23 साल की काइली पुली (Kiley Pulley) ने साबित कर दिया कि शानदार करियर के लिए सिर्फ बड़ी डिग्री नहीं, बल्कि विजन और लगन चाहिए. 16 साल की उम्र में कुछ एक्स्ट्रा पॉकेट मनी कमाने के लिए वॉलमार्ट में कैशियर की नौकरी शुरू करने वालीं काइली आज अमेरिका में इस रिटेल दिग्गज की सबसे कम उम्र की स्टोर मैनेजर हैं. कॉलेज बीच में ही छोड़ने के बावजूद आज वह सिक्स-फिगर की शानदार सैलरी ले रही हैं.
सिर्फ करियर ही नहीं, काइली ने इतनी कम उम्र में अपना पहला घर भी खरीद लिया है और अब अपनी शादी की तैयारी कर रही हैं. फॉर्च्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, वह बिना कोई कर्ज लिए अपनी शादी का पूरा खर्च खुद उठाना चाहती हैं. युवाओं के लिए उनका संदेश बिल्कुल साफ है. वे कहती हैं कि इस बात का इंतजार मत करो कि कोई आकर तुम्हें मौका देगा. आगे बढ़ो और उसे खुद हासिल करो.
कैसा रहा काइली का सफर?
काइली ने 2019 में हाई स्कूल के दौरान वॉलमार्ट में पार्ट-टाइम नौकरी शुरू की थी. उनकी मां और बहन पहले से वहां काम करती थीं, जिससे उन्हें भी यहां जुड़ने की प्रेरणा मिली.
18 साल की उम्र में उन्हें एकेडमी ट्रेनर बना दिया गया, जहां वह नए कर्मचारियों को ट्रेनिंग देती थीं. उन्होंने ग्रैंड कैन्यन यूनिवर्सिटी में एडमिशन तो लिया, लेकिन जब वॉलमार्ट में उन्हें ‘टीम लीड’ का प्रमोशन मिला, तो उन्होंने फुल-टाइम सैलरीड करियर चुनने के लिए कॉलेज छोड़ दिया.
19 साल की उम्र में वह ऑपरेशंस मैनेजर बनीं और महज 21 साल की उम्र में स्टोर मैनेजर के पद तक पहुंच गईं. फिलहाल वह एरिजोना के ग्लेनडेल में वॉलमार्ट के एक स्टोर का पूरा कामकाज संभाल रही हैं.
कामयाबी का राज क्या है?
बिजनेस इनसाइडर को दिए इंटरव्यू में काइली ने बताया कि उनकी तेज ग्रोथ का कारण हमेशा नई चीजें सीखने के लिए आगे रहना रहा है. उन्होंने सिर्फ अपनी तय ड्यूटी नहीं की, बल्कि सीनियर्स से सीखा, मैनेजमेंट की मीटिंग्स में हिस्सा लिया, दूसरे स्टोर्स के प्रोजेक्ट्स संभाले और जरूरत पड़ने पर स्टोर मैनेजर्स की जगह भी काम किया. वॉलमार्ट के फीनिक्स मार्केट मैनेजर रे शाउस ने भी उनके इस समर्पण और काम के प्रति उनके जुनून की जमकर तारीफ की है.
कदम अभी थमे नहीं
काइली रुकी नहीं हैं. वह अब वॉलमार्ट के ट्यूशन-असिस्टेंस प्रोग्राम के जरिए अपनी आगे की पढ़ाई पूरी कर रही हैं. उनका लक्ष्य 27 या 28 साल की उम्र तक ‘मार्केट मैनेजर’ बनना और फिर रीजनल लीडरशिप तक पहुंचना है.
