नई दिल्ली. जब किसी लीग की पहचान सिर्फ उसके ग्लैमर, पैसों या सितारों से नहीं, बल्कि खेल की गुणवत्ता से बनती है, तब वह समय की कसौटी पर खरी उतरती है. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ने पिछले 18 वर्षों में यही साबित किया यह सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि क्रिकेट का उत्सव है लेकिन अब, जब खेल का संतुलन बिगड़ता दिख रहा है, तो सवाल उठना लाज़िमी है क्या IPL अपने मूल से भटक रहा है?
IPL इतने सालों तक सफल क्यों रहा? आखिर क्यों फैंस हर साल स्टेडियम में उमड़ पड़ते हैं और ब्रांड्स लगातार इससे जुड़े रहते हैं? इसका सबसे बड़ा कारण है क्रिकेट की गुणवत्ता. 2008 से 2025 तक के 18 सीज़न में खेल की आत्मा हमेशा केंद्र में रही यही IPL की सबसे बड़ी ताकत थी.
बल्लेबाजों का बनता आईपीएल
2026 में तस्वीर बदलती नजर आ रही है. अचानक सब कुछ सिर्फ बल्लेबाज़ों के इर्द-गिर्द सिमट गया है. हाल ही में एक ही दिन में 40 ओवर में 985 रन बन गए 265 और 228 जैसे बड़े स्कोर आसानी से चेज़ हो गए. केएल राहुल और वैभव सूर्यवंशी के शतक भी बेकार चले गए. अब कोई भी स्कोर सुरक्षित नहीं लगता और गेंदबाज़ महज दर्शक बनकर रह गए हैं, जो सिर्फ चौके-छक्के खाने के लिए गेंद डाल रहे हैं.
सच्चाई यह है कि यह क्रिकेट के मूल स्वरूप के साथ समझौता है. यह लंबे समय तक नहीं चल सकता. कुछ दर्शकों को भले ही यह मनोरंजक लगे, लेकिन जो लोग खेल को समझते हैं, वे इस एकतरफा और यांत्रिक बदलाव को स्वीकार नहीं करेंगे. ऐसा लगता है जैसे प्लास्टिक की गेंद से खेल हो रहा हो, जहां सिर्फ छक्के मारना ही मकसद रह गया है.
एकतरफा पिचों से हो रहा है नुकसान
कई क्रिकेट जानकार इसलिए फैंस के निशाने पर आ गए क्योंकि उन्होने दिल्ली के जीत की भविष्यवाणी कर दी थी और पंजाब जीत गई लेकिन सच यह है कि बड़ी संख्या में फैंस अब इस पर सवाल उठा रहे हैं. अब समय आ गया है कि BCCI इस पर गंभीरता से विचार करे। IPL की सफलता न तो सिर्फ ललित मोदी की वजह से है, न ही BCCI, टीम मालिकों या सितारों की वजह से. सचिन के बाद कोहली और रोहित आए, और अब वैभव, अभिषेक शर्मा और प्रियंश आर्य जैसे खिलाड़ी उभर रहे हैं.
IPL इसलिए टिका क्योंकि इसका आधार मजबूत था बल्ले और गेंद के बीच संतुलित मुकाबला लेकिन अब यही नींव कमजोर हो रही है. आप नहीं चाहते कि पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड, अर्शदीप सिंह या जोफ्रा आर्चर जैसे गेंदबाज़ों को ऐसे छक्के पड़ें जैसे यह कोई बच्चों का खेल हो. आप नहीं चाहते कि 18 गेंदों में अर्धशतक बनाना आम बात हो जाए और इससे कम को धीमा माना जाए. आप नहीं चाहते कि 150 रन की पारी भी बेकार चली जाए या गेंदबाज़ हर दिन मैदान में उतरने से पहले ही मानसिक दबाव में हों.
गेंदबाजों पर से उठता विश्वास
कई एक्सपर्ट्स इस स्थिति से निराश है. कल रात राजस्थान की पारी के बाद ही कई लोगों टीवी बंद कर दिया, क्योंकि अंदाजा था कि वही दोहराव देखने को मिलेगा जो दिल्ली में हुआ. कौन टीम जीतती है, इससे फर्क नहीं पड़ता असली हार इस वक्त खेल की हो रही है, और IPL इसे नजरअंदाज नहीं कर सकता. इतनी बड़ी ब्रांड वैल्यू और स्पॉन्सर्स के पीछे असल में यही खेल है अगर यही प्रभावित हुआ, तो IPL भी टिक नहीं पाएगा. अब वक्त है यथार्थ को स्वीकारने का और गेंदबाज़ों को मजबूत करने का. क्या हमें बाउंड्री बड़ी करनी चाहिए? क्या दो बाउंसर की अनुमति देनी चाहिए? क्या एक अतिरिक्त फील्डर बाहर रखना चाहिए या पावरप्ले को 6 से घटाकर 5 ओवर करना चाहिए? जो भी फैसला हो, हमें गेंदबाज़ों को बचाना होगा क्योंकि अगर गेंदबाज़ नहीं बचे, तो न खेल बचेगा और न ही IPL.


