8.7 C
Munich

PBKS vs MI Match Report: पंजाब किंग्स की लगातार पांचवीं हार, तिलक वर्मा की आतिशी पारी से मुंबई की चौथी जीत

Must read


नई दिल्ली. मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया.तिलक वर्मा की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर मुंबई ने 12 मैचों में अपनी चौथी जीत दर्ज की, जबकि इस हार के साथ पंजाब किंग्स की मुश्किलें और बढ़ गई हैं, जिन्हें टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा है.  मुंबई की जीत के हीरो रहे तिलक वर्मा, जिन्होंने 33 गेंदों पर छह चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 75 रन की पारी खेली वहीं विल जैक्स 10 गेंदों पर 25 रन बनाकर नाबाद लौटे.

201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रायन रिकलटन ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी. रिकलटन ने महज 23 गेंदों में 48 रन कूट दिए. रोहित शर्मा (25) के आउट होने के बाद मैच का पूरा जिम्मा तिलक वर्मा ने अपने कंधों पर ले लिया. तिलक ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और केवल 33 गेंदों पर नाबाद 75 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली. उनकी इस पारी में 6 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे.

तिलक वर्मा ने अकेले अपने दम पर मुंबई को दिलाई जीत.

आखिरी ओवर का रोमांच
मैच के अंतिम ओवर में मुंबई को जीत के लिए 15 रनों की दरकार थी और गेंद जेवियर बार्टलेट के हाथ में थी.

19.1 ओवर: विल जैक्स ने पहली ही गेंद पर शानदार छक्का जड़कर दबाव पंजाब पर डाल दिया.

19.2 ओवर: जैक्स ने सिंगल लेकर स्ट्राइक तिलक को दी.

19.3 ओवर: बार्टलेट ने वापसी की और तिलक को कोई रन नहीं बनाने दिया. समीकरण अब 3 गेंद पर 8 रन था.

19.4 ओवर: तिलक वर्मा ने धीमी शॉर्ट गेंद को कवर के ऊपर से छक्के के लिए भेजकर मैच मुंबई की झोली में डाल दिया.

19.5 ओवर: अगली गेंद पर तिलक ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर से एक और छक्का लगाकर मुंबई को 1 गेंद शेष रहते जीत दिला दी. पंजाब की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने 2 विकेट लिए, लेकिन उनके अन्य गेंदबाज तिलक वर्मा के तूफान को रोकने में नाकाम रहे. इस जीत के साथ मुंबई ने टूर्नामेंट में अपनी वापसी के संकेत दिए हैं.

पंजाब किंग्स ने 8 विकेट पर 200 रन बनाए
इससे पहले, प्रभसिमरन सिंह के अर्धशतक के बाद शार्दुल ठाकुर की धारदार गेंदबाजी बावजूद पंजाब किंग्स ने 8 विकेट पर 200 रन बनाए. प्रभसिमरन (57 रन, 32 गेंद, छह चौके, चार छक्के) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा प्रियांश आर्य (22) के साथ पहले विकेट के लिए 50 और कूपर कोनोली (21) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़कर पंजाब को ठोस मंच प्रदान किया लेकिन शार्दुल (39 रन पर चार विकेट) ने बीच के ओवरों में मुंबई को जोरदार वापसी दिलाई. दीपक चाहर ने भी 36 रन देकर दो विकेट चटकाए. अजमतुल्लाह उमरजई ने हालांकि अंत में 17 गेंद में दो चौकों और चार छक्कों से 38 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 200 रन तक पहुंचाया.

पंजाब ने 5.3 ओवर में 50 रन बना लिए थे
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे पंजाब किंग्स को प्रभसिमरन और प्रियांश आर्य (22) ने पहले विकेट के लिए 5.3 ओवर में 50 रन जोड़कर प्रभावी शुरुआत दिलाई. प्रियांश ने चाहर पर चौके से खाता खोला जबकि प्रभसिमरन ने मुंबई की कप्तानी कर रहे जसप्रीत बुमराह पर दो चौके मारे. प्रभसिमरन हालांकि इस बीच भाग्यशाली भी रहे जब स्लिप में नमन धीर ने उनका आसान कैच टपका दिया. प्रियांश ने भी बुमराह पर दो चौके मारे लेकिन चाहर की गेंद पर बोल्ड हो गए. प्रभसिमरन ने इस बीच शारदुल का स्वागत तीन चौकों के साथ किया. प्रभसिमरन को 28 रन के स्कोर पर दूसरा जीवनदान मिला जब कोर्बिन बॉश ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया. कूपर कोनोली ने आठवें ओवर में रघु शर्मा पर पारी का पहला छक्का जड़ा और फिर विल जैक्स पर भी दो चौके मारे.

प्रभसिमरन ने 29 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया
प्रभसिमरन ने भी रघु पर लगातार दो छक्के जड़े और फिर बॉश पर छक्के और एक रन के साथ 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. पंजाब के रनों का शतक 11वें ओवर में पूरा हुआ. शार्दुल ने इसके बाद प्रभसिमरन और कप्तान श्रेयस अय्यर (04) को तीन गेंद के भीतर आउट करके पंजाब को दोहरा झटका दिया. शार्दुल पर छक्का जड़ने के बाद प्रभसिमरन ने अगली गेंद पर शॉट दोहराने की कोशिश की लेकिन मिड विकेट पर बॉश को कैच दे बैठे. अय्यर ने शार्दुल पर चौके से खाता खोला लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गए.

राज बावा ने कोनोली को भेजा पवेलियन
राज बावा ने अगले ओवर में कोनोली (21) को बोल्ड करके पंजाब का स्कोर चार विकेट पर 111 रन किया. सूर्यांश शेडगे भी आठ रन बनाने के बाद शारदुल की गेंद पर बावा के हाथों लपके गए. अजमतुल्लाह उमरजई ने बॉश पर छक्का जड़ा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने शशांक सिंह (02) को एलबीडब्ल्यू कर दिया. पंजाब ने 15 ओवर में छह विकेट पर 135 रन बनाए. शार्दुल ने इसके बाद मार्को यानसेन (02) को भी एलबीडब्ल्यू आउट किया. पारी के 18वें ओवर में उमरजई (38) ने चाहर की लगातार गेंदों पर चौका और दो छक्के मारे लेकिन अगली गेंद पर जैक्स को कैच दे बैठे.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article