Badrinath Dham Panch Puja start 2026 badrinath dham kapats closing date and five days ritual | बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने से पहले शुरू हुई पंच पूजा

Date:


होमफोटोधर्म

बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने से पहले शुरू हुई पंच पूजा, जानिए ये 5 परंपराएं

Last Updated:

Badrinath Dham Panch Puja 2026: बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके तहत धाम में पारंपरिक पंच पूजा का आरंभ हो गया है. 5 दिनों तक चलने वाली इस विशेष धार्मिक प्रक्रिया में विभिन्न प्रकार की रस्में और अनुष्ठान पूरे किए जाते हैं. आइए जानते हैं कि इस पांच दिवसीय पंच पूजा के दौरान कौन-कौन सी मुख्य रस्में निभाई जाती हैं और इनका क्या महत्व होता है.

Badrinath Dham Panch Puja 2026: सर्दियों के मौसम में मंदिर के कपाट बंद होने से पहले गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में ‘पंच पूजा’ की शुरुआत हुई. पारंपरिक अनुष्ठानों के तहत कई धार्मिक रस्में निभाई जाएंगी. भगवान बद्री के कपाट 16 नवंबर दिन सोमवार की रात को 9 बजकर 37 मिनट पर बंद किए जाएंगे. 17 नवंबर को भगवान बद्री विशाल और अन्य देवी-देवताओं की पालकियां उनके शीतकालीन प्रवास (सर्दियों के निवास) के लिए रवाना होंगी. इसके साथ शीतकालीन तीर्थयात्रा की व्यवस्थाओं की शुरुआत हो जाएगी. हालांकि इससे पहले बाबा केदारनाथ धाम के कपाट के साथ-साथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट भी बंद हो गए हैं.

पहला दिन (भगवान गणेश की पूजा) 12 नवंबर दिन गुरुवार: मंदिर के वार्षिक समापन अनुष्ठानों के तहत पंच पूजा के पहले दिन मंदिर परिसर में स्थित श्री गणेश मंदिर के कपाट बंद किए जाते हैं. भगवान गणेश को अर्पित अनुष्ठान के बाद उनकी मूर्ति को मुख्य दरबार में व्यवस्थित किया जाता है.

दूसरा दिन (आदि केदारेश्वर और आदि शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद होना) 13 नवंबर दिन शुक्रवार: दूसरे दिन आदि केदारेश्वर मंदिर और जगतगुरु आदि शंकराचार्य के मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाते हैं, और भगवान शिव व गुरु शंकराचार्य का आह्वान किया जाता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

तीसरा दिन (खड्ग-पुस्तक पूजा और वेद वाचन बंद) 14 नवंबर दिन शनिवार: इस दिन खड्ग पुस्तक पूजा (धर्मग्रंथों की पूजा) संपन्न होती है. इसके साथ ही मंदिर के भीतर सर्दियों भर के लिए वेद ऋचाओं का पाठ और वाचन बंद कर दिया जाता है.

चौथा दिन (माता लक्ष्मी को आमंत्रण और कढ़ाई भोग) 15 नवंबर दिन रविवार: चौथे दिन मुख्य पुजारी (रावल) द्वारा माता लक्ष्मी जी को विशेष कढ़ाई भोग अर्पित किया जाता है. साथ ही, माता लक्ष्मी को भगवान बद्रीविशाल के मुख्य गर्भगृह में आकर उनके साथ विराजमान होने का निमंत्रण दिया जाता है.

पांचवां दिन (माता लक्ष्मी का प्रवेश और मुख्य कपाट बंद) 16 नवंबर दिन सोमवार: अंतिम दिन माता लक्ष्मी को बद्रीनाथ मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया जाता है, और भगवान उद्धव व कुबेर जी की मूर्तियां बाहर लाई जाती हैं. इसके बाद विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद कर दिए जाते हैं. इसके अगले दिन भगवान की उत्सव डोली उनके शीतकालीन प्रवास (पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ) के लिए रवाना होती है.

पंच पूजा पूरी होने के बाद 16 नवंबर दिन सोमवार को रात 9 बजकर 37 मिनट पर बद्रीनाथ धाम के मुख्य कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. 17 नवंबर दिन मंगलवार को भगवान उद्धव, भगवान कुबेर और आदि गुरु शंकराचार्य की मूर्तियों को लेकर पालकियां उनके निर्धारित शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी. भगवान बद्री विशाल की पालकी भी पांडुकेश्वर की ओर प्रस्थान करेगी. ये अनुष्ठान मंदिर के रावल, धर्माधिकारी और अन्य आचार्यों द्वारा संपन्न कराए जाएंगे. इस दौरान बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.

मंदिर समिति पंच पूजा और कपाट बंद करने की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर रही है. उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ, चार धाम सर्किट के चार प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है. यह छोटा चार धाम तीर्थ यात्रा सर्किट का भी एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और अपने पवित्र बद्रीनाथ मंदिर के लिए प्रसिद्ध है. इस साल बद्रीनाथ धाम में 22 लाख 70 हजार से अधिक भक्तों ने भगवान बद्रीनाथ के दर्शन कर पुण्य प्राप्त किया.

चार धाम में से तीन धाम गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम पहले ही शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं और अब बद्रीनाध धाम के कपाट बंद करने की प्रकिया शुरू हो गई हैं. बद्रीनाथ धाम के कपाट पंच पूजा के बाद ही बंद किए जाते हैं और यह पूजा पांच दिन तक चलती है. मान्यता है कि पंच पूजा के माध्यम से भगवान बद्रीनाथ की शीतकालीन विश्राम की परंपरा पूरी की जाती है.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍िया✅देखें.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related