132वां संविधान संशोधन बिल: लोकसभा और विधानसभाओं में 50% सीटें बढ़ेंगी, नए परिसीमन के तुरंत बाद लागू होगा 33% महिला आरक्षण

Date:


नई दिल्ली: महिलाओं को 33 प्रतिशत राजनीतिक आरक्षण तुरंत देने का रास्ता बन गया है. कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की ओर से लोकसभा में पेश किए जाने वाले 132वें संविधान संशोधन बिल 2026 में इसके लिए फॉर्मूला तैयार किया गया है. नए डिलिमिटेशन बिल के मुताबिक परिसीमन के दौरान हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत की समान बढ़ोतरी की जाएगी. इस बदलाव के बाद लोकसभा में राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य चुने जा सकेंगे. वहीं राज्य विधानसभाओं में सदस्यों की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर 650 कर दी गई है. सूत्रों के मुताबिक पुराने ड्राफ्ट के मुकाबले इस बिल में 6 से ज्यादा बड़े संशोधन किए गए हैं.

साल 2026 की जनगणना का इंतजार किए बिना कैसे लागू होगा आरक्षण?

नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के तहत महिला आरक्षण को 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना और परिसीमन से जोड़ा गया था. नए बिल ने इस अड़चन को खत्म कर दिया है. अब यह संशोधन लागू होते ही पहला परिसीमन कराया जाएगा और इसके तुरंत बाद लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं का एक-तिहाई आरक्षण प्रभावी हो जाएगा.

इस डिलिमिटेशन एक्सरसाइज में मौजूदा सीटों के ऊपर 50 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें जोड़ी जाएंगी. सीटें बढ़ने से किसी भी राज्य या मौजूदा जनप्रतिनिधि के प्रतिनिधित्व में कटौती का डर नहीं रहेगा.

नए डिलिमिटेशन बिल में राज्यों और राष्ट्रपति चुनाव को लेकर क्या बदला है?

इस बिल के जरिए संविधान के अनुच्छेद 54, 55, 81, 82, 170, 330, 332 और 334A में संशोधन का प्रस्ताव रखा गया है. राष्ट्रपति चुनाव से जुड़े अनुच्छेद 54 में दिल्ली और पुडुचेरी के साथ अब केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर को भी राज्य की परिभाषा में शामिल किया गया है.

नए परिसीमन के बाद तय होने वाली सीटों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं साल 2051 तक स्थिर रहेंगी. अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा की विधानसभाओं में अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित सीटों की मौजूदा विशेष व्यवस्था भी 2051 के बाद होने वाले अगले समायोजन तक जारी रहेगी.

महिला आरक्षण की समयसीमा और रोटेशन का नियम क्या रहेगा?

बिल के प्रावधानों के मुताबिक महिला आरक्षण 106वें संविधान संशोधन अधिनियम 2023 के लागू होने की तारीख से 15 साल की अवधि तक प्रभावी रहेगा. संसद कानून बनाकर इस समयसीमा को आगे बढ़ा सकती है. महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का आवंटन हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में रोटेशन के आधार पर होगा. यह रोटेशन किस अथॉरिटी और किस प्रक्रिया से तय होगा इसका निर्धारण संसद कानून बनाकर करेगी. इसके अलावा मौजूदा लोकसभा या किसी राज्य की विधानसभा के भंग होने तक वर्तमान सदस्यों के प्रतिनिधित्व पर इस नए कानून का कोई असर नहीं पड़ेगा.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related