सर्दियों में कितनी देर धूप सेंकना है फायदेमंद? डॉक्टर से जानें सही समय और सावधानियां

Date:


Last Updated:

Winter Sunlight Benefits: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही लोगों को धूप में बैठना काफी अच्छा लगता है. सुबह की हल्की धूप हो या फिर दोपहर में छत और बालकनी में बैठकर गुनगुनी धूप सेंकना, यह लगभग हर उम्र के लोगों की पसंद होती है. डॉक्टर भी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को सर्दियों में कुछ समय धूप में बैठने की सलाह देते हैं.

कानपुर: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही लोगों को धूप में बैठना काफी अच्छा लगता है. सुबह की हल्की धूप हो या फिर दोपहर में छत और बालकनी में बैठकर गुनगुनी धूप सेंकना, यह लगभग हर उम्र के लोगों की पसंद होती है. डॉक्टर भी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को सर्दियों में कुछ समय धूप में बैठने की सलाह देते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह शरीर को मिलने वाला विटामिन डी है. यह विटामिन हड्डियों को मजबूत रखने के साथ ही शरीर में कैल्शियम को सही तरीके से इस्तेमाल करने में मदद करता है. लेकिन क्या आपको पता है कि सर्दियों में कितनी देर धूप सेंकना फायदेमंद होता है और कब यही धूप नुकसान पहुंचाने लगती है.

कानपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर डॉक्टर बीएन आचार्य के मुताबिक, सर्दियों में शरीर को धूप की जरूरत होती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि लोग घंटों धूप में बैठे रहें. सुबह की हल्की धूप शरीर को आराम देती है और ठंड से राहत पहुंचाती है. ऐसे में लोग अपनी सुविधा के अनुसार सुबह कुछ समय धूप में बैठ सकते हैं. हालांकि विटामिन डी बनने के लिए केवल सूर्योदय के समय की धूप पर निर्भर रहना ठीक नहीं है. शरीर में विटामिन डी बनाने वाली किरणें दिन चढ़ने के साथ अधिक प्रभावी होती हैं. इसलिए धूप लेने का सही समय और उसकी अवधि मौसम, त्वचा के रंग और धूप की तीव्रता पर भी निर्भर करती है.

10 से 30 मिनट की धूप हो सकती है फायदेमंद

आमतौर पर स्वस्थ वयस्कों के लिए हाथ, पैर और चेहरे जैसे खुले हिस्सों पर करीब 10 से 30 मिनट तक धूप लेना एक सामान्य शुरुआती अवधि मानी जा सकती है. हालांकि हर व्यक्ति के लिए यह समय एक जैसा नहीं होता. किसी की त्वचा का रंग गहरा है तो किसी की त्वचा हल्की होती है. इसके अलावा सर्दियों में कोहरा, प्रदूषण और बादल भी सूर्य की किरणों को प्रभावित करते हैं. इस वजह से शरीर में बनने वाले विटामिन डी की मात्रा भी कम-ज्यादा हो सकती है. इसलिए ज्यादा देर धूप में बैठने से विटामिन डी भी उसी हिसाब से ज्यादा बनेगा, ऐसा जरूरी नहीं है.

बच्चों और बुजुर्गों को रखें खास ध्यान

छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए सर्दियों की धूप काफी आरामदायक होती है. बच्चों को बाहर खेलने और कुछ समय प्राकृतिक रोशनी में रहने देना अच्छा है. वहीं बुजुर्ग सुबह की हल्की धूप में टहल सकते हैं या बैठ सकते हैं. हालांकि छोटे शिशुओं को सीधे तेज धूप में रखने से बचना चाहिए. बुजुर्गों को भी अपनी त्वचा और स्वास्थ्य के अनुसार धूप लेनी चाहिए. अगर किसी को पहले से विटामिन डी की कमी है तो केवल धूप के भरोसे नहीं रहना चाहिए. डॉक्टर की सलाह पर जांच और जरूरत पड़ने पर दवा या सप्लीमेंट लेना जरूरी हो सकता है.

ज्यादा तेज धूप से त्वचा को पहुंच सकता है नुकसान

डॉक्टरों के अनुसार धूप जितनी फायदेमंद है, उतनी ही सावधानी बरतना भी जरूरी है. ज्यादा तेज धूप में लंबे समय तक रहने से त्वचा झुलस सकती है. सूर्य की अल्ट्रावायलेट किरणें त्वचा की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकती हैं. इससे त्वचा पर झुर्रियां, दाग और लंबे समय में त्वचा संबंधी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए दो घंटे तक लगातार धूप में बैठने के बजाय थोड़ी देर धूप लेकर छाया में चले जाना बेहतर है. खासतौर पर जब धूप बहुत तेज हो तो सिर और आंखों को बचाना चाहिए.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related