Last Updated:
UP Politics: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बिहार की विकासशील इंसान पार्टी की भी एंट्री हो गई है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी ने निषाद वोट बैंक साधने के लिए यूपी 101 संकल्प यात्रा का ऐलान किया है. मुकेश साहनी ने मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ संजय निषाद को भी चुनौती दी है.
मुकेश साहनी ने मंत्री डॉ संजय निषाद को दिया चैलेंज
मिर्जापुर. 2027 यूपी विधानसभा चुनाव से बिहार की विकासशील इंसान पार्टी यानी VIP की एंट्री हुई है. संगठन को मजबूत करने के लिए VIP के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी ने यूपी का रुख किया है. मिर्जापुर में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी ने NDA की सहयोगी सजातीय निषाद पार्टी के ऊपर निशाना साधते हुए डॉ संजय निषाद को केवल सत्ता लोलुप बताया. उन्होंने कहा कि समाज को उसका अधिकार दिलाने की जगह केवल खुद कुर्सी पाकर परिवार को आगे बढ़ाने में लगे हैं. मुकेश साहनी ने हुंकार भरते हुए कहा कि 6 महीने में बीजेपी से निषाद आरक्षण दिलाए नहीं तो NDA को छोड़ दें. उन्होंने ऐलान किया कि आगामी 25 जुलाई से 101 दिन का संकल्प यात्रा पार्टी निकालेगी. मुकेश साहनी की यूपी में एंट्री से किसके वोट बैंक में लगेगी सेंध, अब इस पर भी चर्चा तेज हो गई हैं.
मिर्जापुर पहुंचे इंडिया गठबंधन में शामिल विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी ने NDA और उसके सहयोगी निषाद पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संजय निषाद हो या मुकेश साहनी अपने बल पर कोई नेता नहीं बनता. बल्कि समाज के समर्थन से ही नेता बनता है. आज संजय निषाद जी समाज के बल पर नेता बैठे हैं. अब वे समाज को भूल चुके हैं, और केवल अपनी कुर्सी और परिवार को आगे बढ़ाने में लगे हैं. आने वाले चुनाव में यह समाज एनडीए की सरकार को उखाड़ फेंकेगी. संजय निषाद को 6 महीने का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि वह निषादों को उनका अधिकार दिलाए नहीं तो NDA से अलग हो जाए. हमारे साथ आएं और इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनकर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाए. क्योंकि राहुल गांधी का सपना जातिगत आरक्षण को पूरा करना है. जिनकी जितनी संख्या होगी उनको उतना अधिकार मिलेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जातिगत जनगणना को शुरू कराए जाने पर कहा कि यह राहुल गांधी के सड़क पर उतरने के कारण संभव हो पाया है.
101 दिन की संकल्प यात्रा
मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए 25 जुलाई को वीरांगना फूलन देवी के शहादत दिवस से 101 दिन की ‘संकल्प यात्रा’ शुरू करने का ऐलान किया. यह यात्रा निषाद समाज को एकजुट करने और उनकी राजनीतिक ताकत से रूबरू कराने की होगी. यात्रा के दौरान सहनी गांव-गांव जाकर नारा लगाएंगे- “आरक्षण नहीं तो गठबंधन नहीं, गठबंधन नहीं तो भाजपा को वोट नहीं.”
बंगाल चुनाव पर क्या कहा
मुकेश साहनी ने कहा कि आज चुनाव हिंदू-मुस्लिम के नाम पर हो रहा है. विकास के नाम पर चुनाव नहीं हो रहा है. जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है. जनता के जनादेश को खरीदा जा रहा है. आज भाजपा जनता के जनादेश की विपरीत जाकर विधायकों और सांसदों को खरीद कर सरकार बना रही है. अगर ऐसा होता रहा तो अडानी-अंबानी देश को खरीद लेंगे. पश्चिम बंगाल के चुनाव में पूरे देश ने देखा किस तरीके से 3 लाख सैनिकों को उतार कर, काउंटिंग हाल को कब्जा कर, जनता के बीच पैसा बांटकर भाजपा ने सत्ता पर कब्जा किया.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें


