Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Supreme Court On Bail: सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया है कि पहले दोषी ठहराए गए अपराधी को सिर्फ त्वरित सुनवाई के आधार पर बेल नहीं मिल सकती. जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की बेंच ने 18 नवंबर को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का फैसला रद्द कर दिया. हाई कोर्ट ने 5 साल से जेल में बंद आरोपी को जमानत दी थी. अदालत ने आर्टिकल 21 और समाज के हितों में संतुलन बताते हुए आरोपी को 1 सप्ताह में सरेंडर करने को कहा है.
पहले दोषी ठहराए गए अपराधी को केवल त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती: सुप्रीम कोर्ट. (File Photo : PTI)
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने जमानत से जुड़े एक मामले में फैसला सुनाते हुए अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है. अदालत ने कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले और पहले दोषी ठहराए जा चुके व्यक्ति को सिर्फ त्वरित सुनवाई के अधिकार पर बेल नहीं मिल सकती. जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की बेंच ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के जनवरी 2026 के आदेश को रद्द कर दिया. हाई कोर्ट ने हत्या के इस मामले में आरोपी को जमानत दे दी थी. हाई कोर्ट ने आरोपी के 5 साल से अधिक समय तक जेल में बंद रहने को आधार बनाकर यह राहत दी थी. शीर्ष अदालत ने 18 नवंबर को दिए आदेश में हाई कोर्ट का फैसला पलट दिया और आरोपी को 1 सप्ताह में संबंधित कोर्ट के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया है.
आर्टिकल 21 को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने क्या टिप्पणी की?
सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने संवैधानिक अधिकारों और पीड़ित पक्ष के न्याय के बीच संतुलन पर जोर दिया. पीठ ने कहा, ‘त्वरित सुनवाई के अधिकार को हमेशा भारतीय संविधान के आर्टिकल 21 का एक पहलू माना गया है.’ हालांकि अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जघन्य अपराधों में शामिल आरोपी के अधिकारों के साथ पीड़ित और उसके परिवार के हितों को देखना भी जरूरी है.
बेंच ने आगे कहा, ‘त्वरित सुनवाई के अधिकार और समाज के हितों के बीच संतुलन बनाए रखना कोर्ट का कर्तव्य है.’ यह बात तब और अहम हो जाती है जब व्यक्ति कई अपराधों में शामिल रहा हो.
आरोपी ने हाई कोर्ट से जमानत पाने के लिए तथ्य छिपाए
मृतक के पिता ने हाई कोर्ट के जमानत आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. शिकायतकर्ता ने दलील दी कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उसे पहले हत्या के प्रयास में दोषी ठहराया जा चुका है. दूसरी तरफ आरोपी के वकील ने दावा किया कि जमानत याचिका में आपराधिक पृष्ठभूमि का जिक्र किया गया था.
सुप्रीम कोर्ट ने मामले के तथ्यों पर गौर करते हुए गंभीर चिंता जताई. अदालत ने पाया कि आरोपी ने यह तथ्य छिपाया कि उसे पहले उसी व्यक्ति की हत्या के प्रयास में सजा सुनाई गई थी, जिसकी बाद में हत्या हुई.
About the Author
दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
