Last Updated:
Shreyas iyer statement: पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार को ‘कड़वा घूंट’ बताते हुए इसे एक शानदार मुकाबला करार दिया. उन्होंने विपक्षी बल्लेबाज तिलक वर्मा की फील्डिंग के साथ खेलने की कला की सराहना की. अय्यर ने अपनी टीम के खिलाड़ी अजमतुल्लाह की तारीफ करते हुए कहा कि उनके आक्रामक छक्कों ने ही टीम को 200 के स्कोर तक पहुंचाया. आगामी आरसीबी मैच पर उन्होंने स्पष्ट किया कि अब उनके लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति है और उन्हें जीत के लिए दो में से दो मैच जीतने होंगे.
श्रेयस अय्यर लगातार पांच हार के बाद हुए इमोशनल.
नई दिल्ली. शार्दुल ठाकुर की धारदार गेंदबाजी बाद तिलक वर्मा के तूफानी अर्धशतक से मुंबई इंडियंस पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराया.पंजाब की लगातार पांचवीं हार है. इस हार के बाद पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर का दर्द छलक पड़ा. श्रेयस ने कहा कि इस हार को पचा पाना बहुत मुश्किल है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अब अगले दोनों मैच उनके लिए करो या मरो की तरह है. उन दोनों मुकाबलों में उनकी टीम को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.पंजाब ने आईपीएल की मौजूदा सीजन में लगातार छह जीत से शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद टीम जीत की पटरी से उतर गई और लगातार पांच मैच हार गई.
पंजाब के 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्ले ऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी मुंबई की टीम ने तिलक वर्मा (75 रन, 33 गेंद, छह चौके, छह छक्के) के तेजतर्रार अर्धशतक और विल जैक्स (10 गेंद में नाबाद 25, दो चौके, दो छक्के) के साथ उनकी पांचवें विकेट की 20 गेंद में 56 रन की अटूट साझेदारी से 19.5 ओवर में चार विकेट पर 205 रन बनाकर जीत दर्ज की. सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन (48) ने भी उम्दा पारी खेली. तिलक ने शेरफेन रदरफोर्ड (20) के साथ भी चौथे विकेट के लिए 61 रन जोड़े.
श्रेयस अय्यर लगातार पांच हार के बाद हुए इमोशनल.
श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने इस हार को पचाना मुश्किल बताया, लेकिन उन्होंने किसी पर दोष मढ़ने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, ‘यह हार वाकई एक कड़वा घूंट पीने जैसी है, लेकिन मैं यहां किसी खास स्थिति की ओर इशारा नहीं करना चाहता क्योंकि यह क्रिकेट का एक शानदार और कड़ा मुकाबला था.’ अय्यर ने विपक्षी खिलाड़ी और अपनी टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा,’तिलक ने बेहतरीन बल्लेबाजी की. उन्होंने अपने शॉट्स का चयन बहुत समझदारी से किया और फील्ड के साथ बखूबी तालमेल बिठाया. इसका श्रेय उन्हें जाता है.’
इससे पहले सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह (57 रन, 32 गेंद, छह चौके, चार छक्के) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा प्रियांश आर्य (22) के साथ पहले विकेट के लिए 50 और कूपर कोनोली (21) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़कर पंजाब को ठोस मंच प्रदान किया लेकिन शार्दुल (39 रन पर चार विकेट) ने बीच के ओवरों में मुंबई को जोरदार वापसी दिलाई. दीपक चाहर ने भी 36 रन देकर दो विकेट चटकाए. अजमतुल्लाह उमरजई ने हालांकि अंत में 17 गेंद में दो चौकों और चार छक्कों से 38 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर आठ विकेट पर 200 रन तक पहुंचाया.
श्रेयस अय्यन ने अजमतुल्लाह उमरजई की तारीफ करते हुए कहा, ‘एक समय हम 170-180 रन के स्कोर की ओर देख रहे थे, लेकिन वहां से अजमत ने मैच का रुख हमारी तरफ मोड़ दिया. उन्होंने जिस तरह से स्कूप शॉट्स पर छक्के लगाए, उससे 16वें-17वें ओवर के बाद हमें लय मिली. टीम को 200 के स्कोर तक पहुंचाना उनके द्वारा किया गया एक सराहनीय प्रदर्शन था.’ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले को लेकर कप्तान ने कहा, ‘मैं अगले मौके के लिए पूरी तरह उत्साहित हूं. यह दोपहर का मैच है और अब हमें अपने अगले दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे. आने वाले ये दो मैच बेहद रोमांचक होने वाले हैं और मैं इनके लिए और इंतज़ार नहीं कर सकता.’
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


