नई दिल्ली: ईशान किशन की तूफानी बल्लेबाजी के बाद डेब्यूडेंट प्रफुल्ल हिंगे और शाकिब हुसैन की घातक गेंदबाजी से सनराइजर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 59 रन से हरा दिया. आईपीएल 2026 के 21वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर सनराइजर्स को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स ने ईशान किशन की 91 रनों की बेहतरीन पारी से निर्धारित 20 ओवर के खेल में 216 रन का स्कोर खड़ा किया.
इसके जवाब में रास्थान की टीम 19 ओवर में 159 रन ही बना पाई. इस तरह सनराइजर्स की टीम ने इस सीजन में अपनी दूसरी जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स के विजयी अभियान को रोक दिया. राजस्थान की पांच मैचों में ये पहली हार है. वहीं ईशान किशन की अगुवाई वाली सनराइजर्स एक बार फिर से जीत की पटरी पर लौटते हुए दिख रही है.
प्रफुल्ल हिंगे पहले ही ओवर में बरपा दिया कहर
सनराइजर्स के खिलाफ 217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम पहले ही ओवर में बैकफुट आ गई. टीम के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने पारी की दूसरी ही गेंद पर प्रफुल्ल हिंगे के खिलाफ अपना विकेट गंवा दिया. वैभव के बाद उसी ओवर में प्रफुल्ल ने ध्रुव जुरेल और ड्वेन प्रीटोरियस को भी चलता कर दिया.
ये तीनों ही बल्लेबाज अपना खाता नहीं खोल पाए. प्रफुल्ल की पहले ओवर के कहर से राजस्थान अभी उबरी भी नहीं पाई थी कि दूसरे डेब्यूडेंट शाकिब हुसैन ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर दिया. इसके बाद अपने स्पेल का दूसरा ओवर करने प्रफुल्ल ने राजस्थान के कप्तान रियान पराग को चलता स्कोर को 9 रन पर 5 विकेट कर दिया.
रविंद्र जडेजा और डोनोवन फरेरा ने बचाया सम्मान
10 रन के भीतर 5 विकेट गंवाने के बाद ऐसा लगा कि राजस्थान की टीम मुश्किल से 50 रन के आंकड़े को पार पाएगी, लेकिन मिडिल ऑर्डर में टीम के लिए रविंद्र जडेजा और डोनोवन फरेरा ने मिलकर स्कोर को 100 के पार कराया. राजस्थान के लिए फरेरा ने 44 गेंद में 69 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के भी लगाए. इसके अलावा रविंद्र जडेजा ने 32 गेंद में 42 रनों का योगदान दिया. इन दोनों के अलावा सिर्फ तुषार देशपांडे राजस्थान के लिए दहाई के आंकड़े को पार किया.
डेब्यू में ही प्रफुल्ल और शाकिब ने बपराया कहर
सनराइजर्स के लिए गेंदबाजी में प्रफुल्ल हिंगे और शाकिब हुसैन ने अपनी दमदार गेंदबाजी से कहर बरपा दिया. इन दोनों ही खिलाड़ियों ने सनराइजर्स के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया. प्रफुल्ल ने सनराइजर्स के लिए अपने चार ओवर के स्पेल में 34 रन देकर 4 विकेट हासिल किए.
प्रफुल्ल आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे गेंदबाज बने हैं, जिन्होंने डेब्यू मैच के पहले ही ओवर में तीन विकेट लेने का कारनामा किया. इसके अलावा शाकिब हुसैन ने भी दमदार गेंदबाजी. शाकिब ने सनराइजर्स के लिए अपने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए. इन दोनों के अलावा सनराइजर्स की तरफ से ईशान मलिंगा के खाथे में भी 2 विकेट आया.
ईशान-क्लासेन ने SRH के लिए दमदार बल्लेबाजी
राजस्थान के लिए खिलाफ सनराइजर्स की बल्लेबाजी की बात करें तो शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. अभिषेक शर्मा पारी की पहली गेंद पर आउट हो गए थे. हालांकि, उसके बाद टीम के लिए कप्तान ईशान किशन ने 44 गेंदों में 91 रन की आतिशी पारी खेली. इसके बाद आखिरी ओवरों में नीतीश कुमार रेड्डी और सलिल अरोड़ा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से टीम के स्कोर को 6 विकेट पर 216 रन तक पहुंचाया.
किशन ने अपनी पारी में आठ चौके और छह छक्के लगाने के अलावा हेनरिच क्लासेन (26 गेंदों में 40 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 88 रन की अहम साझेदारी की.आखिरी ओवरों में रेड्डी ने महज 13 गेंदों पर 28 रन ठोककर रनगति को और तेज किया, जबकि अरोड़ा ने 13 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.


