Samjwadi Party Manifesto Burden On UP Government Budget: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गर्मी बढ़ गई है. समाजवादी पार्टी ने 26 नवंबर को आगामी चुनाव के लिए 10 वादे जारी कर दिए हैं. ये वे वादे हैं, जो सपा के सरकार में आने पर लोगों को लाभ देने का वादा किया गया है. इसमें सरकारी नौकरी, बेरोजगारी भत्ता, ओल्ड पेंशन से लेकर सालाना नौकरी के लिए भर्ती परीक्षा की घोषणा की गई है. अखिलेश के इस वादे को लेकर राजनीतिक एक्सपर्ट से लेकर बजट के जानकार तरह-तरह के अनुमान लगा रहे हैं. उनका मानना है कि अगर सपा की सरकार बनती है और इन सभी 10 वादों को लागू किया जाता है तो सरकारी खजाने पर बड़ी बोझ आएगी? ये आंकड़े अनुमानों पर आधारित हैं.
| क्रमांक | सपा का चुनावी वादा | अनुमानित खर्च (मध्य अनुमान) | खर्च का प्रकार |
|---|---|---|---|
| 1 | पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां | ₹1,05,000 करोड़ | सालाना (पांचवें साल तक) |
| 2 | बुजुर्ग महिलाओं को ₹40,000 पेंशन | ₹32,000 करोड़ | सालाना |
| 3 | बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना | ₹25,000 करोड़ | सालाना |
| 4 | किसानों का कर्ज माफ | ₹25,000 करोड़ | एकमुश्त |
| 5 | ग्रामीण क्षेत्रों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली | ₹19,150 करोड़ | सालाना |
| 6 | 12वीं पास छात्रों को लैपटॉप | ₹6,250 करोड़ | सालाना |
| 7 | ग्रेजुएट बेरोजगार को ₹5,000 महीना | ₹6,000 करोड़ | सालाना |
| 8 | ₹5 में समाजवादी कैंटीन की थाली | ₹456 करोड़ | सालाना |
| 9 | दलित परिषद का गठन | ₹100 करोड़ | सालाना |
| 10 | सरकारी ठेकों में पीडीए को 50% आरक्षण | सीधा अतिरिक्त खर्च नहीं जोड़ा गया | नीतिगत बदलाव |
सपा के मैनिफेस्टों में सबसे ज्यादा जिसपर फोकस किया गया था उसमें हर साल 5 लाख सरकारी नौकरी का वादा किया गया था. यानी कि सपा की सरकारी आने पर पांच साल में 25 लाख नौकरी देने का वादा किया गया था. अगर हर साल पांच लाख लोगों को नौकरी दी जाए और प्रति कर्मचारी का औसत महीने का वेतन 35,000 रुपये मान लिया जाए, तो सरकार के खजाने पर बोझ तेजी से बढ़ेगा. पहले साल पांच लाख कर्मचारियों पर 21,000 करोड़ रुपये और दूसरे साल 10 लाख कर्मचारियों पर 42,000 करोड़ रुपये सालाना खर्च आएगा. तीसरे साल 15 लाख कर्मचारियों पर यह बिल 63,000 करोड़ रुपये और चौथे साल 20 लाख कर्मचारियों पर 84,000 करोड़ रुपये पहुंच जाएगा.
पांचवें साल तक 25 लाख कर्मचारियों के वेतन पर सालाना 1.05 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इस गणना में पेंशन, महंगाई भत्ता, अन्य भत्ते और एंपलॉयर कंट्रीब्यूशन को शामिल नहीं किया गया है. पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च (https://prsindia.org/) के अनुसार यूपी के 2026-27 बजट में वेतन पर करीब 1.83 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान है. ऐसे में पांचवें साल तक नई भर्तियों का वेतन खर्च मौजूदा वेतन बजट के आधे से अधिक हो सकता है.
25 लाख सरकारी नौकरियों का 5 साल का सैलरी गणित
| वर्ष | कुल नियुक्त कर्मचारी | अनुमानित सालाना वेतन खर्च |
|---|---|---|
| पहला साल | 5 लाख | ₹21,000 करोड़ |
| दूसरा साल | 10 लाख | ₹42,000 करोड़ |
| तीसरा साल | 15 लाख | ₹63,000 करोड़ |
| चौथा साल | 20 लाख | ₹84,000 करोड़ |
| पांचवां साल | 25 लाख | ₹1,05,000 करोड़ |
बुजुर्ग महिलाओं को पेंशन और बेटी को सोना देने पर कितना पैसा लगेगा?
सपा के मैनिफेस्टों में बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये पेंशन देने के वादे पर आएगा. इसमें हर महिला को महीने में करीब 3,333 रुपये मिलेंगे. यूपी के 2026-27 बजट में वृद्धावस्था और किसान पेंशन के 67.50 लाख लाभार्थियों हैं और उनके लिए 8,950 करोड़ रुपये का प्रावधान है. इसके अलावा बेसहारा महिला पेंशन के लिए 3,500 करोड़ रुपये रखे गए हैं. इन आंकड़ों को सीधे बुजुर्ग महिलाओं की कुल संख्या नहीं माना जा सकता. लेकिन अनुमान लगाया जाए तो इसके लिए तकरीबन 80 लाख पात्र बुजुर्ग महिलाएं हैं. तो सपा के मैनिफेस्टों को लागू करने पर सालाना 32,000 करोड़ रुपये का खर्च बैठता है. अगर पात्र महिलाओं की संख्या एक करोड़ होती है, तो यह बिल 40,000 करोड़ रुपये सालाना तक भी पहुंच जाएगा.
बेटी के जन्म पर एक तोला सोना के वादे पर खर्च
सपा का एक और बड़ा वादा रहा बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना देने का. अगर सेंसस इंडिया की सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम 2023 रिपोर्ट देखें तो यूपी के जिला और लिंग आधारित जन्म पंजीकरण से सलाना बेटियों के जन्म का अनुमान निकाला जा सकता है. इस हिसाब से सालाना 25 लाख बच्चियों का जन्म माना जा सकता है. अगर सोने के रेट को एक लाख प्रति 10 ग्राम रखा जाए तो सालाना 25,000 करोड़ रुपये और पांच साल में 1.25 लाख करोड़ रुपये का सरकारी खर्च बैठेगा. ध्यान रहे वास्तविक खर्च सोने की कीमत और पंजीकृत बच्चियों की संख्या के साथ बदलेगा.
गांवों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली का बिल सरकार के लिए कितना बड़ा होगा?
ग्रामीण क्षेत्रों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा राज्य के सब्सिडी बजट को काफी बढ़ा सकता है. सरकार के सांख्यिकी मंत्रालय यानी मॉस्पी के हाउसहोल्ड कंजम्पशन एक्सपेंडिचर सर्वे 2023-24 के अनुसार उत्तर प्रदेश में अनुमानित 3.03965 करोड़ ग्रामीण परिवार हैं. किसी भी मुफ्त बिजली स्कीम में हर परिवार पूरी 300 यूनिट बिजली इस्तेमाल करे, यह जरूरी नहीं है.
मोटे तौर पर माना जाए तो 3.04 करोड़ ग्रामीण परिवारों की औसत मासिक खपत 150 यूनिट होगी. इसमें सरकार की अनुमानित सब्सिडी 3.50 रुपये प्रति यूनिट रखेंगे. इस हिसाब से प्रति परिवार सालाना सब्सिडी 6,300 रुपये और कुल सालाना खर्च करीब 19,150 करोड़ रुपये बैठेगा. यहां 3.50 रुपये प्रति यूनिट मॉडल की एक मान्यता है और यह सरकार की प्रमाणित सब्सिडी दर नहीं है.
लैपटॉप और बेरोजगारी भत्ते से युवाओं पर सालाना कितना खर्च आएगा?
12वीं पास छात्रों को लैपटॉप देने के वादे में सरकारी शिक्षा बोर्डों के नतीजों के आधार पर पात्रता तय होगी. इस मॉडल में सालाना 25 लाख छात्रों को लैपटॉप देने का अनुमान ले सकते हैं. प्रति लैपटॉप 25,000 रुपये की लागत मान लिया जाए तो सालाना कुल खर्च 6,250 करोड़ रुपये आ सकता है. यह किसी सरकारी टेंडर की रेट से नहीं तय कर रहे हैं. अगर लैपटॉप की कीमत 30,000 रुपये होती है, तो सालाना खर्च बढ़कर 7,500 करोड़ रुपये हो जाएगा.
| योजना | अनुमानित लाभार्थी | अनुमानित दर / सब्सिडी | कुल अनुमानित खर्च |
|---|---|---|---|
| 25 लाख सरकारी नौकरियां | 25 लाख कर्मचारी (5 साल में) | ₹35,000 औसत मासिक वेतन | ₹1,05,000 करोड़ सालाना |
| बुजुर्ग महिला पेंशन | 80 लाख महिलाएं | ₹40,000 सालाना (करीब ₹3,333 महीना) | ₹32,000 करोड़ सालाना |
| बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना | 25 लाख बच्चियां सालाना | ₹1 लाख प्रति 10 ग्राम सोना | ₹25,000 करोड़ सालाना |
| ग्रामीण मुफ्त बिजली (300 यूनिट) | 3.04 करोड़ ग्रामीण परिवार | 150 यूनिट औसत खपत, ₹3.50 प्रति यूनिट सब्सिडी | ₹19,150 करोड़ सालाना |
| 12वीं पास छात्रों को लैपटॉप | 25 लाख छात्र सालाना | ₹25,000 प्रति लैपटॉप | ₹6,250 करोड़ सालाना |
| ग्रेजुएट बेरोजगारी भत्ता | 10 लाख बेरोजगार ग्रेजुएट | ₹5,000 महीना (₹60,000 सालाना) | ₹6,000 करोड़ सालाना |
| ₹5 में समाजवादी कैंटीन थाली | 5 लाख थाली रोजाना (18.25 करोड़ सालाना) | ₹30 लागत, ₹25 प्रति थाली सरकारी सब्सिडी | ₹456 करोड़ सालाना |
| किसान कर्ज माफी | 50 लाख किसान | ₹50,000 औसत कर्ज माफी | ₹25,000 करोड़ एकमुश्त |
किसानों की कर्ज माफी पर कितना खर्च?
किसानों की कर्ज माफी के लिए वास्तविक लाभार्थियों की संख्या तय नहीं है. हालांकि, यूपी सरकार ने 2017 में कृषि ऋण मोचन योजना के रिकॉर्ड से अनुमानित डाटा लिया जा सकता है. अगर हम तकरीबन 50 लाख पात्र किसानों को लेते हैं, तो औसतन 50,000 रुपये कर्ज माफ करेंगे सरकारी खजाने पर खर्च एक मुश्त में 25,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा. हां, ये हर साल दोहराया जाने वाला भार नहीं है. अगर औसत कर्ज माफी एक लाख रुपये हो जाती है, तो यह रकम 50,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है.
5 रुपये की थाली का गणित क्या कहता है?
5 रुपये में समाजवादी कैंटीन की थाली के खर्च का आकलन तमिलनाडु की अम्मा उनावगम योजना के संदर्भ में किया गया है. ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक वहां 407 अम्मा कैंटीन चल रही हैं, जहां रोजाना करीब 3.5 लाख लोग भोजन करते हैं. वहां इडली एक रुपये, पोंगल और वैरायटी राइस 5 रुपये और दही चावल 3 रुपये में मिलता है. यूपी में रोजाना पांच लाख थालियों यानी सालाना 18.25 करोड़ थालियों का अनुमान लिया गया है. एक थाली की वास्तविक लागत 30 रुपये और ग्राहक से 5 रुपये मिलने पर सरकार को 25 रुपये प्रति थाली सब्सिडी देनी होगी. इससे करीब 456 करोड़ रुपये सालाना खर्च आएगा. इसमें कैंटीन खोलने, बिल्डिंग, रसोई के समान और प्रशासनिक खर्च शामिल नहीं हैं.
दलित परिषद और सरकारी ठेकों में पीडीए आरक्षण का बजट पर क्या असर होगा?
दलितों के विकास के लिए अलग दलित परिषद बनाने पर इसके दफ्तर, कर्मचारियों, जिला स्तर पर कामकाज, रिसर्च और निगरानी पर खर्च होगा. इसका कोई आधिकारिक प्रस्तावित बजट उपलब्ध नहीं है. इसलिए इस मॉडल में प्रशासनिक और कार्यक्रम संबंधी जरूरतों के लिए 100 करोड़ रुपये सालाना का प्रावधान माना गया है. यह राशि एक अनुमान है और परिषद की वास्तविक लागत नहीं है.
सरकारी ठेकों में पीडीए को 50 फीसदी आरक्षण देने के वादे को सीधे अतिरिक्त सरकारी खर्च में नहीं जोड़ा गया है. इसका मतलब यह नहीं है कि सरकार को ठेकों की कुल राशि से 50 फीसदी ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा. यह ठेके आवंटित करने की नीति में बदलाव है. इसका असर ठेकेदारों की पात्रता, टेंडर प्रक्रिया और ठेकों के वितरण पर पड़ेगा. हालांकि इसके प्रशासनिक क्रियान्वयन का खर्च अलग हो सकता है.
यूपी बजट 2026-27 बनाम सपा के वादों का कुल वित्तीय भार
| वित्तीय मानक | अनुमानित आंकड़ा | सोर्स |
|---|---|---|
| यूपी का कुल बजट (2026-27) | ₹9.13 लाख करोड़ | पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च |
| राजस्व व्यय (2026-27) | करीब ₹6.64 लाख करोड़ | पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च |
| राजकोषीय घाटा (2026-27) | लगभग ₹1.18 लाख करोड़ | पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च |
| मौजूदा वेतन बजट (2026-27) | करीब ₹1.83 लाख करोड़ | पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च |
| सालाना योजनाओं का कुल खर्च | ₹1,93,956 करोड़ (करीब ₹1.94 लाख करोड़) | पांचवें साल का कुल मिलाकर अनुमान |
| किसान कर्ज माफी (एकमुश्त) | ₹25,000 करोड़ | एक बार का अनुमानित खर्च |
| कर्ज माफी सहित कुल संभावित भार | ₹2,18,956 करोड़ (करीब ₹2.19 लाख करोड़) | एक बार मोटा खर्च |
| 2026-27 बजट से तुलना | लगभग 21.2% | सालाना अतिरिक्त खर्च से तुलना |
यूपी के मौजूदा बजट के सामने यह 2 लाख करोड़ का खर्च कहां ठहरता है?
सालाना योजनाओं को जोड़ने पर पांचवें साल में संयुक्त अनुमान 1,94,956 करोड़ रुपये बैठता है. इसमें किसान कर्ज माफी का 25,000 करोड़ रुपये का एकमुश्त भार जोड़ने पर पहले पूर्ण लागू करने वाले वर्ष में यह आंकड़ा 2,19,956 करोड़ रुपये यानी करीब ₹2.19 लाख करोड़ रुपये हो सकता है. खर्च के लिहाज से सबसे बड़ा हिस्सा सरकारी नौकरियों, महिला पेंशन और बेटी को सोना देने की योजनाओं में जाएगा. यूपी के 2026-27 के 9.13 लाख करोड़ रुपये के बजट के मुकाबले सालाना 1.95 लाख करोड़ रुपये का यह खर्च करीब 21.2 फीसदी बैठता है.
सोर्स-
- पी.एल.एफ.एस
- पीएलएफएस सर्वे
- PRS का यूपी बजट विश्लेषण 2026-27
- CRS 2023 जन्म पंजीकरण रिपोर्ट
- MoSPI घरेलू उपभोग सर्वेक्षण 2023-24
- ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन की अम्मा कैंटीन जानकारी
डिस्क्लेमर- सभी डेटा सरकारी और स्वतंत्र रिसर्च वेबसाइट की मदद से तैयार की गई. ये डेटा अनुमानित हैं. इसके आंकड़े लाभार्थी, तत्काल महंगाई दर पर निर्भर कर सकते हैं. अगर इसमें कुछ त्रुटियां पाईं जाती हैं, तो न्यूज18 हिंदी इसके लिए जिम्मेदार नहीं होगा.
