Last Updated:
IPL 2026 CSK vs MI highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 44वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हरा दिया. सीजन में सीएसके की ये 9 मैचों में ये चौथी जीत है. मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में सीएसके ने 11 गेंद रहते ही लक्ष्य को हासिल कर लिया.
सीएसके ने अपने घर में मुंबई इंडियंस को हराया
नई दिल्ली: कसी हुई गेंदबाजी के बाद कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और कार्तिक शर्मा की दमदार अर्धशतकीय पारी से चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हरा दिया. आईपीएल 2026 का ये 44वां मैच चेपॉक में खेला गया. मुकाबले में मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने नमन धीर के अर्धशतक से निर्धारित 20 ओवर के खेल में 7 विकेट पर 159 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में सीएसके ने 11 गेंद रहते ही 160 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया.
सीएसके की इस सीजन खेले गए 9 मैचों में ये चौथी जीत है. इस जीत के साथ ही टीम पॉइंट्स टेबल में अब छठे नंबर पर आ गई है. वहीं मुंबई इंडियंस की बात करें तो 9 मैचों में ये उसकी 7वीं हार है. इस हार के साथ ही मुंबई के लिए प्लेऑफ में पहुंच पाना अब बहुत मुश्किल हो गया है. क्योंकि अब मुंबई यहां से अपने बचे हुए सभी मैच जीत भी लेती है तब भी उसके 14 अंक ही हो पाएंगे.
कप्तान गायकवाड़ खेली 00 रनों की दमदार पारी
मुंबई के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके कप्तान गायकवाड़ ने 48 गेंद में नाबाद 67 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के भी लगाए. गायकवाड़ संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे थे. हालांकि, संजू इस मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर सके. संजू सैमसन को जसप्रीत बुमराह ने उनके 11 रन के निजी स्कोर पर रायन रिकल्टन के हाथों कैच आउट कराया. आउट होने से ठीक पर संजू को बुमराह की गेंद पर ही विल जैक्स ने कैच छोड़ा था, लेकिन सीएसके के विकेटकीपर बल्लेबाज उसका फायदा नहीं उठा सके.
गायकवाड़ के अलावा सीएसके लिए पारी में उर्विल पटेल ने भी 24 रनों का अहम योगदान दिया. अपनी इस पारी में उर्विल ने 12 गेंद का सामना किया, जिसमें 2 छक्के और 2 चौके भी लगाए. इसके अलावा इंपैक्ट सब के रूप में बल्लेबाजी करने वाले कार्तिक शर्मा ने 40 गेंद में बेहतरीन 54 रनों की पारी खेली. इस पारी में कार्तिक ने 4 चौके और 3 छक्के भी लगाए. आईपीएल में कार्तिक की ये पहली फिफ्टी है.
मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी रही फ्लॉप
सीएसके के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप रही. ओपनर बल्लेबाज विल जैक्स सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए. दमदार फॉर्म में चल रहे रायन रिकल्टन जरूर कुछ देर तक क्रीज पर खड़े रहे हैं, लेकिन उनकी पारी 37 रनों से आगे नहीं बढ़ पाई. हालांकि, टीम के लिए नमन धीर ने जरूर ने 37 गेंद में 57 रन बनाए, लेकिन इसके बावजूद टीम 20 ओवर में 159 रन तक ही पहुंच पाई.
नमन धीर के अलावा सूर्यकुमार यादव ने 12 गेंद में 21 रनों की पारी खेली. वहीं कप्तान हार्दिक पांड्या ने अंतिम ओवरों में 23 गेंद खेलकर 18 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा, रॉबिन मिंज, क्रिस भगत और ट्रेंट बोल्ट दहाई के आंकड़े को भी पार नहीं कर पाए. सीएसके की तरफ से गेंदबाजी में अंशुल कंबोज ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए. इसके अलावा नूर अहमद के खाते में 2 विकेट आया जबकि रामकृष्ण घोष और जेमी ओवरटन को भी एक-एक सफलता मिली.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


