नई दिल्ली. दिल्ली कैपिटल्स को इस बार भी घरेलू मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल के करो या मरो मुकाबले में आसान नहीं होगा. दिल्ली को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बाकी चारों मैच जीतने होंगे, वहीं केकेआर को भी अपने पांचों मैच जीतने होंगे. ऐसे में यह देखना जरूरी है कि मैच किस पिच पर खेला जाएगा.
माना जा रहा है कि वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण की स्पिन का सामना करने के लिए दिल्ली बल्लेबाजों की मददगार पिच नंबर छह पर मैच हो सकता है, जिस पर पंजाब किंग्स के खिलाफ 264 रन बने थे लेकिन जीत नहीं मिली थी. बल्लेबाजों पर भरोसा कम होने की वजह से यह पिच चुनी जा सकती है, क्योंकि बेंगलुरू के खिलाफ सीमिंग पिच पर दिल्ली ने छह विकेट नौ रन पर गंवा दिए थे.
वरुण -नरेन का चैलेंज
धीमी विकेट पर दिल्ली के बल्लेबाज गुजरात के राशिद खान या चेन्नई के नूर अहमद और अकील हुसैन को नहीं खेल पाए थे. सुनील (इकॉनॉमी रेट 6.80) और वरुण (इकॉनॉमी रेट 8.88) के सामने पाथुम निसांका, समीर रिजवी या करुण नायर को दिक्कत हो सकती है. कुलदीप यादव का खराब फॉर्म भी दिल्ली के लिए चिंता है, जिन्होंने दस मैचों में सात विकेट लिए हैं. ऐसे में बल्लेबाजों की मददगार विकेट पर खेलना ही विकल्प है, जिससे दिल्ली के बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाने का मौका मिलेगा. बाद में मिचेल स्टार्क और लुंगी एंगिडि से गेंदबाजी में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.
राहुल के ‘रन भरोसे’ दिल्ली
केकेआर का टॉप ऑर्डर भी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है. कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके. रिंकू सिंह पर ही बल्लेबाजी का भार रहा है. दिल्ली के लिए केएल राहुल ने 180 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 445 रन बनाए हैं, लेकिन दूसरी ओर अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे बल्लेबाज 200 से ऊपर की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं. निसांका पर टीम का भरोसा समझ से बाहर है, जिन्होंने नौ मैचों में 228 रन ही बनाए हैं. करुण नायर और नीतिश राणा फॉर्म में नहीं हैं. गेंदबाजी में मुकेश कुमार, टी नटराजन और अकीब नबी दर महंगे साबित हुए हैं. दिल्ली का कोई भी गेंदबाज दोहरे अंक में विकेट नहीं ले सका और सबसे अच्छी गेंदबाजी कप्तान अक्षर पटेल ने की है, जिन्होंने 8.25 की इकॉनॉमी रेट से नौ विकेट लिए हैं.
दिल्ली कैपिटल्स: अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, डेविड मिलर, औकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, साहिल पारख, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, अजय जादव मंडल, करुण नायर, टी नटराजन.
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, कैमरन ग्रीन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजाराबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, फिन एलन, दक्ष कामरा, कार्तिक त्यागी, सार्थक रंजन, सौरभ दुबे.


