रेस गठबंधन ने यूपी की 80 में से 43 सीटें जीती थीं. कांग्रेस इसी प्रदर्शन के आधार पर अधिक सीटें मांग सकती है. पार्टी 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा के साथ मिले 107 सीटों के फॉर्मूले का भी हवाला दे रही है. हालांकि, सपा जीतने की संभावना को सीट बंटवारे का सबसे अहम आधार मान रही है. दोनों दलों ने अभी सीटों की संख्या सार्वजनिक नहीं की है.
BJP का ‘ट्रिपल एस’ फॉर्मूला तैयार
बीजेपी ने मिशन-2027 के लिए संगठन, सरकार और सहयोगी दलों यानी ‘ट्रिपल एस’ का फॉर्मूला बनाया है. पार्टी कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, विकास और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क पर जोर देगी. समान नागरिक संहिता (UCC) भी चुनावी एजेंडे में शामिल रहेगी. अमित शाह यूपी में सरकार बनने पर इसे लागू करने की बात कह चुके हैं.
350 से ज्यादा युवा कार्यकर्ता मैदान में
बीजेपी युवा मोर्चा ने 350 से अधिक कार्यकर्ताओं को विस्तारक बनाया है. इनके जरिए नव मतदाता सम्मेलन, युवा चौपाल और ‘चाय पे चर्चा’ जैसे कार्यक्रम होंगे. पार्टी RSS के साथ जमीनी संपर्क भी बढ़ाएगी. साथ ही डिजिटल निगरानी के जरिए लाभार्थियों और मतदाताओं तक पहुंचने की योजना है.
वोटर लिस्ट पर भी विशेष नजर
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को SSR के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए फॉर्म-6 का इस्तेमाल होगा. संदिग्ध नामों पर फॉर्म-7 से आपत्ति और विवरण में बदलाव के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकेगा. पार्टी का जोर यह सुनिश्चित करने पर है कि कोई पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे.
November 23, 202611:56 IST
UP Chunav 2027 LIVE: सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे पर बैठक शुरू, प्रमोद तिवारी के आवास पर जुटे दोनों दलों के नेता
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर बातचीत शुरू हो गई है. दिल्ली में प्रमोद तिवारी के आवास 17, तीन मूर्ति मार्ग पर दोनों दलों के नेताओं की अहम बैठक हो रही है. सपा की ओर से रामगोपाल यादव, इकरा हसन और राजीव राय बैठक में पहुंचे हैं. वहीं, कांग्रेस की ओर से आराधना मिश्रा मोना, इमरान मसूद, वीरेंद्र चौधरी और राजेंद्र पाल गौतम पहले से मौजूद हैं. बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे और गठबंधन की रणनीति पर चर्चा होगी.
November 23, 202610:55 IST
UP Chunav 2027 LIVE: प्रमोद तिवारी बोले- 2027 में दो तिहाई बहुमत से बनेगी हमारी सरकार, सपा के साथ सीट बंटवारे पर होगी स्मूथ बातचीत
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मिलकर दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे. उन्होंने कहा कि सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत उनके घर पर होगी. दोनों दलों के बीच बातचीत पूरी तरह सहज तरीके से होगी और सभी मुद्दे आराम से तय हो जाएंगे. तिवारी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के लोग मौजूदा सरकार से त्रस्त हैं. उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जिस तरह दोनों दलों ने मिलकर बीजेपी को हराया था, उसी तरह 2027 में भी गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा.
November 23, 202610:55 IST
UP Election 2027 LIVE: यूपी बीजेपी की वर्चुअल बैठक आज, विनोद तावड़े विधायकों-सांसदों के साथ करेंगे चर्चा
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी संगठन की अहम वर्चुअल बैठक आज सुबह 10 बजे होगी. यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े बैठक की अध्यक्षता करेंगे. इसमें प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी शामिल होंगे. बैठक में पार्टी के सभी विधायक, सांसद और एमएलसी वर्चुअली जुड़ेंगे. इस दौरान बूथ स्तर पर चल रहे कार्यक्रमों, संगठन की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी. पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नेताओं को जिम्मेदारियां देने पर भी मंथन हो सकता है.
November 23, 202610:34 IST
UP Chunav 2027 LIVE: चंद्रशेखर आजाद का सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- BJP को हराने के लिए गंभीर नहीं विपक्षी दल
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सपा और कांग्रेस पर 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि दोनों दलों के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा में शामिल होने के दरवाजे खुले हैं. मोर्चे में एआईएमआईएम भी शामिल है. आजाद ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए बड़ा विपक्षी गठबंधन बनाने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली. उन्होंने 26 नवंबर को लखनऊ में होने वाली रैली में सपा-कांग्रेस को शामिल होने का न्योता दिया. आजाद ने बसपा का जनाधार घटने का दावा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी का आधार बढ़ रहा है. उन्होंने मोर्चे को भाजपा की ‘बी टीम’ बताए जाने के आरोप भी खारिज किए.
November 23, 202610:33 IST
UP Election 2027 LIVE: आकाश आनंद का BJP पर हमला, बोले- शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के मोर्चे पर सरकार विफल
बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने आगरा की जनसभा में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के मोर्चे पर सरकार को विफल बताते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को ‘शोपीस’ करार दिया. आनंद ने आरोप लगाया कि 10 साल में किसी दलित को उपमुख्यमंत्री नहीं बनाया गया. उन्होंने दावा किया कि सरकार ने विज्ञापनों पर 7 हजार करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि दो करोड़ से अधिक युवा बेरोजगार हैं. उन्होंने कांग्रेस और सपा को भी भाजपा की ‘बी टीम’ बताया और दोनों दलों पर दलित-पिछड़ों की अनदेखी का आरोप लगाया. आनंद ने मतदाताओं से 2027 में बसपा को समर्थन देने और मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील की.
November 23, 202610:33 IST
यूपी इलेक्शन 2027 लाइव: ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ नारे पर पंकज चौधरी का अखिलेश को जवाब, बोले- यह हमारी आस्था की अभिव्यक्ति
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और सपा के बीच नारे को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ नारे का बचाव करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राधे-राधे का उद्घोष सनातन धर्म, आस्था और संस्कृति की स्वाभाविक अभिव्यक्ति है. इस पर आपत्ति समझ से परे है. दरअसल, अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा था कि अगर कमल खिलाने की जरूरत पड़ रही है तो क्या वह मुरझा गया है? भाजपा ने 17 नवंबर को मथुरा की संगठनात्मक बैठक में यह नारा दिया था. बैठक में पार्टी ने कृष्ण जन्मस्थली पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग भी दोहराई थी.
November 23, 202610:32 IST
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 लाइव: यूपी में 28-29 नवंबर को फिर चलेगा वोटर लिस्ट पुनरीक्षण अभियान, 1.73 लाख बूथों पर रहेंगे BLO
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 के तहत 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान प्रदेश के करीब 1.73 लाख मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि नागरिक अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांच सकेंगे. नाम नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं. इससे पहले 21-22 नवंबर को भी विशेष अभियान चला था. अधिकारियों को युवाओं, महिलाओं और 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. मतदाता सूची ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल ऐप से भी जांची जा सकती है. विवरण में संशोधन या पता बदलने के लिए फॉर्म-8 भरकर आवेदन किया जा सकता है.
November 23, 202610:32 IST
यूपी चुनाव 2027 लाइव: जनता उन्नति पार्टी ने BJP को दिया बिना शर्त समर्थन
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले जनता उन्नति पार्टी ने भाजपा को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौहान ने रविवार को लखनऊ में भाजपा प्रदेश कार्यालय में इसकी घोषणा की. इस दौरान राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. सुधीर शर्मा और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि जनता उन्नति पार्टी ने एनडीए को समर्थन देने का संकल्प लिया है. उन्होंने इसे एकजुटता की ताकत बताते हुए 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का दावा किया. कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि दोनों दल मिलकर चुनाव में काम करेंगे और एनडीए उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे. अनिल चौहान ने कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा की जीत के लिए सहयोग करेंगे.
November 23, 202610:31 IST
UP Vidhan Sabha Chunav 2027 LIVE: इमरान मसूद बोले- कांग्रेस 2024 के फॉर्मूले पर सपा से चाहती है सीट बंटवारा
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे की बातचीत शुरू होने जा रही है. पहली बैठक से पहले यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में सफल रहे फॉर्मूले के तहत सीटों का बंटवारा चाहती है. उन्होंने कहा कि न कांग्रेस ने 100 पार और न 100 से कम, बल्कि 181 सीटों की मांग की है. बातचीत से समाधान निकल जाएगा और कोई विवाद नहीं होगा. मसूद ने कहा कि कांग्रेस 40 सीटों पर जीती थी और 35 पर दूसरे नंबर पर रही थी. कुछ सीटें पार्टी की पारंपरिक हैं. उन्होंने कहा कि सरकार बनानी है तो सभी को जगह देनी होगी.
November 23, 202610:31 IST
UP Chunav 2027 LIVE: सीएम योगी की मौजूदगी में बीजेपी बनाएगी 2027 की चुनावी रणनीति
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बीजेपी की कोर टीम की अहम बैठक आज होगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में होने वाली बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शामिल होंगे. बैठक में SIR-SSR के बाद मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, छूटे वोटरों तक पहुंचने और संगठन की सक्रियता पर चर्चा हो सकती है. इसके अलावा सहयोगी दलों के साथ सीटों का बंटवारा, जातीय समीकरण और क्षेत्रवार रणनीति पर भी मंथन संभव है. सरकार के कामकाज की समीक्षा के साथ 2027 चुनाव के रोडमैप पर भी चर्चा होगी.
November 23, 202610:31 IST
UP Election 2027 LIVE: यूपी चुनाव 2027 की तैयारी में आजाद समाज पार्टी सक्रिय, 6 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के निर्देश और प्रदेश कमेटी की संस्तुति पर छह विधानसभा क्षेत्रों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है. पार्टी ने 22 नवंबर को चौथी सूची जारी की. जारी सूची के मुताबिक, हाथरस सदर (सुरक्षित) सीट पर राकेश चंद्र, एत्मादपुर में सिंह सेंठ, कटरा में सलीम चांद उर्फ चांद बाबू, शाहजहांपुर सदर में हरिश्याम, करनैलगंज में ऊषा देवी निषाद और पिपराइच में विजय सहानी को प्रभारी बनाया गया है. पार्टी ने नियुक्त किए गए प्रभारियों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जिम्मेदारी निभाने की अपेक्षा जताई है.

