₹200000000000 का मेगा प्लान, यूपी में बिजली उत्पादन को नई रफ्तार, यूपी में NTPC, IOCL, Coal India करेंगी निवेश

Date:


₹2 Trillion Investment in UP: उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा क्षेत्र को एक नई और ऐतिहासिक रफ्तार मिलने वाली है. केंद्र सरकार के अंतर्गत आने वाले प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) ने यूपी के थर्मल और क्लीन एनर्जी सेक्टर में पूरे 2 लाख करोड़ रुपये (₹2 ट्रिलियन) का बंपर निवेश करने का फैसला किया है. इस महा-निवेश से न केवल राज्य में बिजली का उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे.

इस ऐतिहासिक निवेश को हरी झंडी दिखाने वाली कंपनियों में देश की सबसे बड़ी और नामी कंपनियां शामिल हैं. इनमें NTPC लिमिटेड, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL), कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) जैसी दिग्गज महारत्न और नवरत्न कंपनियां शामिल हैं.

प्रयागराज के मेजा में बड़ा विस्तार
निवेश के बड़े प्रोजेक्ट्स की बात करें तो, NTPC लिमिटेड का उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम (UPRVUN) के साथ प्रयागराज की मेजा तहसील में 50:50 की हिस्सेदारी वाला एक अहम जॉइंट वेंचर पहले से ही चल रहा है. यहां मौजूद कोयला आधारित मेजा थर्मल पावर स्टेशन की वर्तमान क्षमता 1,320 मेगावाट (MW) है. अब मेजा चरण-II विस्तार परियोजना के तहत 2,400 मेगावाट की अतिरिक्त क्षमता को मंजूरी मिल गई है. इस अकेले विस्तार प्रोजेक्ट में 33,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा.

वहीं दूसरी ओर, स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में कदम बढ़ाते हुए IOCL की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी टेरा क्लीन लिमिटेड (TeCL) ने भी राज्य में नई और हरित ऊर्जा (Green Energy) से जुड़े कई अहम प्रस्ताव रखे हैं.

निजी कंपनियों का भी बढ़ा रुझान
अधिकारियों के मुताबिक, राज्य की निवेश संवर्धन एजेंसी ‘इन्वेस्ट यूपी’ (Invest UP) के पास सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की कंपनियों की ओर से ऊर्जा और बिजली से जुड़े प्रोजेक्ट्स की एक मजबूत पाइपलाइन मौजूद है, जो 6 लाख करोड़ रुपये (₹6 ट्रिलियन) से अधिक की है. सरकारी कंपनियों के अलावा AM ग्रीन एनर्जी, अप सिन-गैस और अडानी एटॉमिक एनर्जी जैसी बड़ी प्राइवेट कंपनियां भी यूपी में पैसा लगाने के लिए कतार में हैं.

इंडियन इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (IEEMA) के अध्यक्ष (निर्वाचित) हरटेक सिंह का कहना है कि उत्तर प्रदेश ने 22,000 मेगावाट ग्रीन एनर्जी का महत्वकांक्षी लक्ष्य रखा है. यूपी में सुधरते इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स ईकोसिस्टम ने निवेशकों को आकर्षित किया है, जिससे आने वाले समय में नई ऊर्जा क्षेत्र को और बढ़ावा मिलेगा.

ग्रेटर नोएडा में होगा ELECRAMA 2027
ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते इसी महत्व को देखते हुए IEEMA ने ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 20 से 24 फरवरी 2027 तक अपना वार्षिक वैश्विक शो ‘इलेक्ट्रमा 2027’ (ELECRAMA 2027) आयोजित करने की घोषणा की है. IEEMA (उत्तरी क्षेत्र) के चेयरमैन इम्तियाज सिद्दीकी ने बताया कि इस मेगा इवेंट में जर्मनी पार्टनर देश होगा, जबकि अमेरिका और यूरोप समेत कई देशों की नामी कंपनियां हिस्सा लेंगी. इस शो में 1,100 से अधिक प्रदर्शक होंगे और 5 लाख से ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है, जो यूपी के बिजनेस ईकोसिस्टम के लिए एक बड़ी छलांग साबित होगा.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related