Last Updated:
Taj Mahal News: आगरा स्थित ताजमहल के पूर्वी गेट पर रविवार को उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब दिल्ली से घूमने आए सैलानियों और सीआईएसएफ जवानों के बीच कथित मारपीट हो गई. पर्यटक साजिद का आरोप है कि परिसर में उनका तीन साल का बेटा पांच मिनट के लिए बिछड़ गया था, जो एक जवान के पास मिला. जन्म प्रमाणपत्र व तस्वीरें दिखाने के बावजूद सुरक्षाकर्मियों ने आधार कार्ड की जिद पकड़ ली.
ताजमहल में टूरिस्ट से सुरक्षा के जवानों ने मारपीट की. (सांकेतिक फोटो)
Taj Mahal News: दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल के पूर्वी द्वार पर रविवार को सुरक्षाकर्मियों और सैलानियों के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया. दिल्ली से दीदार-ए-ताज करने पहुंचे एक परिवार का आरोप है कि मामूली सी बात पर सीआईएसएफ (CISF) जवानों ने उनके साथ मारपीट की. इस कथित हमले में एक युवक अचेत हो गया, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्मारक प्रशासन में हड़कंप मच गया है.
दिल्ली निवासी पर्यटक साजिद के मुताबिक, वे अपने परिवार संग परिसर के भीतर घूम रहे थे. इसी दौरान उनका तीन वर्षीय बेटा करीब पांच मिनट के लिए भीड़ में कहीं ओझल हो गया. घबराए परिजनों ने इधर-उधर खोजबीन की तो मासूम सीआईएसएफ के एक जवान के पास सुरक्षित मिला. लाडले को सही-सलामत देखकर पिता ने राहत की सांस ली, मगर इसके बाद जो कुछ हुआ उसकी उम्मीद किसी को नहीं थी.
जन्म प्रमाणपत्र दिखाया, फिर भी आधार पर अड़े जवान
साजिद का कहना है कि सुरक्षाकर्मी ने बच्चे को सौंपने से पहले उसका आधार कार्ड मांगा. उस वक्त यह दस्तावेज पास न होने की वजह से उन्होंने मोबाइल फोन में बेटे संग अपनी तस्वीरें दिखाईं और जन्म प्रमाणपत्र भी पेश किया. आरोप है कि तमाम सबूत देने के बाद भी जवान नहीं पसीजे और साफ कह दिया कि मांगा गया कार्ड न दिखाने पर बच्चा चार दिन बाद ही वापस मिलेगा. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई.
मोबाइल छीना, साले को पीटकर किया बेहोश
पीड़ित पर्यटक ने गंभीर इल्जाम लगाते हुए बताया कि बहस बढ़ने पर जवानों ने उनका फोन झपट लिया. जब उनके साले आजाद ने इस रवैये का विरोध किया, तो सुरक्षाकर्मियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. चोट लगने के चलते आजाद मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा. वहां मौजूद लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया.
ASI ने लिया संज्ञान, दिल्ली भेजी जाएगी रिपोर्ट
इस पूरे बवाल पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने सख्त रुख अपनाया है. अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. स्मिता एस. कुमार ने पुष्टि की कि उन्हें सैलानियों व सीआईएसएफ कर्मियों के बीच झड़प की सूचना मिली है. उन्होंने साफ किया कि घटना के संबंध में सुरक्षा बल के कमांडेंट से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा. इसके साथ ही पूरे प्रकरण की लिखित जानकारी दिल्ली स्थित संबंधित उच्चाधिकारियों को भी भेजी जाएगी.
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
