Last Updated:
Saharanpur Heritage Trees: अगर आप इतिहास और प्रकृति से प्रेम करते हैं, तो सहारनपुर का कंपनी बाग किसी जीवित संग्रहालय से कम नहीं है. मुगल और ब्रिटिश काल की यादों को अपने तनों और शाखाओं में समेटे ये सैकड़ों साल पुराने विशालकाय वृक्ष आज भी पूरी शान से खड़े हैं. उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ‘विरासत वृक्ष’ घोषित किए गए इन 10 दुर्लभ पेड़ों में से किसी को ईंटों के सहारे बचाया जा रहा है, तो किसी की छाल गंभीर बीमारियों का रामबाण इलाज है. आइए जानते हैं सदियों पुराने इन ऐतिहासिक पेड़ों की दिलचस्प कहानी.
सहारनपुर का एक गार्डन आज भी ब्रिटिश काल में लगाए गए पेड़ों का संग्रहालय है. जहां पर सैकड़ों साल पुराने पेड़ आज भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. यहां पर घूमने आने वाले लोग अक्सर इन पेड़ों के साथ फोटो शूट कराते हैं और उद्यान विभाग ने इन पेड़ों को बड़े ही प्यार भाव से संभाल कर रखा है. इनकी देखरेख के लिए कर्मचारी भी लगाए गए हैं. इस खबर में हम आपको बताएंगे कौन-कौन से ऐसे पेड़ हैं जिनका संग्रहालय उद्यान विभाग केंद्र में आज भी मौजूद है.
मुगलों के दौर में सहारनपुर शहर के बीचों-बीच बसाए गए नेताजी सुभाष चंद्र बोस उद्यान (कंपनी बाग) में एक से बढ़कर एक पेड़ हैं. यहां पर जड़ी-बूटियों और औषधियों का भी खजाना है. कंपनी गार्डन में 10 ऐसे पेड़ हैं, जिन्हें सरकार द्वारा विरासत वृक्ष घोषित किया गया है. इनको संरक्षित करने के लिए तमाम तरह के प्रयास किए जा रहे हैं.
सहारनपुर के कंपनी गार्डन में एक अनोखा साइकस का पेड़ है. जिसकी उम्र करीब 300 साल से भी अधिक बताई जाती है. सरकार द्वारा घोषित इस विरासत वृक्ष की हिफाज़त के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. यह पेड़ ऐतिहासिक धरोहर माना जाता है. इस धरोहर को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. गुलदस्ते जैसा दिखाई देने वाला यह पेड़ काफी फैला हुआ है. पेड़ की शाखाएं जमीन पर गिरकर नष्ट न हो जाएं, इसलिए इसमें ईंटों के पिलर लगाए गए हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ऐतिहासिक धरोहर माने जाने वाले इन पेड़ों की उम्र 100 साल से ज्यादा है. इन्हीं दस वृक्षों में साइकस का पेड़ शामिल है. इसकी उम्र करीब 300 साल की बताई जाती है. कहा जाता है यह पेड़ मुगलों के दौर का है. तीन सौ साल पुराने ऐतिहासिक धरोहर माने जाने वाले साइकस के पेड़ को बचाने के लिए ऐसे देखभाल की जा रही है.
प्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक और बुजुर्ग हो चुके पेड़ों को संरक्षित करने के लिए अभियान चलाया था. इसके लिए सभी जिलों से पेड़ों की सूची मांगी गई थी, जो कम से कम 100 साल की उम्र पार कर चुके हैं. सरकार के निर्देश के बाद सहारनपुर वन विभाग ने कंपनी बाग (नेताजी सुभाषचंद्र गार्डन) में खड़े 10 पेड़ों बरगद, पीपल, नीम, महोगनी, अर्जुन, साल, जामुन, महुआ, इमली व पिलखन के पेड़ का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था. शासन से इन सभी पेड़ों को हेरिटेज ट्री घोषित कर दिया. जिसके बाद सभी वृक्षों को संरक्षित किया जा रहा है.
कंपनी बाग में मौजूद 150 साल पहले अंग्रेजी शासनकाल में बरगद का पेड़ लगाया गया था. बरगद के पेड़ को अक्षय वट भी कहा जाता है. यह त्रिमूर्ति का प्रतीक माना जाता है. साथ ही हिंदू धर्म में इसका खासा महत्व है. इस पेड़ से जुड़ी एक और कहानी है. बताया जाता है अंग्रेजी शासनकाल में व्यापारी लोग इस पेड़ के नीचे व्यापार करते थे. जिस कारण इस पेड़ को बनिया ट्री कहा जाने लगा था.
कंपनी गार्डन में लगा महोगनी मूल रूप से अमेरिका के जंगल में पाया जाने वाला पेड़ है. यह अंग्रेजों के साथ ही भारत आया था. इसकी लकड़ी अत्यधिक मजबूत और भूकंपरोधी होती है. अंग्रेजों ने भवन निर्माण के लिए इस पेड़ का रोपण किया था. करीब 135 साल पहले सहारनपुर में भी अंग्रेजों ने महोगनी के पेड़ लगाए थे. जिनमें यह पेड़ आज भी मौजूद है.
कंपनी बाग में खड़ा साल का वृक्ष भी करीब 110 वर्ष पुराना है. साल की लकड़ी का प्रयोग इमारत बनाने में किया जाता है. अंग्रेजी शासनकाल में रेलवे लाइन के स्लीपर बनाने में साल की लकड़ी सबसे अधिक प्रयोग में लाई जाती थी. जबकि गार्डन में लगा अर्जुन का पेड़ भी औषधीय पेड़ है. जिसकी उम्र भी 120 साल है. खास तौर पर इसकी छाल को उबालकर पीने से हृदय रोग और मोटापे से राहत मिलती है. साथ ही हाई ब्लडप्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को भी कम करती है.
