सपा ने 5 सीटों पर उतार दिए उम्मीदवार, कांग्रेस से बातचीत के बीच अखिलेश यादव का दांव

Date:


लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी ने पांच विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है. खास बात यह है कि आज ही के दिन सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की सीट शेयरिंग को लेकर बैठक हुई थी. एक तरफ गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर अभी पेंच फंसा है, तो दूसरी तरफ सपा ने उम्मीदवारों की घोषणा कर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है.

समाजवादी पार्टी की ओर से घोषित प्रत्याशियों की सूची में सहारनपुर, शामली, अमरोहा और ललितपुर की विधानसभा सीटें शामिल हैं.

  • उमर अली खान- बेहट विधानसभा सीट (01), सहारनपुर
  • आशु मलिक- सहारनपुर विधानसभा सीट (04), सहारनपुर
  • नाहिद हसन- कैराना विधानसभा सीट (08), शामली
  • महबूब अली- अमरोहा विधानसभा सीट (41), अमरोहा
  • ज्योति लोधी- ललितपुर विधानसभा सीट (226), ललितपुर

खास बात यह है कि पांच में से चार प्रत्याशी 2022 के विधानसभा चुनाव में भी सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं. वहीं, ज्योति लोधी को पहली बार ललितपुर से टिकट दिया गया है. ललितपुर सीट पर पिछली बार समाजवादी पार्टी ने रमेश कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया था. हालांकि, यहां भाजपा के रामरतन कुशवाहा ने जीत दर्ज की थी. इस बार सपा ने ज्योति लोधी को टिकट देकर लोधी और महिला समीकरण पर दांव लगाया है.

इमरान मसूद नाराज, दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारने पर अड़े
सूत्रों के मुताबिक, बेहट और सहारनपुर में समाजवादी पार्टी की ओर से एकतरफा उम्मीदवार घोषित किए जाने से कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर सांसद इमरान मसूद नाराज हैं. इमरान मसूद दोनों सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार उतारने पर अड़े हैं. अखिलेश यादव के 26 सीटों का जिक्र करने वाले ट्वीट पर भी उन्होंने नाराजगी जताई है. उनका मानना है कि यह गठबंधन धर्म का पालन नहीं है. इमरान मसूद इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस आलाकमान से बातचीत कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि वह प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए समाजवादी पार्टी को सीधे जवाब देने की तैयारी में हैं. फिलहाल इमरान मसूद कांग्रेस आलाकमान के जवाब का इंतजार कर रहे हैं. इसके बाद ही वह अपना रुख सार्वजनिक करेंगे.

गठबंधन में सीटों पर पेंच, अखिलेश ने कांग्रेस को लिखा पत्र
उम्मीदवारों की घोषणा ऐसे समय हुई है, जब सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सीटों के तालमेल पर बातचीत चल रही है. अखिलेश यादव ने कांग्रेस नेतृत्व को लिखे पत्र में साफ कहा है कि गठबंधन का मकसद सिर्फ सीटों का बंटवारा नहीं, बल्कि जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए. अखिलेश ने लिखा कि दोनों धर्मनिरपेक्ष पार्टियों के सामने 2027 में भाजपा को हराने का ऐतिहासिक अवसर है. इसके लिए जरूरी है कि सीटों का फैसला आपसी सहमति और जीतने की संभावना के आधार पर किया जाए.

‘बात सीट की नहीं, जीत की है’
अखिलेश यादव ने अपने पत्र में कहा कि गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर ‘हमारे और तुम्हारे’ का भाव नहीं होना चाहिए. इसे सीट बंटवारा नहीं, बल्कि ‘सीट समायोजन’ कहा जाना चाहिए. उन्होंने सुझाव दिया कि कठिन मुकाबले वाली सीटों पर दोनों दलों के संभावित उम्मीदवारों पर मिलकर विचार किया जाए और जिसकी जीतने की संभावना अधिक हो, उसे मौका दिया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपने के बजाय सहमति से प्रत्याशी तय किए जाने चाहिए, ताकि दोनों दलों के वोट एक-दूसरे को ट्रांसफर हो सकें.

पीडीए के नाम पर चुनाव लड़ने की तैयारी
अखिलेश यादव ने पत्र में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को गठबंधन की ताकत बताते हुए कहा कि इस बार प्रत्याशियों को इंडिया गठबंधन के साथ-साथ पीडीए प्रत्याशी के रूप में पेश करने की कोशिश होनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि भाजपा के खिलाफ पीड़ित, दुखी और अपमानित वर्ग लामबंद हो रहे हैं. अखिलेश के मुताबिक, पीडीए ही एनडीए को हराने और प्रदेश में बदलाव लाने की ताकत बनेगा.

सरकार बनाना सबसे बड़ा लक्ष्य
सपा प्रमुख ने कहा कि गठबंधन के सामने सबसे बड़ा लक्ष्य उत्तर प्रदेश में सरकार बनाना और आगे केंद्र में भी भाजपा को सत्ता से बाहर करना है. इसके लिए दोनों दलों को कुछ सीटों पर समझौता और संभावित प्रत्याशियों में बदलाव के लिए तैयार रहना होगा. उन्होंने कहा कि किसी नेता या संभावित उम्मीदवार को मनचाही सीट नहीं मिलने पर निराश नहीं होना चाहिए. सरकार बनाने के बड़े लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सभी को आपसी तालमेल से काम करना होगा. अखिलेश यादव ने अपने पत्र का संदेश देते हुए कहा कि गठबंधन की राजनीति में सबसे महत्वपूर्ण सीट हासिल करना नहीं, बल्कि चुनाव जीतना है। इसी सोच के साथ दोनों दलों को आगे बढ़ना चाहिए.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related