Agency:एजेंसियां
Last Updated:
देश के सबसे स्वच्छ शहरों की रैंकिंग में इस बार बड़ा बदलाव हुआ है. लगातार आठ साल तक नंबर वन रहने वाले इंदौर की बादशाहत चली गई और नवी मुंबई देश का सबसे स्वच्छ शहर बन गया. सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे नंबर पर रहे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार दिए. इंदौर को इस बार मेंटर सिटी की श्रेणी में दूसरा स्थान मिला. वहीं वाराणसी का नाम नदी किनारे बसे स्वच्छ शहरों की सूची में आया है. इस कैटेगरी में रीवा पहले और बिलासपुर दूसरे नंबर पर रहे. जानिए बाकी शहरों की रैंकिंग.
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नवी मुंबई ने इंदौर को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया. (फाइल फोटो)
देश के सबसे साफ शहरों की रेस में इस बार बड़ा उलटफेर हो गया है. लगातार आठ साल तक नंबर वन की कुर्सी पर कब्जा जमाने वाले इंदौर की बादशाहत खत्म हो गई है. केंद्र सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नवी मुंबई ने बाजी मार ली है. सूरत दूसरे और आंध्र प्रदेश का विजयवाड़ा तीसरे नंबर पर रहा. यानी इस बार देश के सबसे स्वच्छ शहर का तमगा मध्य प्रदेश के इंदौर के बजाय महाराष्ट्र के नवी मुंबई के नाम हो गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार प्रदान किए. इंदौर को इस बार अलग श्रेणी में रखा गया. ऐसे में सवाल है कि आखिर इंदौर को कौन सी जगह मिली और उत्तर प्रदेश के वाराणसी का नाम किस कैटेगरी में आया?
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में सिर्फ शहरों की सामान्य रैंकिंग नहीं हुई. केंद्र सरकार ने शहरों की आबादी और उनकी भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग श्रेणियां भी बनाई थीं. इसी वजह से नदी किनारे बसे शहरों और समुद्र तटीय इलाकों के लिए अलग पुरस्कार रखे गए. पहाड़ी शहरों का मूल्यांकन भी अलग तरीके से किया गया. मध्य प्रदेश ने इस सर्वेक्षण में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल नौ राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए. वहीं इंदौर को मेंटर सिटी की श्रेणी में जगह मिली. वाराणसी ने भी नदी किनारे बसे शहरों की श्रेणी में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. आइए जानते हैं इस बार किस शहर को कौन सा खिताब मिला और कहां किसने बाजी मारी.
नवी मुंबई ने छीना इंदौर से नंबर वन का ताज
स्वच्छ सर्वेक्षण के 10वें संस्करण में नवी मुंबई देश का सबसे स्वच्छ शहर बना है. इस श्रेणी में गुजरात के सूरत को दूसरा और आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा को तीसरा स्थान मिला. पिछले सर्वेक्षण में सुपर स्वच्छ लीग में इंदौर पहले नंबर पर था. सूरत दूसरे और नवी मुंबई तीसरे स्थान पर रहा था. इस बार नवी मुंबई ने लंबी छलांग लगाते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया. इंदौर को इस बार सामान्य शहरों की शीर्ष रैंकिंग से अलग रखा गया. लगातार आठ साल तक सबसे स्वच्छ शहर रहने के बाद अब उसे मेंटर सिटी की श्रेणी में शामिल किया गया है.
मेंटर सिटी की श्रेणी में अहमदाबाद पहले नंबर पर
इस बार स्वच्छ शहर जोड़ी पहल भी चर्चा में रही. इसके तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को मेंटर बनाया गया. उन्हें दूसरे शहरों को स्वच्छता के मामले में आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई. इस श्रेणी में अहमदाबाद पहले नंबर पर रहा. इंदौर को दूसरा और तिरुपति को तीसरा स्थान मिला. इनके साथ क्रमशः साणंद, देपालपुर और कुप्पम को मेंटी सिटी बनाया गया. यानी इंदौर को इस बार खुद सबसे आगे रहने के बजाय दूसरे शहर को बेहतर बनाने वाली भूमिका में रखा गया.
नदी किनारे बसे शहरों में रीवा पहले और वाराणसी तीसरे नंबर पर
नदी किनारे बसे शहरों के लिए भी अलग श्रेणी बनाई गई थी. इसमें मध्य प्रदेश के रीवा ने पहला स्थान हासिल किया. छत्तीसगढ़ का बिलासपुर दूसरे नंबर पर रहा. उत्तर प्रदेश के वाराणसी को तीसरा स्थान मिला. इस कैटेगरी में नदी किनारे के शहरी इलाकों की साफ-सफाई और प्रबंधन को ध्यान में रखकर मूल्यांकन किया गया. इस तरह वाराणसी देश का सबसे स्वच्छ शहर तो नहीं बना लेकिन रिवरफ्रंट शहरों की सूची में उसने तीसरी जगह हासिल की है.
समुद्र तटीय और पहाड़ी शहरों में किसने मारी बाजी?
स्वच्छ तटीय शहरों की श्रेणी में ओडिशा के पुरी ने पहला स्थान हासिल किया. केरल का अलाप्पुझा दूसरे और महाराष्ट्र का रत्नागिरी तीसरे नंबर पर रहा. वहीं हिमालयी शहरों की श्रेणी में उत्तराखंड के रुद्रपुर को पहला स्थान मिला. जम्मू दूसरे नंबर पर रहा. इन अलग-अलग श्रेणियों के जरिए उन शहरों को भी पहचान मिली जहां सफाई की चुनौतियां सामान्य शहरी इलाकों से अलग हैं.
बड़ी आबादी वाले शहरों में विशाखापत्तनम अव्वल
10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में ग्रेटर विशाखापत्तनम ने पहला स्थान हासिल किया. जबलपुर दूसरे और लखनऊ तीसरे नंबर पर रहा. वहीं 50 हजार से तीन लाख की आबादी वाले शहरों में मध्य प्रदेश के देवास को पहला स्थान मिला. नई दिल्ली नगर परिषद दूसरे और सागर तीसरे नंबर पर रहा. 20 हजार से 50 हजार की आबादी वाले शहरों में महाराष्ट्र के वीटा ने बाजी मारी. केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बताया कि सर्वेक्षण की पूरी स्कोर लिस्ट जल्द जारी की जाएगी.
मध्य प्रदेश का शानदार प्रदर्शन
इस बार मध्य प्रदेश के शहरों ने स्वच्छता सर्वेक्षण में शानदार प्रदर्शन किया. राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर कुल नौ पुरस्कार मिले. रीवा ने नदी किनारे बसे शहरों की श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया. देवास ने आबादी के आधार पर बनाई गई श्रेणी में बाजी मारी. इंदौर को मेंटर सिटी के रूप में सम्मान मिला. कुल मिलाकर इस बार सर्वेक्षण में इंदौर का लगातार चला आ रहा दबदबा जरूर टूटा है लेकिन शहर को नई भूमिका में सम्मान मिला है. नवी मुंबई ने देश के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब अपने नाम कर लिया है. वहीं वाराणसी ने रिवरफ्रंट श्रेणी में तीसरे स्थान के साथ अपनी जगह बनाई है.
