हापुड़ में थार सवार दबंगों का आतंक, रात के अंधेरे में ऑटोमैटिक पिस्टल से की ताबड़तोड़ फायरिंग; बाइक सवारों ने बनाया वीडियो

Date:


Last Updated:

हापुड़ में थार सवार दबंगों ने रात के अंधेरे में ऑटोमैटिक पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी. नगर कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीछा कर रहे बाइक सवार गोलीबारी के बीच थार का नंबर नोट करते सुनाई दे रहे हैं. शुरुआत में वीडियो पर मोदीनगर गाजियाबाद लिखा होने से असली लोकेशन का पता नहीं चला.

Zoom

हापुड़ में रात में थार गाड़ी सवारों द्वारा ऑटोमैटिक पिस्टल से फायरिंग पर क्या बोली पुलिस?

हापुड़. उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से बेखौफ दबंगई और सरेआम गोलीबारी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां रात के अंधेरे में थार गाड़ी सवार कुछ दबंगों ने कानून का खौफ ताक पर रखकर ऑटोमैटिक पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलियों की गूंज से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. घटना का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला हापुड़ नगर कोतवाली का बताया जा रहा है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुए करीब 23 सेकंड के इस वीडियो में रात के वक्त सड़क पर भारी अफरा-तफरी का मंजर साफ देखा जा सकता है. वीडियो में ऑटोमैटिक पिस्टल से लगातार कई राउंड फायरिंग की आवाजें गूंजती सुनाई देती हैं. गोलीबारी के बीच मौके पर मौजूद कुछ बाइक सवार युवक तेज रफ्तार से भागती थार गाड़ी का पीछा करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान वे गाड़ी की इंडिकेटर लाइट जलती देख एक-दूसरे को जोर-जोर से वीडियो बनाने और थार का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट करने के लिए चिल्लाते सुनाई देते हैं. चलती सड़क पर इस तरह की बेखौफ फायरिंग ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जांच में निकला हापुड़ का कनेक्शन
वायरल वीडियो की लोकेशन को लेकर शुरुआत में भ्रम की स्थिति बनी रही. इस पूरे मामले पर हापुड़ के एडिशनल एसपी (ASP) महेश कुमार ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें थार में सवार कुछ लोग फायरिंग करते नजर आ रहे हैं. एएसपी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया जब वीडियो को देखा गया तो उस पर मोदीनगर, गाजियाबाद लिखा हुआ आ रहा था. हालांकि, हापुड़ पुलिस ने अपने स्तर पर जांच की, तो यह प्रतीत हो रहा है कि घटना हापुड़ के ही किसी स्थान की है. फिलहाल गोलीबारी के पीछे विवाद की असली वजह अभी सामने नहीं आई है.

मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस, जल्द होगी गिरफ्तारी
एएसपी महेश कुमार ने साफ कहा कि पुलिस इस पूरे प्रकरण की गहनता से छानबीन कर रही है. वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की ओर से मामले में मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है और थार सवार दबंगों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. पुलिस की टीमें गाड़ी के नंबर, आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी हैं. एएसपी ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और अतिशीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

About the Author

Deep Raj DeepakSub-Editor

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …

और पढ़ें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related