DIY lip balm : विंटर में फटे होठों से हैं परेशान? घर पर नेचुरल चीजों से ऐसे बनाएं 5 केमिकल-फ्री लिप बाम

Date:


Homemade Lip Balm : सर्दियां शुरू होते ही त्वचा की नमी कम होने लगती है. इसका असर सबसे पहले चेहरे और होंठों पर दिखाई देता है. होंठ सूखने लगते हैं, उन पर पपड़ी जम जाती है और कई बार दरारें पड़ने से हंसना या खाना तक मुश्किल हो जाता है. ऐसे में बार-बार होंठों पर जीभ फेरने या सूखी पपड़ी खींचने से बचना चाहिए. इससे परेशानी और बढ़ सकती है.

दरअसल, होंठों की त्वचा शरीर के बाकी हिस्सों के मुकाबले ज्यादा नाजुक होती है. इनमें तेल बनाने वाली ग्रंथियां भी नहीं होतीं. इसलिए ठंडी हवा और कम नमी के कारण होंठ जल्दी रूखे हो जाते हैं. अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी (AAD) भी फटे होंठों की देखभाल के लिए उन्हें नियमित रूप से मॉइस्चराइज करने और ठंड व धूप से बचाने की सलाह देती है.
फटे होंठों पर नींबू, पुदीना, मेंथॉल, कपूर या तेज खुशबू वाले उत्पाद लगाने से बचें. (Canva)

अगर आप बाजार में मिलने वाले लिप बाम के बजाय घर पर कुछ तैयार करना चाहती हैं, तो कुछ आसान विकल्प आजमा सकती हैं. आइए जानते हैं पांच ऐसे लिप बाम के बारे में, जिन्हें घर पर कम सामग्री से बनाया जा सकता है.

1. शिया बटर से बनाएं सॉफ्ट लिप बाम-
शिया बटर त्वचा को मुलायम रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. इससे लिप बाम बनाने के लिए एक छोटी चम्मच शिया बटर लें. इसमें आधी छोटी चम्मच नारियल तेल मिलाएं. दोनों को हल्की गर्मी देकर पिघला लें और अच्छी तरह मिला दें. मिश्रण ठंडा होने पर किसी साफ और सूखे डिब्बे में भर लें. जमने के बाद इसे जरूरत के अनुसार होंठों पर लगाएं.

2. नारियल तेल से तैयार करें लिप बाम-
नारियल तेल घर में आसानी से मिल जाता है. इसे लिप बाम की तरह इस्तेमाल करने के लिए थोड़ी मात्रा में शुद्ध नारियल तेल लें और साफ डिब्बी में रख लें. होंठों पर इसकी हल्की परत लगाएं. अगर आपको नारियल तेल से खुजली या जलन होती है, तो इसका इस्तेमाल न करें.

3. बीवैक्स से बनाएं लिप बाम-
अगर आपके पास बीवैक्स यानी मधुमक्खी के छत्ते से मिलने वाला मोम उपलब्ध है, तो इससे लिप बाम तैयार कर सकती हैं. एक छोटी चम्मच बीवैक्स में दो छोटी चम्मच नारियल तेल मिलाएं. इसे हल्की गर्मी देकर पिघलाएं. मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर साफ डिब्बी में डाल दें. ठंडा होने पर यह जम जाएगा. इसे होंठों पर लगाने से नमी बनाए रखने में मदद मिल सकती है. बीवैक्स से एलर्जी हो तो इसका इस्तेमाल न करें.

4. कोको बटर से बनाएं मॉइस्चराइजिंग बाम
कोको बटर का इस्तेमाल त्वचा की देखभाल करने वाले कई उत्पादों में किया जाता है. घर पर इसका लिप बाम बनाने के लिए एक छोटी चम्मच कोको बटर और आधी छोटी चम्मच नारियल तेल लें. दोनों को हल्का गर्म करके पिघलाएं और अच्छी तरह मिला लें. अब इसे साफ डिब्बी में भरकर ठंडा होने दें. जमने के बाद जरूरत पड़ने पर होंठों पर लगाएं.

5. बादाम तेल से करें होंठों की देखभाल
बादाम तेल भी त्वचा को मुलायम रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. इसके लिए आधी छोटी चम्मच बादाम तेल में एक छोटी चम्मच शिया बटर मिलाएं. दोनों को हल्की गर्मी देकर पिघलाएं और अच्छी तरह मिक्स करें. ठंडा होने पर इसे साफ डिब्बी में रख लें. अगर आपको बादाम या दूसरे नट्स से एलर्जी है, तो इस विकल्प को न आजमाएं.

लिप बाम लगाते समय इन बातों का रखें ध्यान-
घर पर लिप बाम बनाते समय साफ-सफाई का खास ध्यान रखें. सभी सामग्री और डिब्बी साफ व सूखी होनी चाहिए. तैयार बाम को ठंडी और साफ जगह पर रखें और उसमें गंदे हाथ न डालें. इस्तेमाल से पहले त्वचा के छोटे हिस्से पर लगाकर देख लें. अगर जलन, खुजली या सूजन हो, तो इसे लगाना बंद कर दें.

फटे होंठों पर नींबू, पुदीना, मेंथॉल, कपूर या तेज खुशबू वाले उत्पाद लगाने से बचें. चीनी से जोर-जोर से स्क्रब करना और पपड़ी खींचना भी ठीक नहीं है. दिन में बाहर निकलते समय SPF 30 या उससे अधिक वाला लिप बाम लगाएं. धूप में रहने पर इसे करीब हर दो घंटे में दोबारा लगाएं.

कब डॉक्टर से सलाह लें?
अगर होंठों पर गहरी दरारें पड़ रही हैं, बार-बार खून निकलता है या सूजन और दर्द बना रहता है, तो त्वचा विशेषज्ञ से मिलें. दो से तीन हफ्ते तक देखभाल करने के बाद भी आराम न मिले, तब भी डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर है. कई बार लगातार फटे होंठों की वजह सिर्फ सर्दियों का मौसम नहीं, बल्कि एलर्जी या दूसरी समस्या भी हो सकती है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related