Surya Nakshatra Parivartan 2026: दिसंबर का महीना कुछ राशियों के लिए करियर और आर्थिक मामलों में अच्छी खबर लेकर आ सकता है. ज्योतिष के अनुसार, इस महीने सूर्य देव तीन बार अपना नक्षत्र बदलने वाले हैं. सूर्य को आत्मविश्वास, मान-सम्मान, सरकारी नौकरी और नेतृत्व क्षमता का कारक माना जाता है. ऐसे में उनकी चाल में होने वाला बदलाव ज्योतिषीय नजरिए से खास माना जा रहा है.
इसका असर कुछ राशि के जातकों के कामकाज, आमदनी और सामाजिक प्रतिष्ठा पर पड़ सकता है. खास बात यह है कि वृषभ, सिंह और मकर समेत 5 राशियों के लिए दिसंबर का समय अनुकूल रहने के संकेत हैं.
दिसंबर 2026 में कब बदलेंगे सूर्य के नक्षत्र?
पंचांग के अनुसार, दिसंबर में सूर्य तीन अलग-अलग नक्षत्रों में प्रवेश करेंगे.
- 3 दिसंबर 2026: सूर्य ज्येष्ठा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे. इसके स्वामी बुध हैं.
- 19 दिसंबर 2026: सूर्य मूल नक्षत्र में गोचर करेंगे. इसके स्वामी केतु हैं.
- 29 दिसंबर 2026: सूर्य पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे. इसके स्वामी शुक्र हैं.
ज्योतिष में बुध को बुद्धि और कारोबार, केतु को आध्यात्मिकता और शुक्र को सुख-सुविधाओं का कारक माना जाता है. ऐसे में सूर्य के इन तीन नक्षत्रों में गोचर को अलग-अलग तरह के बदलावों से जोड़कर देखा जा रहा है.
इन 5 राशियों के लिए शुभ रह सकता है दिसंबर का महीना
1. वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों के लिए दिसंबर का महीना आर्थिक मामलों में राहत देने वाला हो सकता है. लंबे समय से अटके काम आगे बढ़ सकते हैं. नौकरी करने वालों को अपनी काबिलियत दिखाने का मौका मिल सकता है. कारोबार में भी नए अवसर मिलने के संकेत हैं. जो लोग नया काम शुरू करने की योजना बना रहे हैं, उन्हें किसी अच्छी डील या प्रस्ताव का इंतजार खत्म हो सकता है. इस दौरान आत्मविश्वास भी बढ़ सकता है.
2. सिंह राशि
सिंह राशि के स्वामी सूर्य देव हैं. इसलिए सूर्य का नक्षत्र परिवर्तन इस राशि के लिए खास माना जा रहा है. नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन, नई जिम्मेदारी या पद में बदलाव का मौका मिल सकता है. सरकारी क्षेत्र से जुड़े कामों में भी राहत मिलने की उम्मीद है. कार्यक्षेत्र में आपकी बातों को महत्व मिल सकता है. सामाजिक स्तर पर मान-सम्मान बढ़ने के संकेत हैं.
3. कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना रुके हुए काम पूरे करने का मौका दे सकता है. बातचीत और समझदारी के दम पर आप मुश्किल मामलों को सुलझा सकते हैं. आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं. जिन लोगों का पैसा लंबे समय से कहीं अटका हुआ है, उन्हें राहत मिलने की उम्मीद हो सकती है. कामकाज में नए संपर्क भी फायदेमंद साबित हो सकते हैं.
4. वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों को इस महीने भाग्य का साथ मिल सकता है. नौकरी में आपकी मेहनत और काम करने के तरीके की तारीफ हो सकती है. वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संबंध बेहतर होने की संभावना है. सरकारी कामों में आ रही रुकावटें दूर हो सकती हैं. आमदनी बढ़ाने के नए मौके मिल सकते हैं. कारोबार करने वालों को भी अपने काम का विस्तार करने के अवसर मिल सकते हैं.
5. मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना आर्थिक और पारिवारिक मामलों में अनुकूल रह सकता है. जमीन, मकान या वाहन खरीदने की योजना बना रहे लोगों को कोई अच्छी खबर मिल सकती है. अचानक धन लाभ के योग बन सकते हैं. मीडिया, कला, डिजाइन और रचनात्मक कामों से जुड़े लोगों को नए प्रोजेक्ट मिल सकते हैं. सुख-सुविधाओं पर खर्च करने की योजना भी आगे बढ़ सकती है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
